राजस्थान के इस जिले में किसानों को मुफ्त मिलेंगे सरसों के बीज, 40 हजार हेक्टेयर में बढ़ेगी बुवाई

राजस्थान के इस जिले में किसानों को मुफ्त मिलेंगे सरसों के बीज, 40 हजार हेक्टेयर में बढ़ेगी बुवाई

राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में रबी सीजन 2026-27 के लिए किसानों को 1,600 क्विंटल प्रमाणित सरसों बीज के मिनीकिट फ्री बांटे जाएंगे. राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन के तहत प्रत्येक पात्र किसान को 4 किलो बीज मिलेगा. इस योजना से करीब 40 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की बुवाई को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

सरसों और सब्जियों पर पाले की मारसरसों और सब्जियों पर पाले की मार
क‍िसान तक
  • नई दिल्ली,
  • Oct 16, 2026,
  • Updated Oct 16, 2026, 1:25 PM IST

खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और कम सिंचाई पानी में अधिक उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि विभाग ने हनुमानगढ़ जिले के किसानों को बड़ी सौगात दी है. राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-तिलहन (NMEO-Oilseeds) के तहत जिले में सरसों के 1,600 क्विंटल प्रमाणित बीज को फ्री में बांटा जाएगा. इस पहल से करीब 40 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की खेती को बढ़ावा मिलने की संभावना है.

कृषि विभाग के अनुसार, पिछले साल जिले में सरसों की बुवाई 1.89 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हुई थी. इस बार रबी सीजन में सिंचाई जल की उपलब्धता को देखते हुए सरसों का रकबा 2.50 लाख से 3 लाख हेक्टेयर तक पहुंच सकता है. खरीफ सीजन में कम बारिश और बांधों के घटते जलस्तर ने रबी फसलों के लिए पानी की चुनौती बढ़ा दी है. ऐसे में कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली सरसों किसानों के लिए एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है.

तीन क्षेत्रों में होगा बीज वितरण

कृषि संयुक्त निदेशक यशवंती ने बताया कि कुल 1,600 क्विंटल बीज में से 960 क्विंटल की आपूर्ति राजस्थान राज्य बीज निगम, हनुमानगढ़ और 640 क्विंटल की आपूर्ति राष्ट्रीय बीज निगम, सूरतगढ़ द्वारा की जाएगी.

वितरण के लिए जिले में क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है-

  • हनुमानगढ़ क्षेत्र: 770 क्विंटल
  • नोहर क्षेत्र: 530 क्विंटल
  • भादरा क्षेत्र: 300 क्विंटल

किसानों को मिलेगा 4 किलो का मिनीकिट

योजना के तहत प्रत्येक पात्र किसान को सरसों का 4 किलो बीज वाला एक मिनीकिट फ्री में दिया जाएगा. किसान अपने क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षक या सहायक कृषि अधिकारी से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के साथ जन आधार कार्ड और जमाबंदी की प्रति जमा करनी होगी.

परमिट जारी होने के बाद किसान वीसीपी के माध्यम से ग्राम सेवा सहकारी समिति (GSSS) या क्रय-विक्रय सहकारी समिति (KVSS) से बीज हासिल कर सकेंगे.

आरएच-1706 किस्म का होगा वितरण

इस योजना के तहत किसानों को सरसों की नई उन्नत किस्म आरएच-1706 का बीज उपलब्ध कराया जाएगा. इस किस्म को वर्ष 2023 में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार द्वारा विकसित किया गया था.

इसकी प्रमुख विशेषताएं

  • लगभग 140 दिन में तैयार होने वाली फसल
  • औसत उपज करीब 37 क्विंटल प्रति हेक्टेयर
  • तेल की मात्रा लगभग 38 प्रतिशत
  • इरूसिक अम्ल की मात्रा 2 प्रतिशत से कम

किसानों से योजना का लाभ उठाने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है. विभाग का मानना है कि पानी की सीमित उपलब्धता वाले क्षेत्रों में सरसों की खेती न केवल किसानों की लागत कम कर सकती है, बल्कि खाद्य तेल उत्पादन बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

MORE NEWS

Read more!