PM Modi ने गन्‍ना किसानों को बोला थैंक यू, कहा- विदेशी मुद्रा बचाने में मिल रही बड़ी मदद

PM Modi ने गन्‍ना किसानों को बोला थैंक यू, कहा- विदेशी मुद्रा बचाने में मिल रही बड़ी मदद

इथेनॉल उत्पादन में तेजी से देश की तेल आयात निर्भरता घटी है और विदेशी मुद्रा की बड़ी बचत हुई है. पीएम मोदी ने कहा कि इसका सीधा फायदा किसानों को मिला है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है.

PM Narendra ModiPM Narendra Modi
क‍िसान तक
  • Noida,
  • Mar 28, 2026,
  • Updated Mar 28, 2026, 8:50 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के दौरान देश की ऊर्जा सुरक्षा और किसानों की भूमिका पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारत में इथेनॉल उत्पादन में आई तेजी ने कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता को काफी हद तक कम किया है. पीएम मोदी ने कहा कि अगर इथेनॉल ब्लेंडिंग का विस्तार नहीं हुआ होता तो देश को हर साल बड़ी मात्रा में अतिरिक्त कच्चा तेल विदेशों से खरीदना पड़ता, जिससे विदेशी मुद्रा पर भारी दबाव पड़ता.

वैश्विक संकट के बीच इथेनॉल बना सहारा

प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय हालात और खासकर ईरान से जुड़े तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि इस समय वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अनिश्चितता बनी हुई है. ऐसे दौर में घरेलू स्तर पर वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था भारत के लिए सुरक्षा कवच साबित हो रही है. उन्होंने लोगों से अपील की कि मौजूदा परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखें और जिम्मेदार व्यवहार करें. साथ ही राजनीतिक दलों को भी संयमित बयानबाजी की सलाह दी.

गन्ना किसानों को सीधा आर्थिक फायदा

पीएम मोदी ने बताया कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की नीति का सबसे बड़ा लाभ गन्ना किसानों को मिला है. इससे देश की बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा बची है और यही रकम किसानों तक पहुंची है. उनके अनुसार, यह बदलाव सिर्फ ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है और किसानों की आय के नए रास्ते खुले हैं.

ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता भारत

प्रधानमंत्री ने कहा कि इथेनॉल कार्यक्रम ने भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूत आधार दिया है. इससे आयात पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ देश के भीतर संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हुआ है. उन्होंने इसे किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया.

जेवर एयरपोर्ट से विकास को रफ्तार

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जमीन देने वाले किसानों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि हजारों एकड़ में विकसित हो रहा यह एयरपोर्ट पूरा होने के बाद देश का प्रमुख एविएशन हब बनेगा. इससे उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में रोजगार, व्यापार और कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी. पीएम ने भरोसा जताया कि सरकार की नीतियां आम लोगों और किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने पर केंद्रित हैं.

MORE NEWS

Read more!