गुजरात के सूरत-डीसा में लाखों रुपये का मिलावटी घी जब्‍त, स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने दी बड़े एक्‍शन की चेतावनी

गुजरात के सूरत-डीसा में लाखों रुपये का मिलावटी घी जब्‍त, स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने दी बड़े एक्‍शन की चेतावनी

गुजरात में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन ने सूरत और बनासकांठा के डीसा में छापेमारी की. सूरत के कामरेज में बिना लाइसेंस नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री से 29.75 लाख रुपये से अधिक का घी और मिलावट में इस्तेमाल होने वाला पामोलिन व सोयाबीन तेल जब्त किया गया. डीसा में 6.22 लाख रुपये से अधिक कीमत का 987 लीटर संदिग्ध घी जब्त हुआ है.

Gujarat Fake Ghee ActionGujarat Fake Ghee Action
क‍िसान तक
  • Gandhinagar,
  • Aug 16, 2026,
  • Updated Aug 16, 2026, 4:04 PM IST

गुजरात फूड एंड ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने सूरत और डीसा में छापेमारी कर 35 लाख रुपये ज्‍यादा कीमत का संदिग्ध घी और मिलावटी तेल जब्त किया है. इसमें सूरत के कामरेज इलाके में एक ऐसी फैक्‍ट्री का पता चला है, जो बंद दरवाजे के पीछे असली उत्पाद के नाम पर नकली घी बना रही थी, जहा से 29.75 लाख रुपये से ज्‍यादा का जत्था जब्‍त किया गया तो वहीं, डीसा में दो कमर्शियल प्रतिष्ठानों से संदिग्ध घी के सैंपल लिए गए और 6.22 लाख रुपये से ज्‍यादा कीमत का 987 लीटर घी जब्त किया गया है.

बिना लाइसेंस बनाया जा रहा था मिलावटी घी

सूरत के फूड एंड ड्रग कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने कामरेज तालुका के धोरण पारडी में हिंदवा ड्रीम इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित नाम की फैक्ट्री पर छापा मारा, जहां पता चला कि फैक्ट्री का मालिक बिना किसी वैध लाइसेंस के बाहर से ताला लगाकर नकली और मिलावटी घी बना और पैक कर रहा था और उसे असली बताकर बाजार में बेच रहा था.

अधिकारियों ने इस जगह से गाय का 5,157 लीटर घी जब्त किया, जो अलग-अलग साइज में पैक था और जिसकी कीमत ₹26.12 लाख थी. इसके अलावा, मिलावट के लिए रखे गए 1,485 किलो पामोलिन तेल और 285 किलो सोयाबीन तेल, जिनकी कीमत ₹3.63 लाख को भी जब्त किया गया और सभी उत्पादों के सैंपल लिए गए.

डीसा में भी हुआ बड़ा एक्‍शन

इसके साथ ही, पालनपुर सर्कल की टीम ने डीसा में कई व्यापारियों पर छापेमारी की. जांच के दौरान संदिग्ध पाए गए कुल 987 लीटर घी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹6,22,200 को जब्त किया गया. इन सभी मामलों में, 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के तहत आधिकारिक नमूने लिए गए और उन्हें लैब में जांच के लिए भेजा गया है. साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्‍त कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है.

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री ने एक्‍शन पर कही ये बात 

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने कहा, "राज्य के नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी व्यक्ति या बिजनेस फर्म को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि खाने-पीने की चीजों में मिलावट करने वालों के खिलाफ चल रहे अभियान को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा."

बता दें कि जन-स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई करने के राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्लभाई पान्शेरिया के निर्देशों के बाद, खाद्य और औषधि नियंत्रण प्रशासन ने अपनी प्रवर्तन गतिविधियों को तेज कर दिया है. विभाग ने सूरत और बनासकांठा के डीसा में छापेमारी की और मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध घी और तेल की भारी मात्रा जब्त की है. (अतुल तिवारी की रिपोर्ट)

MORE NEWS

Read more!