Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Noida | Jul 06, 2026, 6:50 PM IST

देश के बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले 48 घंटे में मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अन्य इलाकों तक आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. वहीं, मध्य भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी.

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

देश के बड़े हिस्से में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब तेजी से सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले दो दिनों में मॉनसून के गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अन्य इलाकों तक आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. वहीं, मध्य भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

6:49 PM(14 दिन पहले)

पालघर में बारिश का कहर, 9 महीने के मासूम को युवाओं ने मौत के मुंह से निकाला

Posted by :- Sandeep kumar

पालघर में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने पालघर शहर में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया है, जबकि नदी-नाले उफान पर हैं. सबसे ज्यादा प्रभावित वीरेंद्रनगर क्षेत्र रहा, जहां कई घरों में बारिश का पानी घुस गया,
इसी बीच एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई. वीरेंद्रनगर में पानी से घिरे एक घर में फंसे 9 महीने के मासूम बच्चे को स्थानीय युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाला. बच्चे को सुरक्षित देखते ही उसके माता-पिता की आंखों से आंसू छलक पड़े. उन्होंने युवाओं का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया, 

6:01 PM(14 दिन पहले)

पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच, यूपी सरकार ने नई योजना को मंजूरी दी

Posted by :- Sandeep kumar

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने 'मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन और पशुधन बीमा योजना' (राज्य योजना) के लिए कार्य योजना और वित्तीय प्रावधानों को मंज़ूरी दी.

इस योजना का मकसद राज्य के किसानों, पशुपालकों और डेयरी संचालकों को पशुओं की मौत या दुर्घटनाओं से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना और उन्हें वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है.

वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान इस योजना को लागू करने के लिए 60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है. राज्य सरकार बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा वहन करेगी. 

5:11 PM(14 दिन पहले)

जालना में सब्जी विक्रेता की शर्मनाक हरकत, बारिश के बाद गड्ढे में जमा गंदे पानी में धोए आलू

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र के जालना शहर से एक बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक सब्जी विक्रेता बारिश के कारण सड़क पर बने गंदे पानी से भरे गड्ढे में बिक्री के लिए लाए गए आलू धोता हुआ दिखाई दे रहा है. इस पूरी घटना का वीडियो किसी स्थानीय नागरिक ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह घटना जालना शहर के पुराने जालना क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी की है. साप्ताहिक बाजार के दौरान हुई बारिश से मंडी परिसर और आसपास कई जगहों पर गड्ढों में पानी भर गया था. इसी दौरान सब्जी विक्रेता ने उसी गंदे पानी में आलू धोए, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी नाराज़गी देखी जा रही है.

 

 

4:39 PM(14 दिन पहले)

पालघर में सुबह 5 बजे से तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश, जनजीवन प्रभावित

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार सुबह 5 बजे से भारी बारिश का दौर जारी है. तेज हवाओं के साथ हो रही लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों और सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. एहतियात के तौर पर जिला प्रशासन ने सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया है और लोगों से जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है. 

4:06 PM(14 दिन पहले)

श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में काले हिरण के शिकार का मामला, 8 आरोपी गिरफ्तार

Posted by :- Sandeep kumar

सूरतगढ़ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करते हुए सूरतगढ़ वन रेंज में काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया है. वन विभाग की कार्रवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. 

जानकारी के अनुसार सूरतगढ़ वन रेंज की ग्राम पंचायत सरदारपुरा बीका स्थित चक 18 एलजीडब्ल्यू की रोही में रात को काले हिरण का शिकार किया गया. सूचना पर क्षेत्रीय वन अधिकारी रुद्र प्रताप शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे.

3:28 PM(14 दिन पहले)

रायबरेली में कृषि शिक्षा को बड़ी सौगात, उद्यान महाविद्यालय और रिसर्च सेंटर की स्थापना को मंजूरी

Posted by :- prachi

कैबिनेट की बैठक के उपरांत पत्रकार बंधुओं को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सरकार ने जनपद रायबरेली में चंद्रशेखर आज़ाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के माध्यम से उद्यान महाविद्यालय की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. यह निर्णय कृषि शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. मंत्री ने कहा कि रायबरेली के तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम पडेरा में कृषि विभाग की 20 हेक्टेयर भूमि निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी. इस भूमि पर उद्यान महाविद्यालय के साथ-साथ एक अत्याधुनिक रिसर्च सेंटर भी स्थापित किया जाएगा. इससे क्षेत्र के किसानों, छात्रों और शोधकर्ताओं को नई तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त होगी. यह पहल प्रदेश में कृषि शिक्षा और उद्यानिकी विकास को नई दिशा देने में सहायक होगी.

2:55 PM(14 दिन पहले)

सरकार का बड़ा फैसला: 75 जिलों में लागू होगी पशुधन बीमा योजना

Posted by :- prachi

कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के मंत्री धर्मपाल सिंह ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना को मंजूरी दे दी है. इस योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों, पशुपालकों और डेयरी फार्म संचालकों के पशुओं को सुरक्षा प्रदान करना है. योजना के तहत यदि किसी पशु की मृत्यु हो जाती है, वह किसी महामारी की चपेट में आ जाता है या अपंग हो जाता है, तो उसके लिए बीमा सुरक्षा दी जाएगी. यह योजना प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू की जाएगी. सरकार ने इस योजना में राज्यांश 85 प्रतिशत और लाभार्थी अंश 15 प्रतिशत निर्धारित किया है. मंत्री ने बताया कि इस कदम से पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और पशुधन हानि की स्थिति में उन्हें बड़ा सहारा मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.

2:54 PM(14 दिन पहले)

भोपाल में सियासी हलचल, शिवराज सिंह चौहान ने की मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात

Posted by :- prachi

आज भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास (सीएम हाउस) में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सौजन्य भेंट हुई. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई.

शिवराज सिंह चौहान ने की मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात
शिवराज सिंह चौहान ने की मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात
2:52 PM(14 दिन पहले)

मूंग खरीदी के खिलाफ किसानों का बड़ा आंदोलन, भेरूंदा में 2000 ट्रैक्टरों के साथ प्रदर्शन

Posted by :- prachi

मध्य प्रदेश सरकार की मूंग खरीद नीति के विरोध में किसानों ने बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है. सीहोर जिले के भेरूंदा में करीब 2,000 ट्रैक्टरों के साथ किसान प्रदर्शन कर रहे हैं. किसानों की मांग है कि सरकार उनकी पूरी यानी 100 प्रतिशत मूंग की खरीद सुनिश्चित करे. प्रदर्शन के चलते इलाके में किसानों की बड़ी संख्या जुटी हुई है.

मूंग खरीदी के खिलाफ किसानों का बड़ा आंदोलन
मूंग खरीदी के खिलाफ किसानों का बड़ा आंदोलन
2:35 PM(14 दिन पहले)

शिवराज सिंह और मोहन यादव में हुई मुलाकात

Posted by :- Ravi Singh

सीएम हाउस, भोपाल में आज केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सौजन्य भेंट हुई.

12:32 PM(14 दिन पहले)

बारिश और तूफानी हवाओं से थमा महाराष्ट्र: विधानसभा की कार्यवाही भी रुकी

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरत यात्रा न करने की अपील की. उन्होंने बताया कि राज्य में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और सरकार राहत व बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चला रही है. सोमवार को कई इलाकों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे करीब 350 पेड़ उखड़ गए. मंगलवार को हवा की रफ्तार 70 से 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई. मुंबई में एक अवैध इमारत गिरने और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' परियोजना के पास भूस्खलन की भी जानकारी दी गई. विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने गंभीर स्थिति को देखते हुए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी. वहीं विपक्ष ने मुंबई में हुई मौतों, उखड़े पेड़ों और भूस्खलन को लेकर सरकार से जवाबदेही और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की.

12:17 PM(14 दिन पहले)

उत्तराखंड में मॉनसून मेहरबान: 24 घंटे में बागेश्वर में सबसे ज्यादा बारिश

Posted by :- prachi

उत्तराखंड में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में औसतन 16 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 13 प्रतिशत अधिक है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सबसे ज्यादा बारिश बागेश्वर में 73.4 मिमी रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से 905 प्रतिशत अधिक है. इसके अलावा उत्तरकाशी में 43.6 मिमी, पिथौरागढ़ में 16.4 मिमी, देहरादून में 14.1 मिमी, अल्मोड़ा में 13.8 मिमी और चमोली में 10.9 मिमी बारिश हुई. वहीं हरिद्वार, टिहरी, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और नैनीताल समेत कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई. आईएमडी ने बताया कि आने वाले दिनों में राज्य के कई पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.

12:02 PM(14 दिन पहले)

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे: दिल्ली में जुटे दिग्गज, अमित शाह ने किया भव्य उद्घाटन

Posted by :- prachi

सहकारिता मंत्रालय के पाँचवें स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली में सहकारिता क्षेत्र के दिग्गजों का बड़ा समागम हुआ. इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया.

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे
सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे
11:50 AM(14 दिन पहले)

दिल्ली की पहली बारिश ने खोली विकास की पोल: BRT रोड धंसी, टैंकर फंसा, घंटों जाम

Posted by :- prachi

दिल्ली में आज मॉनसून की पहली बारिश ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं राजधानी की सड़कों और बुनियादी ढांचे की पोल भी खोल दी. करीब आधे घंटे की बारिश के बाद ही शहर के कई इलाकों से जलभराव की शिकायतें सामने आने लगीं. सबसे गंभीर घटना चिराग दिल्ली के पास BRT रोड पर देखने को मिली, जहां सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया और लगभग 15 फुट लंबा व 5 फुट गहरा गड्ढा बन गया. इस गड्ढे में दिल्ली जल बोर्ड का एक पानी का टैंकर फंस गया, जिसमें ड्राइवर बाल-बाल बच गया. सड़क धंसने के कारण BRT मार्ग पर कई घंटों तक यातायात जाम रहा. स्थिति को बाद में स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से नियंत्रित किया गया और टैंकर को बाहर निकाला गया. इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की मानसून तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए गंभीर चिंता जताई.

11:44 AM(14 दिन पहले)

सतारा-रत्नागिरी में बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र के सतारा और रत्नागिरी जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है और बताया है कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. सतारा जिले में मॉनसून की मजबूत एंट्री के बाद कोयना डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे प्रशासन सतर्क हो गया है. बारिश के कारण ओझर्डे, ठोसेघर और महाबलेश्वर का प्रसिद्ध लिंगमळा वॉटरफॉल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं. वहीं महाबलेश्वर की जीवनरेखा मानी जाने वाली वेण्णा लेक भी पूरी तरह भरकर ओवरफ्लो हो गई है. लगातार बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन रही है, इसलिए प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.

11:12 AM(14 दिन पहले)

नालासोपारा में बारिश का कहर! स्टेशन डूबा, लोकल ट्रेनें ठप

Posted by :- prachi

महाराष्ट्र के नालासोपारा में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है. नालासोपारा रेलवे स्टेशन के पूर्वी क्षेत्र में कमर तक पानी भर गया है, जिससे पूरे इलाके में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है. बारिश के कारण रेलवे स्टेशन के चारों ट्रैकों पर पानी जमा हो गया, जिससे वेस्टर्न रेलवे की उपनगरीय ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं. कई लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ सेवाओं को नियंत्रित कर चलाया जा रहा है. इस स्थिति से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. होर्डिंग गिरने की भी घटना सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है. रेलवे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संचालन को नियंत्रित कर रहा है. बारिश जारी रहने के कारण हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है.

11:08 AM(14 दिन पहले)

बारिश का कहर! गुजरात से ओडिशा तक तबाही, हाईवे टूटा और नदी में हादसा

Posted by :- prachi

गुजरात के अमरेली में लगातार हो रही भारी बारिश का बड़ा असर देखने को मिला है. सावरकुंडला–अमरेली स्टेट हाईवे तेज पानी के बहाव में टूटकर दो हिस्सों में बंट गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है. वहीं गिर सोमनाथ जिले में मूसलाधार बारिश के बीच हाईवे पर शेरों के झुंड के बेखौफ घूमने से दहशत का माहौल बन गया. सड़क पर वन्यजीवों की मौजूदगी से लोग डर गए और कई लोगों ने इस दृश्य को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया. मुंबई में लगातार बारिश के कारण अंधेरी सबवे पूरी तरह जलमग्न हो गया, जिसके चलते सुबह तड़के इसे बंद करना पड़ा और यातायात प्रभावित हुआ. दूसरी ओर ओडिशा के कटक में महानदी के तेज बहाव के बीच दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तीन युवक नदी में बह गए. इनमें से दो को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक युवक की मौत हो गई. इन सभी घटनाओं ने बारिश के कारण हालात की गंभीरता को और बढ़ा दिया है.

10:59 AM(14 दिन पहले)

मुंबई में डबल ट्रैजेडी, मानखुर्द में बिल्डिंग गिरने से 6 की मौत, गोरेगांव में पेड़ हादसा

Posted by :- prachi

मुंबई में दो अलग-अलग हादसों में बड़ा नुकसान हुआ है. मानखुर्द इलाके में एक इमारत गिरने की घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है. इस दर्दनाक हादसे के बाद सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए ₹4 लाख के मुआवजे की घोषणा की है. वहीं दूसरी घटना गोरेगांव के एम.जी. रोड की है, जहां अचानक एक पेड़ गिरने से दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे हादसे की भयावहता साफ दिखाई देती है. प्रशासन ने दोनों मामलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं.

10:39 AM(14 दिन पहले)

किसानों के हित में बड़ा कदम, 15 जहाजों में भारी मात्रा में खाद भारत आ रही

Posted by :- prachi

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक सप्लाई चेन पर पड़े प्रभाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने बताया है कि उर्वरक और कच्चा माल लेकर आ रहे 15 जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट को पार कर चुके हैं. सरकार का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और देश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

10:08 AM(14 दिन पहले)

सहकारिता मंत्रालय के 5 साल पूरे, भारत मंडपम में अमित शाह करेंगे बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन

Posted by :- prachi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण हो गए हैं। यह अवसर देश के सहकारिता क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी द्वारा सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलों का शिलान्यास, उद्घाटन और लोकार्पण किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इन पहलों से देश में सहकारिता आंदोलन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। यह आयोजन सहकारिता क्षेत्र के विस्तार और सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।