भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में अलर्ट, मॉनसून आगे बढ़ने के संकेत, जानें 26 मई को कैसा रहेगा मौसम

भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में अलर्ट, मॉनसून आगे बढ़ने के संकेत, जानें 26 मई को कैसा रहेगा मौसम

देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है, जबकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश का दौर बना हुआ है. मौसम विभाग ने पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, यूपी और मध्य भारत में हीटवेव अलर्ट जारी किया है. वहीं मॉनसून के आगे बढ़ने के संकेत भी मिल रहे हैं.

Advertisement
भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में अलर्ट, मॉनसून आगे बढ़ने के संकेत, जानें 26 मई को कैसा रहेगा मौसमआज का मौसम (फाइल फाेटो)

देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में लू या भीषण लू तक का अलर्ट जारी किया है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में अगले कुछ दिन बेहद गर्म रहने की आशंका है. वहीं, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, 29 मई के बाद उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है. 

IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. फिलहाल मॉनसून की उत्तरी सीमा अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के हिस्सों तक पहुंच चुकी है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में मॉनसून दक्षिण-पश्चिम अरब सागर, दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है. इससे दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है. 

26 मई को देशभर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 26 मई को देश के उत्तर-पश्चिम और मध्य हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रहने की संभावना है. राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. पश्चिम राजस्थान और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गंभीर लू की स्थिति बने रहने का अनुमान है. ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में भी गर्म हवाओं का असर जारी रह सकता है. 

वहीं, दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है. केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर आंधी और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. 

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का डबल अटैक

इधर, दिल्ली-एनसीआर में 26 मई को भी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. दिनभर तेज गर्म हवाएं चलने का अनुमान है और कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रह सकती है. हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 

दिल्ली में रात के तापमान में भी सामान्य से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी भरी रातों का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है. 

आगे मौसम में क्‍या होगा बदलाव?

IMD के पूर्वानुमान के मुत‍ाबिक, 27 मई के बाद उत्तर भारत के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 28 मई से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है. कई इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. 

वहीं, 29 मई से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान में 2 से 8 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है. हालांकि राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना रह सकता है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी 29 मई के बाद आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 

दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पूर्वोत्तर राज्यों में भी 31 मई तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी आंधी-बारिश का दौर बीच-बीच में जारी रह सकता है. 

किसानों और मछुआरों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि भीषण गर्मी वाले राज्यों में फसलों की हल्की और बार-बार सिंचाई करें तथा खेतों में नमी बनाए रखने के लिए मल्चिंग का इस्तेमाल करें. 

तेज आंधी और बारिश की आशंका वाले क्षेत्रों में कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखने और बागवानी फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है. बिहार, असम और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश को देखते हुए खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया है. 

मछुआरों को बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के कई हिस्सों में समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है. खासतौर पर केरल तट, लक्षद्वीप, श्रीलंका तट, दक्षिण बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के आसपास समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं चल सकती हैं. 

POST A COMMENT