आज का मौसम (फाइल फोटो)देश के मध्य हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया में बदल गया है, जिसके प्रभाव से कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. IMD ने 5 जुलाई को ओडिशा और सौराष्ट्र-कच्छ में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा कोंकण-गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में भी भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश हो सकती है. मॉनसून की उत्तरी सीमा 4 जुलाई को जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनू, हिसार और बठिंडा से होकर गुजर रही है.
IMD के मुताबिक, अगले 4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तरी अरब सागर और गुजरात के कुछ और हिस्सों के साथ हरियाणा और पंजाब के शेष क्षेत्रों और राजस्थान के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. बंगाल की खाड़ी में बना मजबूत कम दबाव का क्षेत्र अगले 3 दिनों के दौरान उत्तरी ओडिशा और उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार, 5 जुलाई को उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश की गतिविधियां अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिलेंगी. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है. पूर्वी राजस्थान में भी कई स्थानों पर बारिश के साथ कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा होने की चेतावनी दी गई है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है.
इधर, मध्य भारत में मॉनसून की सक्रियता बनी रहेगी. पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अलग-अलग इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिसकी गति झोंकों के दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा है कि पूर्वी भारत में 5 जुलाई को ओडिशा पर मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. राज्य में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है. गंगीय पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि झारखंड में भारी बारिश का अनुमान है. बिहार में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं.
वहीं, पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कहीं-कहीं बारिश का अनुमान है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. असम-मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं, पश्चिम भारत में 5 जुलाई को बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी. कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ और मराठवाड़ा में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है.
कोंकण-गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. सौराष्ट्र-कच्छ में भी अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इन इलाकों में भारी बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है.
दक्षिण भारत में 5 जुलाई को तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है. तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और केरल में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में 5 जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है. सुबह बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक दौर आ सकता है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है.
दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है. सुबह के समय दक्षिण-पूर्व दिशा से हवा की गति 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है.
6 जुलाई को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे. सुबह से पूर्वाह्न के दौरान हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. शाम या रात में भी बारिश का एक और दौर आने की संभावना है. अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
7 जुलाई को भी दिल्ली में बादल छाए रहने और पूर्वाह्न से दोपहर के दौरान बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है. अधिकतम तापमान गिरकर 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today