आज का मौसमदेश में मॉनसून की विदाई के साथ कई राज्यों में झमाझम बारिश तो कई राज्यों में मौसम सूखा बना हुआ है. इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD ने तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 1 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना भी जताई है. केरल और माहे में 1 से 2 अक्टूबर के दौरान भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु में 1 से 2 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, असम और मेघालय में 1 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना है. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 1 से 6 अक्टूबर के बीच कई जगह बारिश होगी. इन राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं का भी खतरा है.
IMD ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है. अगले 2 से 3 दिनों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बाकी हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल हो सकता है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी मॉनसून की विदाई आगे बढ़ेगी.
इधर, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 1 अक्टूबर को कुछ जगह बारिश हो सकती है. उत्तराखंड में 1 से 2 अक्टूबर तक बारिश की संभावना बनी रहेगी. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
वहीं, दिल्ली-NCR में 1 अक्टूबर को मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा. अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दोपहर में उत्तर-पश्चिम दिशा से हवा की रफ्तार करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. शाम के बाद हवा की गति कम होने की संभावना है.
मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी मध्य प्रदेश में 1 से 3 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. विदर्भ में 1 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं और 5 से 6 अक्टूबर को फिर गतिविधि बढ़ सकती है. छत्तीसगढ़ में 2 से 6 अक्टूबर तक कई जगह बारिश होने की संभावना है.
वहीं, पूर्वी भारत में गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में 1 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बिहार में 3 से 6 अक्टूबर के दौरान भी बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं और 4 से 6 अक्टूबर के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में 1 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 1 से 6 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रह सकता है. विदर्भ में 5 से 6 अक्टूबर को भी बारिश की संभावना है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today