अब नहीं फेंकना पड़ेगा छिलका, मटर की इस नई किस्म से मिलेगा डबल फायदा

अब नहीं फेंकना पड़ेगा छिलका, मटर की इस नई किस्म से मिलेगा डबल फायदा

भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के द्वारा मटर की एक नई किस्म विकसित की गई है. इस मटर के छिलकों में भी है भरपूर पोषण है. आईआईवीआर की ओर से विकसित नई किस्म में पूरी फली यानी दाने और छिलके दोनों खाने योग्य हैं. आइए जानते हैं इस किस्म की अन्य खासितयों के बारे में. 

मटर की खेतीमटर की खेती
धर्मेंद्र सिंह
  • Varanasi ,
  • Mar 22, 2026,
  • Updated Mar 22, 2026, 11:34 AM IST

आमतौर पर छिलके वाली मटर का दाना ही खाने में प्रयोग किया जाता है. मटर का छिलका या तो कचरे में फेंक दिया जाता है या पशुओं को खिला दिया जाता है. वहीं, अब भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के द्वारा इसका समाधान खोज लिया गया है. आईआईवीआर की ओर से विकसित नई किस्म ‘काशी तृप्ति’ में पूरी फली यानी दाने और छिलके दोनों खाने योग्य हैं. आइए जानते हैं इस किस्म की अन्य खासितयों के बारे में. 

छिलकों से भी बनेंगे स्वादिष्ट व्यंजन

काशी तृप्ति केवल मटर ही नहीं बल्कि स्वाद और सेहत से भरपूर है. इस किस्म की खासियत ये है कि इसके छिलके कोमल, कुरकुरे और बिना कठोर परत के होते हैं. इन्हें सलाद, सूप और स्टर-फ्राई जैसे व्यंजनों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे स्वाद के साथ-साथ पोषण भी बढ़ता है.

पोषण का खजाना है ये नई किस्म

‘काशी तृप्ति’ मटर प्रोटीन, विटामिन, आहार फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर है. पूरी फली खाने योग्य होने से शरीर को अधिक पोषक तत्व मिलते हैं. यह डायबिटीज, हृदय रोग और अन्य बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक मानी जाती है.

अब नहीं होगा छिलकों का नुकसान

सामान्य मटर में लगभग 40-45 फीसदी हिस्सा छिलकों के रूप में नष्ट हो जाता है, लेकिन इस नई किस्म में पूरी फली उपयोगी है. इससे भोजन की बर्बादी को रोकने से न केवल संसाधन बचेंगे, बल्कि लोगों को बेहतर और अधिक पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध हो सकेगा. 

पूर्वोत्तर राज्यों में बढ़ी मांग

संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के अनुसार, काशी तृप्ति मटर के बीज को मांग के अनुरूप विकसित किया जा रहा है. पूर्वोत्तर के राज्यों में इस मटर की खास मांग है क्योंकि वहां छिलकों के साथ मटर का ज्यादा प्रयोग किया जाता है. आने वाले समय में इस मटर का शहरी क्षेत्र में काफी विस्तार होगा. 

उत्पादन और अवधि की विशेषताएं

  • वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. ज्योति देवी के मुताबिक-
  • 50-56 दिन में फूल आ जाते हैं
  • 80-85 दिन में पहली तुड़ाई शुरू होती है
  • औसत उपज 95-100 कुंतल प्रति हेक्टेयर तक मिलती है

9 साल की मेहनत से तैयार

भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी की प्रधान वैज्ञानिक डॉ. ज्योति ने बताया इस किस्म को विकसित करने में लगभग 9 वर्ष का समय लगा. वैज्ञानिकों के अनुसार इसमें प्रोटीन की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जिससे यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है.

बाजार में कैसे करें इसकी पहचान 

काशी तृप्ति मटर बाजार में बिकने वाली दूसरी मटर से काफी अलग दिखाई देती हैं. यह मटर दिखने में चिपटी है.इसका बीज पूरी तरह से विकसित नहीं होता है जबकि दूसरी मटर पूरी तरह से फूली रहती है .उसके दाने विकसित होते हैं. इसलिए इस मटर को बीज को फली सहित खाया जा सकता है. इसका सलाद के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है जो सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद बताया गया है.

वैज्ञानिक विधि का किया गया इस्तेमाल

भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के निदेशक डॉ राजेश कुमार ने किसान तक को बताया ‘काशी तृप्ति’ को संकरण और वंशावली चयन पद्धति से तैयार किया गया है. इसमें लंबी, चौड़ी, हरी और बिना कठोर परत वाली फलियों का चयन किया गया, जिससे यह पूरी तरह खाने योग्य बन सकी.

MORE NEWS

Read more!