
भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा. यह 75 जिलों की लंबी यात्रा का 33वां पड़ाव था. तारुण ब्लॉक के करनाईपुर गांव में किसानों ने उत्साह के साथ स्वागत किया. धार्मिक पहचान के साथ-साथ अयोध्या अब कृषि क्षेत्र में भी अपनी मजबूत छवि बना रहा है.

कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने किसानों को सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती के तरीकों की जानकारी दी. यह पहल किसानों को नई तकनीक अपनाने और उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित कर रही है.

जेके टायर, मुथूट फाइनेंस और हार्वेस्ट पल्स जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने किसानों को अपने उत्पादों और सुविधाओं की जानकारी दी. कार्यक्रम में किसानों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं और उनका समाधान किया गया.

कृषि विज्ञान केंद्र के पंकज कुमार सिंह ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी. उन्होंने बताया कि इससे लागत कम होती है और मुनाफा बढ़ता है. गोबर खाद और जीव अमृत के उपयोग के तरीके भी किसानों को बताए गए.

केवीके अयोध्या के डॉ. विद्यासागर ने पशुपालन योजनाओं के बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि अच्छी नस्ल की गाय, बकरी और मुर्गी पालन से किसानों की आय बढ़ सकती है. सरकार द्वारा बकरी पालन पर 50% अनुदान का प्रावधान भी बताया गया.

कृषि विभाग के डॉ. पीके कन्नौजिया ने फार्मर आईडी, प्रधानमंत्री सम्मान निधि और कृषि यंत्र योजना की जानकारी दी. किसानों को बताया गया कि बीज और पौधों के वितरण के माध्यम से खेती में मदद की जा रही है.

डॉ. बी.पी. शाही ने किसानों को उन्नत बीजों, करेला, लौकी, कद्दू और अन्य सब्जियों की खेती के तरीके बताए. उन्होंने गन्ना और सह फसलीय खेती में सुधार के उपाय भी साझा किए. इससे किसानों को अधिक आय का मार्ग मिलेगा.

गन्ना विभाग के सीडीओ अखंडा प्रताप सिंह ने गन्ना की उन्नत खेती और सरकार द्वारा अनुदान दिए जा रहे कृषि यंत्रों की जानकारी दी. कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को नकद पुरस्कार दिए गए. इस कारवां ने किसानों को आधुनिक तकनीक, बाजार से जुड़ाव और आय बढ़ाने के उपायों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान किया.
‘किसान तक’ का यह कारवां अब तक की सबसे लंबी कृषि यात्रा बन गया है. अयोध्या में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने साबित किया कि धार्मिक नगरी के साथ-साथ यह जिला कृषि क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति कर रहा है और किसानों के हित में नई राह खोल रहा है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today