
'संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे' ये स्लोगन तो आपने सुना ही होगा. दरअसल, अंडा प्रोटीन का सबसे सस्ता, आसान और हेल्दी स्रोत माना जाता है. नाश्ते से लेकर जिम डाइट तक, अंडे को सुपरफूड की तरह देखा जाता है. यही वजह है कि लोग इसे उबालकर, ऑमलेट बनाकर या अलग-अलग तरीकों से अपनी डाइट में शामिल करते हैं.

दुनिया के लगभग हर देश में अंडे खाए जाते हैं और इसकी मांग हमेशा बनी रहती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में किस देश के लोग सबसे ज्यादा अंडे खाते हैं? साथ ही यह भी दिलचस्प है कि इस सूची में भारत किस स्थान पर आता है. आइए जानते हैं.

रबोबैंक की ग्लोबल एग इंडस्ट्री आउटलुक 2025 रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया में अंडों की खपत के मामले में मैक्सिको और जापान सबसे आगे हैं. इस रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, इन देशों में प्रति व्यक्ति अंडों की खपत सालाना 300 अंडों से अधिक है.

भारत में अंडे की खपत की बात करें तो यहां अंडों की खपत ग्लोबल और विकसित देशों की तुलना में काफी कम है, लेकिन इसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है. 2024-25 के आंकड़ों अनुसार, भारत में प्रति व्यक्ति अंडों की खपत लगभग 106 अंडे सालाना है.

यह संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले बढ़ी है जो पहले लगभग 101-103 अंडे थी. लेकिन अभी भी अमेरिका जैसे देशों जहां खपत 250 अंडों से अधिक है और जापान या मैक्सिको जैसे देशों के मुकाबले जहां खपत 300 अंडे से अधिक है, उनसे काफी पीछे है.

भारत के अंदर भी क्षेत्रीय स्तर पर बहुत बड़ा अंतर है. उदाहरण के लिए आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों में प्रति व्यक्ति खपत 500 अंडों से भी अधिक है जबकि उत्तर भारतीय और पहाड़ी राज्यों में यह औसत से काफी नीचे है.

अमेरिकी और यूरोपीय देशों में भी अंडों की भारी मांग रहती है. याहू फाइनेंस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका टॉप 10 देशों की लिस्ट में शामिल है, जहां लोग साल भर में औसतन 250 से 280 अंडे खाते हैं. रूस और ब्राजील जैसे देशों में भी प्रति व्यक्ति खपत काफी अधिक दर्ज की गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today