
रबी फसलों की बुआई के लिहाज से यह बहुत ही महत्वपूर्ण समय चल रहा है. ऐसे में किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराना कृषि विभाग की जिम्मेदारी है. लेकिन बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड स्थित कृषि कार्यालय में व्यवस्था की अलग ही तस्वीर देखने को मिली. यहां किसान राई और तोड़ी समेत अन्य फसलों के बीज के लिए परेशान नजर आए, जबकि कृषि विभाग के कुछ कर्मचारी कार्यालय के बाहर धूप सेंकते और आपस में बातचीत करते दिखाई दिए. कार्यालय के अंदर कई कुर्सियां खाली पड़ी थीं. इस पूरे मामले ने कृषि विभाग की कार्यशैली और किसानों को बीज वितरण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
‘आज तक’ की टीम जब कृषि कार्यालय में बीज वितरण की व्यवस्था की पड़ताल करने मुशहरी प्रखंड कृषि कार्यालय पहुंची तो वहां किसान बीज खरीदने के लिए परेशान दिखाई दिए. महिला और पुरुष किसान कार्यालय में मौजूद थे. किसी को राई का बीज चाहिए था तो कोई तोरी के बीज के लिए जानकारी लेने पहुंचा था. किसानों ने बताया कि बीज का वितरण हो रहा है, लेकिन इसे हासिल करने के लिए उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है.
इस दौरान आजतक के संवाददाता ने किसान बनकर कृषि कार्यालय के कर्मचारियों से बीज वितरण के संबंध में जानकारी मांगी तो कर्मचारियों का रवैया सहयोगात्मक नहीं था और उन्होंने संतोषजनक जानकारी भी नहीं दी. वहीं, कार्यालय के बाहर कुछ कर्मचारी धूप सेंकते और आपस में बातचीत करते नजर आए. दूसरी तरफ कार्यालय के अंदर कई कुर्सियां खाली पड़ी थीं. इस स्थिति ने किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और कार्यालय में कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मामले की जानकारी मिलने के बाद मुशहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) विनोद आनंद कृषि कार्यालय पहुंचे. उन्होंने बीज वितरण की स्थिति, किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे बीज और इससे संबंधित रिकॉर्ड की जांच की. निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों और बीज वितरण कर रहे विक्रेताओं से कई सवाल पूछे गए, लेकिन वे सभी सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे सके.
जांच के दौरान बीज वितरण से जुड़े रिकॉर्ड के संधारण में भी कमी सामने आई. मौके पर इस बात का पूरा ब्योरा उपलब्ध नहीं था कि किस गांव में कितने किसानों को बीज दिया गया है, कौन से किसान अभी तक बीज से वंचित हैं और किस गांव में किस बीज की कितनी मांग है. इस पर BDO विनोद आनंद ने संबंधित कर्मचारियों और विक्रेताओं को फटकार लगाई. उन्होंने बीज वितरण में पारदर्शिता बरतने और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया.
मुशहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी विनोद आनंद ने बताया कि कृषि पदाधिकारी मजिस्ट्रेट ड्यूटी में तैनात थे. इस वजह से बीज वितरण की समुचित निगरानी नहीं हो पा रही थी. उन्होंने स्वीकार किया कि किसानों के बीच बीज का वितरण किया जा रहा था, लेकिन वितरण से जुड़े रिकॉर्ड और मॉनिटरिंग में कमी थी.
BDO विनोद आनंद ने निर्देश दिया कि बीज वितरण की निगरानी के लिए एक टीम तैनात की जाएगी. इसके साथ ही गांववार और किसानवार वितरण का पूरा ब्योरा तैयार किया जाएगा. इससे यह जानकारी मिल सकेगी कि किस गांव में कितने किसानों को बीज मिला है और कितने किसान अभी तक इससे वंचित हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था में सुधार किया जाएगा.
रबी सीजन में बीज की उपलब्धता किसानों के लिए बेहद जरूरी है. बुआई में देरी होने से फसलों की आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है. ऐसे समय में कृषि कार्यालय में कर्मचारियों का धूप सेंकते मिलना और बीज वितरण के रिकॉर्ड में कमियां सामने आना विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. अब देखना होगा कि BDO के निर्देश के बाद बीज वितरण की निगरानी कितनी बेहतर होती है और किसानों को समय पर बीज मिल पाता है या नहीं.