
आज स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में बिहार की विकास यात्रा की झलक देखने को मिली. स्वतंत्रता दिवस समारोह में निकाली गई झांकी में राज्य की बदलती कृषि व्यवस्था और डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को खास तौर पर दिखाया गया.

‘स्मार्ट तकनीक, उन्नत किसान: डिजिटल कृषि है नये बिहार की पहचान’ संदेश के साथ पेश की गई इस झांकी में बताया गया कि कैसे मोबाइल, GPS, सैटेलाइट और डिजिटल प्लेटफॉर्म खेती को आसान और पारदर्शी बनाने में मदद कर रहे हैं. झांकी में दिखाया गया कि कैसे आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से किसानों को सरकारी योजनाओं और कृषि सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है.

चौथे कृषि रोड मैप के तहत बिहार सरकार कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीकों को बढ़ावा दे रही है. इसका उद्देश्य किसानों को सरल, पारदर्शी और समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना है. किसान रजिस्ट्रेशन, बिहार कृषि ऐप और डिजिटल क्रॉप सर्वे इसके प्रमुख उदाहरण हैं.

झांकी में फार्मर रजिस्ट्री को भी प्रमुखता से दिखाया गया. इसके तहत प्रत्येक किसान को एक विशिष्ट डिजिटल पहचान यानी Farmer ID दी जा रही है. राज्य में अब तक 55 लाख 50 हजार से अधिक किसानों की Farmer ID बनाई जा चुकी है. इस डिजिटल पहचान के जरिए किसानों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं और कृषि सेवाओं से जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

झांकी में मोबाइल के जरिए कृषि सेवाओं का इस्तेमाल करते किसान परिवार को भी दिखाया गया. बिहार कृषि ऐप किसानों के लिए डिजिटल मंच के रूप में काम कर रहा है. इसके जरिए किसान अपने मोबाइल पर कृषि से जुड़ी जानकारी, विभागीय सेवाओं और योजनाओं का लाभ ले सकते हैं. अब तक 16 लाख से ज्यादा किसान बिहार कृषि ऐप से जुड़ चुके हैं.

झांकी के एक हिस्से में डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रक्रिया दिखाई गई. इसमें GPS और सैटेलाइट तकनीक की मदद से खेतों में लगी फसलों की जानकारी जुटाने और उसका सत्यापन करने की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया. इसके अलावा झांकी में ड्रोन, नेटवर्क कनेक्टिविटी और दूसरी डिजिटल तकनीकों को भी दिखाया गया.

गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के मंच पर दिखाई गई यह झांकी किसानों और नई पीढ़ी को डिजिटल कृषि से जोड़ने का संदेश देती है. झांकी के जरिए बताया गया कि तकनीक के इस्तेमाल से किसान घर बैठे कई कृषि सेवाओं तक पहुंच बना सकते हैं. पूरी झांकी का मुख्य संदेश रहा-'स्मार्ट तकनीक, उन्नत किसान: डिजिटल कृषि है नये बिहार की पहचान'.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today