
इलायची एक महंगा और महत्वपूर्ण मसाला है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप भी इसे आसानी से घर पर उगा सकते हैं. अगर रसोई में पड़ी इलायची के दाने साबुत और कच्चे हैं, तो उनसे पौधा तैयार किया जा सकता है.

इलायची के लिए बीज से लेकर सही मिट्टी, पानी और धूप तक का ध्यान रखना पड़ता है. आज हम आपको उन आसान टिप्स के बारे में बता रहे हैं जो इलायची उगाने में आपकी मदद कर सकते हैं.

इलायची के लिए सबसे पहले सही बीज का चयन करना जरूरी है. हरी और साबुत इलायची का चुनाव करें और ध्यान रखें कि यह पुरानी, प्रोसेस्ड या बहुत ज्यादा सूखी न हो.

बीजों को 24 घंटे के लिए गुनगुने पानी में भिगोना चाहिए. इसके अलावा, टिश्यू पेपर मेथड से भी बीज अंकुरित किए जा सकते हैं. इसके लिए बीजों को गीले कपड़े या टिश्यू में रखकर 5–7 दिन में अंकुरण शुरू हो जाएगा.

पौधे के लिए मिट्टी का चयन बहुत महत्वपूर्ण है. मिट्टी तैयार करने के लिए 50 फीसदी बगीचे की मिट्टी, 30 फीसदी गोबर की खाद या कंपोस्ट और 20 फीसदी रेत या कोकोपीट मिलाकर सही मिश्रण तैयार किया जा सकता है.

गमले के लिए 10–12 इंच का गमला या ग्रो बैग लेना चाहिए, जिसमें नीचे छेद होना आवश्यक है ताकि पानी जमा न हो. तैयार मिट्टी में बीज को 1–2 सेंटीमीटर की गहराई में बो दें और ऊपर से हल्की मिट्टी डालकर पानी छिड़क दें.

इलायची के पौधे को छायादार जगह में रखना जरूरी है क्योंकि यह सीधी धूप में ठीक से नहीं बढ़ती. पौधे की मिट्टी को हमेशा हल्की गीली रखें लेकिन पानी जमा न होने दें. हर 20–25 दिन में पौधे के लिए गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट डालें.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today