
अप्रैल में ही देशभर में गर्मी ने रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है. उत्तर प्रदेश से महाराष्ट्र, दिल्ली, झारखंड और केरल तक सूरज मानो आग बरसा रहा हो. कई शहरों में पारा 45 डिग्री के करीब या उससे ऊपर पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन बेहाल नजर आ रहा है. सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा है, स्कूलों के समय बदलने पड़े हैं और किसान फसलों को लेकर चिंता में हैं. हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों में लू का येलो अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

यूपी के बांदा में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का कहर है, बांदा सबसे गर्म शहरों में टॉप पर भी दर्ज किया गया है. आलम ये है कि सुबह से ही सड़को पर सन्नाटा पसर जाता है, जनजीवन प्रभावित नजर आ रहा है. वहीं, अप्रैल माह में ही बांदा का तापमान 45 डिग्री पार कर गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस भीषण गर्मी और तपिश ने पिछले कई सालों के रिकार्ड तोड़ दिया है. मौसम वैज्ञानिकों का दावा है कि इस भीषण गर्मी में फसलों को बड़ा नुकसान होने का अनुमान है, किसान लगातार सिंचाई करते रहे, जिससे फसल खराब होने से बचेगी.

विदर्भ समेत पूरे महाराष्ट्र में भीषण गर्मी ने जनजीवन को झुलसा दिया है. अकोला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा. लगातार बढ़ते तापमान के कारण हालात ‘लू’ जैसे बन गए हैं और लोगों का दिन के समय घर से निकलना मुश्किल हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अकोला केंद्र प्रमुख आर. कौशल के अनुसार, 30 अप्रैल तक तापमान में बढ़ोतरी का ट्रेंड जारी रहेगा. हालांकि 29 और 30 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

देश के सबसे ज्यादा गर्म शहरों में वाराणसी का भी नाम है. वाराणसी में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा पहुंचा है, जिसका सीधा असर काशी के मंदिरों पर भी पड़ना शुरू हो गया है. द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार में भी श्रद्धालुओं की संख्या कम हो गई है. दोपहर के वक्त मंदिर श्रद्धालुओं से भरा रहता था, लेकिन इन दिनों गर्मी के चलते खाली है. हालांकि मंदिर प्रशासन ने गर्मी से बचाव के लिए तमाम व्यवस्थाएं कर रखी हैं.

राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. दिन के समय तेज धूप और लू चलने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों को मॉर्निंग शिफ्ट में कर दिया गया है, ताकि बच्चों को राहत मिल सके. मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जबकि कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है. हालांकि, 26 से 28 अप्रैल के बीच मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है.

राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी देखी गई, जबकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिन के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए कुछ अलग-अलग इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है. शहर के मौसम का प्रतिनिधित्व करने वाले सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन के मुकाबले सिर्फ़ 0.7 डिग्री ज़्यादा है.

केरल में गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने राज्य के कई इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि 25 और 26 अप्रैल 2026 को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है, जो सामान्य से 3 से 4 डिग्री ज्यादा है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की अपील की है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today