
हरियाणा के कई जिलों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने किसानों के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. खासकर करनाल जिले के धान उत्पादक किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश उनकी फसल के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. किसानों का मानना है कि इससे धान की अच्छी बढ़वार होगी, सिंचाई का खर्च कम होगा और भूजल स्तर को भी फायदा मिलेगा. इस बीच करनाल के युवा किसान सुमित ने बताया कि बारिश केवल इंसानों ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों और पूरे पर्यावरण के लिए फायदेमंद होती है. उन्होंने कहा कि यदि मौसम के अनुसार समय पर बारिश होती है तो धान की फसल को सबसे ज्यादा फायदा मिलता है. इससे फसल की बढ़वार बेहतर होती है और किसानों को सिंचाई के लिए कम मेहनत करनी पड़ती है.
किसान सुमित ने कहा कि लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए अच्छी बारिश बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि किसान कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे थे और अब मॉनसून की शुरुआत से उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में और अच्छी बारिश होगी. उनका कहना है कि धान की फसल को पर्याप्त पानी की जरूरत होती है. यदि बारिश नहीं होती तो फसल में कई तरह की बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय पर होने वाली बारिश किसानों के लिए हर तरह से फायदेमंद साबित होती है. उन्होंने यह भी बताया कि नहरों में पानी की उपलब्धता भी काफी हद तक बारिश पर निर्भर करती है. अगर अच्छी बारिश होती है तो सरकार की ओर से नहरों में भी पर्याप्त पानी छोड़ा जाता है, जिससे किसानों को सिंचाई में सुविधा मिलती है.
वहीं किसान धर्मपाल ने भी बारिश को खेती के लिए बेहद लाभकारी बताया. उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी, जिससे किसान और फसल दोनों प्रभावित हो रहे थे. लेकिन पिछले दो दिनों की बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और धान की फसल को भी बड़ा फायदा मिलेगा. किसान धर्मपाल ने कहा कि सभी किसान लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे, अब लगातार हो रही बारिश से धान की पैदावार बेहतर होने की उम्मीद बढ़ गई है. साथ ही फसल में रोग लगने का खतरा भी कम होगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होती रहेगी, जिससे किसानों को और राहत मिलेगी.
बता दें कि पिछले दो दिनों से हरियाणा के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. करनाल में भी सोमवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. मंगलवार सुबह भी रुक-रुक कर हल्की बारिश का दौर जारी रहा. हालांकि, शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में भी मॉनसून इसी तरह सक्रिय रहा तो धान की फसल की बढ़वार अच्छी होगी, उत्पादन बढ़ेगा और इस सीजन में बेहतर पैदावार मिलने की उम्मीद मजबूत होगी.