Agriculture Live Blogभारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है. मौसम विभाग ने इसके लिए ±4 दिन का मॉडल एरर भी बताया है. वहीं अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मॉनसून आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सप्ताह के कई दिनों तक लू से लेकर भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है. आज से सीएनजी की कीमतों में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई है. नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में अब सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलो मिलेगी, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत बढ़कर 88.70 रुपये प्रति किलो हो गई है. गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में यह दूसरी बार है जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं. इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी. लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब आम लोगों और वाहन चालकों की जेब पर साफ देखने को मिल सकता है. खासकर टैक्सी, ऑटो और कमर्शियल वाहन चालकों के लिए यह बढ़ोतरी चिंता का कारण बन रही है.
उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ने के साथ कई इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. 19 से 22 मई के बीच प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में लू से भीषण लू चलने की आशंका है. इसे देखते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अंडमान-निकोबार क्षेत्र में दस्तक दे दी है और इसके 26 मई तक केरल पहुंचने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में लोगों को अगले कुछ दिनों तक तेज गर्मी के साथ धूल भरी आंधी और तूफानी हवाओं का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग ने रात के समय बिजली चमकने, आंधी-तूफान और हल्की बारिश की संभावना जताई है. IMD के मुताबिक 17 मई को राजधानी का तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
वहीं 18 मई को अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 19 मई को भी तापमान 42 डिग्री के आसपास रहेगा और तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद 20 मई को अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि 21 मई को अधिकतम 41 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है.
उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब समेत देश के 15 राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है. IMD के अनुसार 17 मई को देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है.
मौसम विभाग का कहना है कि कई इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर जोरदार तूफान आने की आशंका जताई गई है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है. अगले 10 घंटों के दौरान कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today