मॉनसून की धीमी रफ्तार! कई राज्यों में लू और भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में जल्द बदलेगा मौसम

मॉनसून की धीमी रफ्तार! कई राज्यों में लू और भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में जल्द बदलेगा मौसम

देश में मॉनसून की रफ्तार बढ़ने लगी है, लेकिन उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा. मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू, आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में 29 मई से मौसम बदलने और तापमान में गिरावट के संकेत हैं.

Advertisement
मॉनसून की धीमी रफ्तार! कई राज्यों में लू और भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में जल्द बदलेगा मौसमआज का मौसम

देश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में इसके अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इसी के साथ देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. एक तरफ उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में भीषण लू का प्रकोप जारी है तो दूसरी ओर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश और तेज आंधी का दौर देखने को मिल रहा है.

लू, भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के लिए लू और भीषण लू का अलर्ट जारी किया है. पश्चिम राजस्थान, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान बेहद ऊंचा बना रह सकता है. 

वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में तेज गरज-चमक, 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 28 और 29 मई को ओलावृष्टि और आंधी का खतरा भी जताया गया है.

27 मई को कैसा रहेगा देशभर का मौसम?

27 मई को देशभर के मौसम की बात करें तो उत्तर भारत में गर्मी का असर बरकरार रहेगा. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दिन का तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मध्य भारत के विदर्भ, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी लू का असर जारी रहने की संभावना है. वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का दौर

पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर में 27 मई को भी लू का असर बना रहेगा और तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि, इसके बाद मौसम में बदलाव शुरू होगा. 28 मई की शाम और रात में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 29 मई को दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने, बारिश और तापमान में तेज गिरावट की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.

28 मई के बाद इन इलाकों में बदलेगा मौसम

28 मई के बाद के क्षेत्रवार पूर्वानुमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम उत्तर प्रदेश में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी चलने का भी अनुमान है.

पूर्वी भारत के बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 30 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की गतिविधियां अगले कई दिनों तक बनी रहने के संकेत हैं. 

दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिम भारत में गुजरात, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है.

किसानों और पशुपालकों के लिए मौसम विभाग की सलाह

खेती-किसानी के लिए मौसम विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है. लू प्रभावित इलाकों में हल्की और बार-बार सिंचाई करने, फसलों में मल्चिंग अपनाने और सब्जियों व बागवानी फसलों को तेज गर्मी से बचाने की सलाह दी गई है.

जिन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है वहां खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने, पकी फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने और फलदार पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है. पशुपालकों को दोपहर के समय पशुओं को खुले में न छोड़ने, पर्याप्त साफ पानी उपलब्ध कराने और चारे को सूखी जगह पर सुरक्षित रखने को कहा गया है.

POST A COMMENT