दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने की तैयारी, नई चीनी मिलों के लिए शुरू हुआ ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’

दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने की तैयारी, नई चीनी मिलों के लिए शुरू हुआ ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’

दरभंगा में सकरी और रैयाम की नई चीनी मिलों के लिए पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’ शुरू किया है. अभियान के तहत किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, तकनीकी सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी खेत स्तर तक पहुंचाई जाएगी. राज्य सरकार गन्ना उद्योग के आधुनिकीकरण और निवेश को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संस्थानों के साथ एमओयू भी कर रही है, ताकि बिहार में गन्ना उत्पादन और चीनी उद्योग को नई मजबूती मिल सके.

Advertisement
दरभंगा में गन्ना खेती बढ़ाने की तैयारी, नई चीनी मिलों के लिए शुरू हुआ ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026’चीनी मिल के लिए दरभंगा में बढ़ाई जाएगी गन्ने की खेती

मखाना की खेती के बाद अब दरभंगा जिले में गन्ना की खेती का विस्तार करने के लिए सरकार की ओर से एक नया  कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. जिले में सकरी और रैयाम में खुल रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध हो सके, इसे लेकर दरभंगा जिला प्रशासन ने 'गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026' चलाने का निर्देश दिया है. इस अभियान के तहत सरकार चाहती है कि जब जिले में चीनी मिल शुरू हो, तो गन्ने की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध रहे. साथ ही किसानों को गन्ने की लाभकारी खेती के लिए तैयार किया जाए.

जहां विभाग एक ओर गन्ना की खेती का विस्तार करने के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर गन्ना उद्योग के आधुनिकीकरण, तकनीकी सहयोग, संस्थागत क्षमता विकास और प्रभावी नीति के क्रियान्वयन को लेकर अलग-अलग संस्थानों के साथ एमओयू भी कर रहा है. इसी कड़ी में विभाग की ओर से बीते दिनों पीडब्ल्यूसी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर हुए. इसे लेकर विभाग के मंत्री ने कहा कि यह समझौता राज्य में नई चीनी मिलें लगाने के लिए निवेशकों को लाने के उद्देश्य से काम करेगा.

राज्य स्तर पर गन्ना की खेती का विस्तार 

दरभंगा जिला प्रशासन की ओर से गन्ना क्षेत्र विस्तार को लेकर जो अभियान शुरू किया गया है, इस तरह का अभियान राज्य स्तर पर चलाने के लिए गन्ना विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह 2 जुलाई को संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं. उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को खेती से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं, तकनीकी मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए. 

वहीं, राज्य में गन्ना की खेती के विस्तार को लेकर चार अलग-अलग स्तरों यानी राज्य स्तर, जिला स्तर, प्रखंड स्तर और पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया गया है. इसके लिए गन्ना उद्योग विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को शामिल किया गया है.

गन्ना के खेत पर ही होगा समस्या का समाधान

गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026 योजना का उद्देश्य है कि गन्ना की खेती से जुड़ी किसी भी तरह की समस्या का समाधान किसान के खेत पर ही किया जाए. इसके लिए पंचायत और प्रखंड स्तर पर तैनात अधिकारी और कर्मी सीधे किसानों के घर और खेतों तक पहुंचेंगे. वे किसानों को गन्ने की उन्नत खेती की तकनीक और लाभकारी सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे. 

वहीं, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से व्यापक जन-जागरुकता फैलाने की सरकार की मंशा है. सबसे अहम बात यह है कि फसल लगाने या बीज-खाद के दौरान किसानों को आने वाली किसी भी अड़चन को अधिकारी मौके पर ही दूर करेंगे.

किसानों को तैयार करना आसान काम नहीं

दरभंगा जिला प्रशासन मखाना के बाद गन्ना की खेती में भी आगे आने के लिए 'गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान 2026' की शुरुआत कर चुका है. हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस अभियान के जरिए किसानों को गन्ना की खेती की ओर कैसे लाया जाए, क्योंकि बीते कुछ दशकों में किसान गन्ना की खेती छोड़ मखाना सहित अन्य परंपरागत फसलों की ओर तेजी से बढ़े हैं. अब ऐसी स्थिति में गन्ना की खेती के लिए सरकार को जमीनी स्तर पर सही तरीके से काफी मेहनत करनी होगी.

POST A COMMENT