पंजाब में बड़ा बवाल! 43 किसानों पर केस, 10 मृत लोगों के नाम भी FIR दर्ज

पंजाब में बड़ा बवाल! 43 किसानों पर केस, 10 मृत लोगों के नाम भी FIR दर्ज

पंजाब के फरीदकोट में नहरी पानी की कथित चोरी के मामले में 43 किसानों पर एफआईआर दर्ज की गई है. विवाद तब बढ़ गया जब सूची में करीब 10 ऐसे लोगों के नाम मिले, जिनकी कई साल पहले मौत हो चुकी है. किसानों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

पंजाब में हैरान करने वाला मामला (सांकेतिक फोटो)पंजाब में हैरान करने वाला मामला (सांकेतिक फोटो)
प्रेम पासी
  • Faridkot,
  • Jul 15, 2026,
  • Updated Jul 15, 2026, 9:02 AM IST

पंजाब के फरीदकोट जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. यहां के सुक्खनवाला और किला नौ गांवों के 43 किसानों के खिलाफ नहरी पानी की कथित चोरी का मामला दर्ज किया गया है. लेकिन इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिन लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें से करीब 10 लोगों की कई साल पहले ही मौत हो चुकी है. इसके बाद गांव के लोगों और किसानों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. अब यह मामला पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बन गया है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, धान की फसल की सिंचाई के लिए कुछ किसानों पर नहर से ज्यादा पानी लेने का आरोप लगाया गया है. जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने नहर में बने मोघों (छोटी पानी निकालने वाली जगह) के साथ छेड़छाड़ की. आरोप है कि ईंटें हटाकर और नहर की बनावट बदलकर खेतों की ओर जरूरत से ज्यादा पानी मोड़ा गया.

विभाग का कहना है कि ऐसा करने से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा और नियमों का उल्लंघन हुआ. इसी शिकायत के आधार पर हरिके नहर मंडल, फिरोजपुर के कार्यकारी अभियंता ने पुलिस को शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने 43 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.

मृत लोगों के नाम देखकर परिवार हुए परेशान

एफआईआर सामने आने के बाद गांव के लोगों ने दावा किया कि इसमें कई ऐसे लोगों के नाम हैं, जिनकी कई साल पहले ही मौत हो चुकी है. किसानों का कहना है कि बिना सही जांच किए यह कार्रवाई की गई है.

किसान बहादर सिंह ने बताया कि उनके पिता बलदेव सिंह का करीब आठ साल पहले निधन हो गया था. इसके बावजूद उनका नाम भी एफआईआर में शामिल कर दिया गया. उन्होंने कहा कि यह परिवार के लिए बहुत दुख की बात है. उनका कहना है कि गांव में ऐसे 8 से 10 लोग और भी हैं, जिनकी मौत पहले ही हो चुकी है, लेकिन उनके नाम भी केस में जोड़ दिए गए हैं.

किसानों ने डीसी से लगाई न्याय की गुहार

इस मामले के बाद दोनों गांवों के किसान फरीदकोट के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) राहुल चाबा से मिलने पहुंचे. किसानों ने उन्हें पूरी बात बताई और कहा कि निर्दोष लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए.

डीसी राहुल चाबा ने किसानों की बात सुनी और कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी. उन्होंने संबंधित एक्सईएन और एसएसपी को जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि किसी भी बेगुनाह व्यक्ति के खिलाफ गलत कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी.

राजनीति भी हुई तेज

इस मामले के सामने आने के बाद राजनीति भी शुरू हो गई है. फरीदकोट के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता कुशलदीप सिंह किकी ढिल्लों ने पंजाब सरकार से सवाल पूछा है कि जिन लोगों की कई साल पहले मौत हो चुकी है, उनके नाम एफआईआर में कैसे शामिल हो गए. उन्होंने कहा कि अगर जांच में गलती हुई है तो ऐसे लोगों के खिलाफ दर्ज केस तुरंत वापस लिया जाना चाहिए.

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार एक तरफ किसानों को नहरी पानी देने की बात करती है और दूसरी तरफ उन्हीं किसानों पर पानी चोरी का मामला दर्ज कर रही है. उनका कहना है कि यह किसानों के साथ अन्याय है.

राजा वड़िंग ने सरकार पर साधा निशाना

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सरकार की आलोचना की. उन्होंने लिखा कि पंजाब में कानून के बजाय बदले की राजनीति हो रही है.

राजा वड़िंग ने कहा कि जिन 43 लोगों पर मामला दर्ज हुआ है, उनमें करीब 10 लोगों की मौत हो चुकी है. उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोग कई साल पहले अपनी जमीन बेच चुके हैं या विदेश में रहते हैं. ऐसे में उनके खिलाफ केस दर्ज होना कई सवाल खड़े करता है.

उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और बेगुनाह लोगों को न्याय देने की मांग की है.

अब जांच रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है. जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है. यदि यह साबित होता है कि मृत लोगों के नाम गलती से एफआईआर में शामिल किए गए हैं, तो संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ सकते हैं. वहीं किसान और उनके परिवार उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही उन्हें न्याय मिलेगा और निर्दोष लोगों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: 

बंगाल की खाड़ी में बनेगा वेदर सिस्‍टम, इन राज्यों में होगी भारी बारिश, जानें देशभर के मौसम का हाल
अकोला खराब बीज विवाद: BJP विधायक ने कृषि विभाग पर उठाई उंगली, बोले- कंपनी पर हत्‍या का केस दर्ज हो

MORE NEWS

Read more!