
गुजरात के किसानों के लिए राज्य सरकार ने रबी सीजन को लेकर बड़ा फैसला लिया है. कृषि विभाग ने किसानों को सर्टिफाइड बीज, बीज मिनी किट और डेमोंस्ट्रेशन कंपोनेंट का लाभ देने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. किसान इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए i-Khedut पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की प्रक्रिया 4 अक्टूबर यानी आज से शुरू होकर 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगी.
गुजरात के कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के अंदर आवेदन कर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं. कृषि विभाग की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, रबी सीजन के दौरान किसानों को बेहतर और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये सुविधाएं दी जा रही हैं.
रबी सीजन में खेती की तैयारी कर रहे किसान सर्टिफाइड सीड, सीड मिनी किट और डेमोंस्ट्रेशन कंपोनेंट के तहत मिलने वाले लाभ के लिए i-Khedut पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए पोर्टल 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक कुल 12 दिनों के लिए खुला रहेगा. किसानों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन की प्रक्रिया को आखिरी तारीख तक न टालें और समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें. इससे उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
इसके साथ ही गुजरात सरकार ने खरीफ फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा भी बढ़ा दी है. पहले किसानों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर तय की गई थी. सरकार के मुताबिक, अलग-अलग सांसदों, विधायकों और किसान प्रतिनिधियों की ओर से रजिस्ट्रेशन की अवधि बढ़ाने को लेकर सुझाव दिए गए थे. इन मांगों पर विचार करने के बाद राज्य सरकार ने किसानों के हित में रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा 15 दिन बढ़ाने का फैसला किया है. अब राज्य के किसान 24 अक्टूबर 2026 तक MSP पर खरीफ फसलों की सरकारी खरीद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे.
बढ़ी हुई समय-सीमा के तहत किसान मूंगफली, मूंग, सोयाबीन और उड़द जैसी खरीफ फसलों की MSP पर सरकारी खरीद के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. सरकार का कहना है कि समय-सीमा बढ़ने से ज्यादा से ज्यादा किसानों को अपनी उपज की सरकारी खरीद व्यवस्था में शामिल होने का मौका मिलेगा. कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी ने गुजरात के किसानों से अपील की है कि वे i-Khedut पोर्टल पर रबी सीजन की योजनाओं के लिए समय पर आवेदन करें. साथ ही, MSP पर खरीफ फसलों की खरीद के लिए बढ़ाई गई रजिस्ट्रेशन अवधि का भी पूरा लाभ उठाएं. (ANI)