मसालों और सब्जियों में छिपा है ‘सोना’, किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा जरिया

मसालों और सब्जियों में छिपा है ‘सोना’, किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा जरिया

डॉ. पांडेय बताते हैं कि मसाले सिर्फ स्वाद और खुशबू के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद जरूरी हैं. इसके अलावा उन्होंने कहा कि हल्दी किसानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि इसकी मांग लगातार बढ़ रही है और इसकी स्टोरेज (भंडारण) भी आसान है.

मसालों और सब्जियों में छिपा है ‘सोना’ (AI- तस्वीर)मसालों और सब्जियों में छिपा है ‘सोना’ (AI- तस्वीर)
संदीप कुमार
  • Noida,
  • Mar 23, 2026,
  • Updated Mar 23, 2026, 4:54 PM IST

भारत में खेती की बात होते ही अक्सर गेहूं-धान का जिक्र होता है, लेकिन असली “सोना” तो मसालों और सब्जियों की दुनिया में छिपा है. दरअसल, भारत में अब मसालों और सब्जियों की खेती सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं रही, बल्कि ये किसानों की आय बढ़ाने का बड़ा जरिया बनती जा रही है. भारत न सिर्फ दुनिया का सबसे बड़ा मसाला उत्पादक है, बल्कि सबसे बड़ा उपभोक्ता और निर्यातक भी है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि दुनिया में इस्तेमाल होने वाले प्राकृतिक खाने के खाने के रंग (Natural Edible Color) का करीब 60-70 फीसदी भारत से जाता है. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) में फूल, सब्जियों और मसालों के एडीजी डॉ. सुधाकर पांडे ने इसके बारे में रोचक जानकारी 'किसान तक' के पॉडकास्ट अन्नगाथा (Annagatha) में दी.

मिर्च से निकाले जाते हैं 60 फीसदी नेचुरल रंग

डॉ. सुधाकर पांडेय के मुताबिक, इनमें से लगभग 60 फीसदी नेचुरल रंग सिर्फ मिर्च से निकाले जाते हैं. यानी मिर्च अब सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा औद्योगिक उत्पाद बन चुकी है.मिर्च से निकाले जाने वाले “ओलियोरेजिन” का उपयोग खाने के रंग, कॉस्मेटिक और यहां तक कि लिपस्टिक बनाने में भी किया जा रहा है. इसके अलावा हल्दी और गेंदे के फूल से भी बड़े पैमाने पर प्राकृतिक रंग तैयार होते हैं. गेंदा फूल से ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे तत्व निकाले जाते हैं, जिनका उपयोग दवाइयों और पोल्ट्री फीड में होता है. खास बात यह है कि तमिलनाडु में कई किसान अब गेंदा की खेती सिर्फ इन औद्योगिक उपयोगों के लिए कर रहे हैं और कंपनियों के साथ सीधे समझौते कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.

मसालों का सबसे बड़ा उत्पादक है भारत

डॉ. पांडेय ने बताया कि मसाले सिर्फ स्वाद और खुशबू के लिए नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद जरूरी हैं. खासकर कोरोना के बाद लोगों में हल्दी, अदरक और अन्य मसालों का उपयोग काफी बढ़ा है, क्योंकि ये इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं. उन्होंने बताया कि भारत मसालों का सबसे बड़ा उत्पादक, उपभोक्ता और निर्यातक है, लेकिन इसके बावजूद कुछ मसालों के लिए हमें दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता है. हींग, स्टार ऐनीस (चक्र फूल) और केसर जैसे मसाले अभी भी बड़े पैमाने पर आयात किए जाते हैं. हालांकि वैज्ञानिक इनकी खेती भारत में शुरू करने की दिशा में काम कर रहे हैं, जिससे भविष्य में आयात कम हो सकता है.

किसानों के लिए बेहतरीन विकल्प है हल्दी

डॉ. पांडेय के अनुसार, हल्दी किसानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, क्योंकि इसकी मांग लगातार बढ़ रही है और इसकी स्टोरेज (भंडारण) भी आसान है. प्रोसेसिंग के बाद इसकी शेल्फ लाइफ और बढ़ जाती है, जिससे किसान बेहतर कीमत पा सकते हैं. उन्होंने यह भी बताया कि मसालों और फूलों से जुड़ी इंडस्ट्री, जैसे अरोमा (खुशबू) और औषधीय उत्पाद, तेजी से बढ़ रही है. गेंदे के फूल से निकलने वाले ल्यूटिन और जेक्सैंथिन जैसे तत्व दवाइयों और पोल्ट्री फीड में इस्तेमाल होते हैं, जिसकी विदेशों में भारी मांग है.

फल और सब्जियों की तेजी से बढ़ रही मांग

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में अनाज की तुलना में फल और सब्जियों की मांग तेजी से बढ़ेगी. लोगों की बदलती खानपान आदतें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता इसका मुख्य कारण है. यही वजह है कि किसानों को अब पारंपरिक खेती के साथ-साथ मसाले, सब्जियां और फूलों की खेती की ओर भी ध्यान देना चाहिए. 

MORE NEWS

Read more!