Agriculture Live Blogपश्चिमी विक्षोभ के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है. उत्तर भारत के कई राज्यों में आंधी, बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान नीचे आया है. इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने भी आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के कुछ और हिस्सों में दस्तक मजबूत की है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, तेज हवा, आंधी, ओलावृष्टि और कुछ इलाकों में लू का अलर्ट जारी किया है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
लुधियाना स्थित Guru Angad Dev Veterinary and Animal Sciences University ने भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) रैंकिंग 2026 में लगातार दूसरे वर्ष देश के राज्य पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों में दूसरा स्थान हासिल किया है. इसके साथ ही विश्वविद्यालय को पशु चिकित्सा और मत्स्य पालन क्षेत्र की सभी संस्थाओं में राष्ट्रीय स्तर पर पांचवां स्थान मिला है. यह उपलब्धि पशु चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार सेवाओं में विश्वविद्यालय की उत्कृष्टता को दर्शाती है. विश्वविद्यालय पशु स्वास्थ्य, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और संबद्ध विज्ञानों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक शोध, तकनीक के प्रसार और किसानों के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों के माध्यम से यह संस्थान देश के पशुधन क्षेत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है.
तेलंगाना सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए धान की आठ प्रीमियम किस्मों की खेती को बढ़ावा देने का फैसला किया है. सरकार का मानना है कि इन किस्मों की देश और विदेश में काफी मांग है, जिससे किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से भी अधिक दाम मिल सकते हैं. इनमें बीपीटी-5204, तेलंगाना सोना (आरएनआर-15048), केएनएम-1638, जय श्री राम, एचएमटी, डब्ल्यूजीएल-962, डब्ल्यूजीएल-44 और जेजीएल-1798 जैसी किस्में शामिल हैं. कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि इन किस्मों के चावल की अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप में अच्छी मांग है. सरकार किसानों को इनके बारे में जागरूक करने और बड़े पैमाने पर खेती के लिए प्रोत्साहित करने की योजना बना रही है. साथ ही, बाजार की मांग के अनुसार खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि इन किस्मों के बीज बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं.
नई दिल्ली: मंगलवार को निवेशकों की ज़्यादा सट्टेबाजी के कारण वायदा कारोबार में ग्वार सीड की कीमतें 15 रुपये बढ़कर 6,005 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज पर, जुलाई डिलीवरी के लिए ग्वार सीड के कॉन्ट्रैक्ट 15 रुपये या 0.25 प्रतिशत बढ़कर 6,005 रुपये प्रति क्विंटल हो गए, जिसमें ओपन इंटरेस्ट 64,810 लॉट रहा. बाज़ार के जानकारों का कहना है कि स्पॉट कीमतों में गिरावट के बावजूद निवेशकों की ज़्यादा सट्टेबाजी ने वायदा कारोबार में ग्वार सीड की कीमतों को सहारा दिया. (पीटीआई)
हरियाणा के सोनीपत में सीएम फ्लाइंग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शुगर मिल के सामने स्थित मलिक पोल्ट्री फार्म से करीब 400 पेटियां अवैध शराब बरामद की हैं. बरामद शराब आठ अलग-अलग विदेशी ब्रांडों की बताई जा रही है. जांच में पता चला कि शराब की पेटियों पर किसी भी तरह का होलोग्राम या वैध परमिट नहीं था. अधिकारियों के अनुसार, यह शराब करोड़ों रुपये की हो सकती है. इस कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कब से यहां रखी हुई थी और संबंधित विभागों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली. छापेमारी के दौरान कुल 393 पेटियां शराब बरामद हुईं, जिनमें जेम्सन, ग्रे गूज, गोल्ड लेबल, ब्लैक लेबल और अन्य विदेशी ब्रांड शामिल हैं. सीएम फ्लाइंग की सूचना पर आबकारी विभाग और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पश्चिम चंपारण की प्रसिद्ध खुशबूदार जर्दा आम को बढ़ावा देने के लिए बेतिया के एक निजी रेस्टोरेंट में ‘जर्दा आम खाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया. प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 10 लोगों को अंतिम राउंड के लिए चुना गया. कड़े मुकाबले में शिवनाथ यादव ने 37 आम खाकर पहला स्थान हासिल किया. लड्डू श्रीवास्तव दूसरे और राकेश कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे. विजेताओं को वैष्णो देवी यात्रा का पुरस्कार दिया गया. इस आयोजन का उद्देश्य जर्दा आम को लोकप्रिय बनाना और किसानों को प्रोत्साहन देना था.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य केवल सरकार के प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि इसे समाज के सभी वर्गों की भागीदारी से एक जन आंदोलन बनाना होगा. उन्होंने बताया कि यह सपना पहले केवल एक कल्पना था, जो आज वास्तविकता बन चुका है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में तीन गुना वृद्धि हुई है. वर्ष 2016-17 में राज्य का जीडीपी लगभग 12 लाख करोड़ रुपये था, जो मार्च 2026 तक बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है. उन्होंने कहा कि सरकार ने हर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनाने का काम किया है, जिसमें युवा, महिलाएं, किसान, कारीगर, उद्यमी और निवेशक शामिल हैं. शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी व्यापक सुधार किए गए हैं, जिससे राज्य के समग्र विकास को गति मिली है.
बिदादी टाउनशिप को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. इसे एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट बताया जा रहा है, न कि विकास परियोजना. किसानों के समर्थन में 21 जून को पदयात्रा निकालने की घोषणा की गई है. आरोप है कि इस मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार की ओर से धमकी दी जा रही है. साथ ही कहा गया है कि इस परियोजना के लिए लगभग 10 लाख पेड़ों की कटाई होगी, जिससे पर्यावरण को बड़ा नुकसान होगा. यह भी आरोप है कि जिन जमीनों का अधिग्रहण पहले हो चुका है, वहां सरकार समान परियोजना लागू नहीं कर सकती. इस मामले को कानूनी रूप से भी आगे ले जाया जाएगा.
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 जून 2026 कर दी गई है, जो पहले 15 जून निर्धारित थी. उम्मीदवार विश्वविद्यालय की वेबसाइट hau.ac.in और admissions.hau.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं. विश्वविद्यालय में कृषि, विज्ञान, मानविकी, बायोटेक्नोलॉजी, मत्स्य विज्ञान, इंजीनियरिंग और बिजनेस मैनेजमेंट सहित कई पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं. इसके अलावा पीजी डिप्लोमा कार्यक्रमों में भी दाखिले होंगे. आवेदन के लिए हरियाणा का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है तथा फीस सामान्य वर्ग के लिए 1500 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 375 रुपये निर्धारित की गई है.
केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने बीदादी एआई टाउनशिप परियोजना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में नारियल, सुपारी और केला जैसी फसलें बड़े पैमाने पर होती हैं, साथ ही डेयरी उद्योग से रोजाना लाखों लीटर दूध उत्पादन होता है, वहां टाउनशिप बनाना किसानों के हित में नहीं है. उनका आरोप है कि यह परियोजना लाभ कमाने की योजना है और इसमें किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार भले ही सत्ता में हो, लेकिन वे किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे.
बिहार सरकार पर्यटन और हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए नई पहल करने जा रही है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि 15 जुलाई से लोग मात्र 2100 रुपये में हेलीकॉप्टर के जरिए पटना की यात्रा कर सकेंगे. इसके अलावा राजगीर, मुंडेश्वरी माता मंदिर, तुतला भवानी मंदिर, वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व और आसपास के जलप्रपातों की हेलीकॉप्टर यात्रा भी शुरू होगी, जिसके लिए प्रति व्यक्ति 6000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. सरकार इन सेवाओं पर अतिरिक्त सब्सिडी भी देगी. साथ ही सोन नदी के जल संरक्षण के लिए नए बैराज और डीपीआर तैयार करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है.
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को 16 जून को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विभाग ने क्षेत्र में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी की संभावना जताई है. अनुमान है कि हवाएं 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. कई इलाकों में पहले धूल भरी आंधी और उसके बाद बारिश होने के आसार हैं. खराब मौसम का असर सड़क यातायात और हवाई उड़ानों पर भी पड़ सकता है. हालांकि, बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलेगी.
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 72 घंटों के दौरान कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. मानसून की प्रगति के साथ मौसम संबंधी जोखिम भी बढ़ गए हैं. विभाग के अनुसार लगभग 19 राज्यों में तेज हवाएं 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. इससे पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है. किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाएं और खराब मौसम फसलों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today