
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है. लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. लेकिन दूसरी ओर कई शहरों में सड़कों और निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. कई जिलों में हालात को देखते हुए स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं. आइए जानते हैं कि यूपी के अलग-अलग जिलों में बारिश का क्या असर देखने को मिला.

प्रयागराज में सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है. भारी बारिश को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया है. शहर के जॉर्ज टाउन, स्टेशन रोड, धूमनगंज और कई अन्य इलाकों में पानी भर गया है. इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है. वहीं गंगा और यमुना का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है.

जौनपुर में सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है. नालियां ओवरफ्लो होने से कॉलोनियों और सड़कों पर पानी भर गया है. लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है. हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने गुरुवार को सभी परिषदीय स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए हैं.

बुलंदशहर में सुबह से रुक-रुक कर तेज और हल्की बारिश होती रही. कई जगह सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई. हालांकि दोपहर तक कुछ इलाकों में बारिश कम हो गई, लेकिन बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहा. फिलहाल जिले में स्कूल बंद करने का कोई आदेश जारी नहीं किया गया है.

इटावा में सुबह से हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया. जिला अस्पताल परिसर में दो से तीन फुट तक पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. विकास भवन भी पानी से घिर गया और कई कार्यालयों का काम प्रभावित हुआ. वहीं सैफई-जसवंतनगर मार्ग के अंडरपास में करीब सात फुट पानी भरने के बाद प्रशासन ने रास्ता बंद कर बैरिकेडिंग कर दी.

फिरोजाबाद में रात से हो रही लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया. हालात को देखते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई. इसी बीच नगला खंगर क्षेत्र के एक गांव में बारिश के दौरान मकान की दीवार गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए. सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बांदा में लगातार बारिश के बाद कई सड़कें और गलियां तालाब जैसी दिखाई देने लगीं. कई घरों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश से यही हाल होता है. प्रशासन ने नगर पालिका और पंचायतों को जलभराव हटाने और सफाई कराने के निर्देश दिए हैं.

वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर स्थित काशीपुरम कॉलोनी में भारी बारिश के बाद सड़कें और कई घर पानी में डूब गए. लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बरसात में यही समस्या होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया. लोगों ने नगर निगम से जल्द जलनिकासी की मांग की है.

भदोही में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. जिले की कई सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है. हालांकि किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है. धान की फसल को भरपूर पानी मिला है और जिन किसानों की रोपाई बाकी थी, उन्होंने भी खेतों में काम शुरू कर दिया है.

चंदौली में भी लगातार बारिश हो रही है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. धान का कटोरा कहे जाने वाले इस जिले में बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. जिन किसानों की धान की रोपाई पानी की कमी के कारण रुकी हुई थी, उन्होंने अब खेतों में काम शुरू कर दिया है. किसान इस बारिश को अच्छी पैदावार का संकेत मान रहे हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today