
हरियाणा के सोनीपत के गांव मदीना में आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी किसान संजय की बेटी की शादी में पहुंचे और उसे आशीर्वाद दिया. किसान संजय की बेटी तनु के निमंत्रण पर राहुल गांधी शादी समारोह में शिरकत करने आए थे.

बताया जा रहा है कि सुबह किसान संजय मलिक को फोन आया था कि राहुल गांधी उनकी बेटी की शादी में आने वाले हैं. इसके बाद करीब सवा दस बजे राहुल गांधी अपनी सुरक्षा टीम के साथ गांव मदीना पहुंचे और परिवार के बीच करीब एक घंटे से भी ज्यादा समय बिताया.

शादी समारोह में राहुल गांधी ने पहले चूरमा खाया और फिर दूध पिया. राहुल गांधी ने किसान संजय के परिवार के साथ करीब 40 मिनट बिताए और शादी को लेकर बातचीत की. घर के लोगों ने बताया कि राहुल गांधी को अपने घर पर देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई.

राहुल गांधी के पहुंचने के बाद परिवार और गांव वालों में खुशी का माहौल देखा गया. परिवार के अलावा गांव के कई लोगों ने राहुल गांधी के साथ फोटो खिंचाए और बात की. परिवार और गांव के लोगों ने कहा कि संसद सत्र के बीच समय निकालकर शादी में पहुंचना बहुत बड़ी बात है.

संजय की बेटी तनु ने बताया कि उनकी शादी समारोह के उपलक्ष्य में वे आज सोनीपत पहुंचे थे और उन्होंने परिवार के साथ अच्छा समय गुजारा. तनु ने बताया कि राहुल गांधी ने पहले उनके परिवार से बातचीत की और फिर शादी के बारे में पूछा.

तनु का कहना है उसकी शादी शादीपुर में हो रही है. सबसे पहले राहुल गांधी ने चूरमा खाया और दूध पिया और फिर शादी समारोह के आयोजन में पहुंच गए. वहां पर भी अन्य मिठाइयों को चखा और फिर आशीर्वाद देकर चले गए.

किसान संजय ने कहा कि इससे पहले वे उनके खेत में आए थे और जीरे की फसल लगाई थी. उनकी बेटी ने राहुल गांधी को शादी में आने का आग्रह किया था जिसे राहुल गांधी ने मान लिया था. जब शादी ठीक हो गई तो किसान संजय मलिक और उनके भाई बलजीत मलिक राहुल गांधी को न्योता देने दिल्ली गए थे.

परिवार ने बताया राहुल गांधी ने शादी में बनी पारंपरिक मिठाइयों जैसे चूरमा, जलेबी, लड्डू और मिस्सी रोटी-सब्जी का स्वाद चखा. राहुल गांधी ने पूरे परिवार के साथ सादगी से मुलाकात की और फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today