
इंडिया टुडे ग्रुप और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त पहल से शुरू हुआ किसान कारवां धीरे-धीरे प्रदेश के 75 जिलों की यात्रा में अपने अंतिम पड़ाव की ओर पहुंच रहा है और जैसे-जैसे यह यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है, इसको लेकर लोगों के बीच एक अलग ही उत्साह देखने को मिल रहा है. इसी क्रम में ‘किसान तक’ का किसान कारवां प्रदेश के सभी जिलों के कवरेज में 65वें जनपद के तौर पर पहुंचा मुरादाबाद. जनपद के बिलारी ब्लॉक के विजयपुर गांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र की महिला एवं पुरुष किसानों ने किसान कारवां कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया.

कृषि की विभिन्न फसलों के साथ-साथ पशुपालन और जलवायु परिवर्तन से खेती में आ रहे बदलाव को लेकर केवीके मुरादाबाद, कृषि विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विस्तृत जानकारी दी. साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी किसानों को अवगत कराया. यहां उर्वरक के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाला- इफको, इफको एमसी, धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे. उन्होंने किसानों को नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित उर्वरकों के संतुलित प्रयोग को लेकर किसानों को जागरूक किया.

पहले चरण में कृषि विभाग बिलारी से एडीओ मोहित ने किसानों को बताया कि अगर आपकी फसल में किसी तरह के रोग या किसी तरह की दिक्कतें आ रही हैं, तो किसान सबसे पहले कृषि विभाग के साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र बिलारी के वैज्ञानिकों से संपर्क करें और फसल से जुड़ी दवा लिखवाकर ही दुकान से खरीदें. इसका फायदा यह होता है कि किसान की फसल में जो दिक्कत आती है, उसका सही समय पर उपचार हो जाता है.

दूसरे चरण में धानुका एग्रीटेक लिमिटेड के प्रतिनिधि योगेश पाठक ने कंपनी के 90 उत्पादों के बारे में विस्तार से बताया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को धानुका के कोनिका, सेम्प्रा सहित अन्य उत्पादों का धान, गेहूं, गन्ना सहित अन्य फसलों में उपयोग कैसे करें, इसको लेकर किसानों को जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने धानुका के अन्य उत्पादों के बारे में जानकारी देते हुए उसके महत्व को लेकर जानकारी दी.

तीसरे चरण में जादूगर ने अपनी कला के माध्यम से खेती से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की. उन्होंने किसानों को गोबर खाद के उपयोग और पशुपालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया. साथ ही हर शुभ अवसर पर वृक्ष लगाने की अपील की और आय दोगुनी करने के उपाय बताए.

चौथे चरण में जिला मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील दत्त प्रजापति ने सरकार द्वारा पशुओं को लेकर चलाई जा रही टीकाकरण योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी, जिसमें खुरपका-मुंहपका के बारे में बताया. साथ ही कृत्रिम गर्भाधान को लेकर चलाई जा रही योजना एवं सुविधाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी. किसानों को देसी नस्ल सुधार और देसी गौ पालन करने को लेकर जोर दिया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को मिनी नंदनी कृषक योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के बारे में किसानों को जानकारी दी.

पांचवें चरण में कृषि विज्ञान केंद्र मुरादाबाद के पशु वैज्ञानिक ने किसानों को अच्छी नस्ल के पशु पालने को लेकर किसानों को जागरूक किया. इसके साथ ही उन्होंने पशुओं के बच्चों की देखभाल कैसे की जाए, इसको लेकर बताया और उन्होंने कहा कि अगर पशुओं के बच्चे स्वस्थ रहेंगे तो पशु दूध अधिक देता है.इसके साथ ही उनका स्वास्थ्य भी बढ़िया होता है.

छठवें चरण में मुरादाबाद इफको के प्रतिनिधि यशवीर सिंह ने किसानों को गोबर खाद के साथ ढैंचा खेती करने का सुझाव दिया. इसके साथ ही उन्होंने किसानों को उर्वरकों के संतुलित प्रयोग के बारे में जानकारी दी. साथ ही उन्होंने बताया कि यह किसानों के बीच अपनी जगह कैसे बना पाया है और इसके इतिहास का भी जिक्र किया. साथ ही उन्होंने नैनो डीएपी, नैनो यूरिया सहित नैनो जिंक से जुड़े उत्पादों के बारे में किसानों को बताया और समझाया कि आने वाले दिनों में अब किसानों को इन्हीं उत्पादों के साथ खेती में आमदनी बढ़नी है.

सातवें चरण में मुरादाबाद से इफको एमसी के प्रतिनिधि जुल्फिकार अहमद ने किसानों को माइकोजे़न, शिराशागी, हुयूमेत्शू उत्पादों के बारे में विस्तार से जानकारी दी. आगे उन्होंने मिर्ची में लगने वाले रोगों के बारे में किसानों को जानकारी दी. साथ ही इफको एमसी द्वारा कई उत्पादों पर किसानों को बीमा भी दिया जा रहा है, जो 1 लाख तक है, इसके बारे में किसानों को बताया.

अंतिम, आठवें चरण में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें 10 विजेताओं को 500 रुपये और 5 लोगों को एक-एक हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया. ‘किसान तक’ का यह कारवां किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार से जुड़ाव और आय बढ़ाने के उपायों से जोड़ने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today