
हिमाचल प्रदेश में पशुपालन के क्षेत्र में नई पहल करते हुए प्रदेश का पहला संगठित डोंकी फार्म बिलासपुर जिले के कंदरौर इलाके में खोला गया है. प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने इसका उद्घाटन किया. यहां गधी का दूध बेचा जाएगा, जिसकी कीमत करीब 7,000 रुपये प्रति लीटर बताई जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधी के दूध की मांग खासकर फार्मास्युटिकल और स्किन केयर उद्योग में है. इसमें लैक्टोज, व्हे प्रोटीन और लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसी जैविक चीजें पाई जाती हैं, इसलिए इसे विशेष उत्पाद माना जाता है. कई देशों में इसका इस्तेमाल सौंदर्य प्रसाधन और अन्य विशेष उत्पाद बनाने में हो रहा है.
उद्घाटन के बाद मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि गधा पालन और गधी के दूध के उत्पादन पर आधारित यह अपनी तरह का अनूठा स्टार्टअप है. इसमें भविष्य में स्वरोजगार और व्यावसायिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध, क्वालिटी टेस्ट, प्रोसेसिंग और बाजार की संभावनाओं का अध्ययन जरूरी है, ताकि हिमाचल में इस पहल को व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके.
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था और नवाचार को बढ़ावा दे रही है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलें.
इस मौके पर मंत्री ने डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सह-संस्थापक सीरत तूर को इस पहल के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं.
संस्थापक संजीव ठाकुर के मुताबिक कंपनी दुग्ध उत्पादन और संग्रहण के क्षेत्र में काम कर रही है. वह फिलहाल रोजाना 2,700 लीटर से ज्यादा दूध एकत्र करती है. आसपास के पशुपालकों को जोड़कर उनके दूध के मार्केटिंग में भी मदद करती है. इससे स्थानीय पशुपालकों को बाजार मिल रहा है और उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है.
सह-संस्थापक सीरत तूर ने बताया कि देश में गधों की संख्या लगातार घट रही है. इसी से प्रेरणा लेकर उन्होंने लाहौल-स्पीति के गधों की प्रजाति पर यह फार्मिंग शुरू की है. उन्होंने कहा कि यह हिमाचल की अपनी नस्ल है.(महेश कुमार का इनपुट)