Agriculture Live Blogदेश के कई हिस्सों में 4 अगस्त को मॉनसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. असम-मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और केरल में भी अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
पटना: बिहार सरकार ने उर्वरक की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई की है. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) मोतिहारी को तत्काल प्रभाव से मुख्यालय पटना में योगदान करने का आदेश दिया गया है. उनकी जगह सहायक निदेशक (शस्य) मृणाल शास्त्री को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक के बाद संयुक्त टीम ने जिले के कई उर्वरक और बीज प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान छह उर्वरक दुकानों और एक बीज एवं कीटनाशी प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया, जबकि कई अन्य विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया. कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को नियमित छापेमारी जारी रखने और किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी, जमाखोरी और अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
नई दिल्ली: भारत ने मंगलवार को कहा कि उसने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को BIMSTEC ग्रुपिंग के मौजूदा चेयरमैन के तौर पर आने वाले ब्रिक्स समिट के आउटरीच सेशन में शामिल होने का न्योता दिया है. भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में सालाना ब्रिक्स समिट की मेज़बानी कर रहा है. उम्मीद है कि इसमें कई अहम ग्लोबल चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा होगी, जिसमें पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक नतीजे भी शामिल हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि फरवरी में पद संभालने के बाद रहमान को भारत की द्विपक्षीय यात्रा के लिए न्योता दिया गया था.
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल नीति के खिलाफ पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा और इसे रोकने के लिए लोगों को बड़ी संख्या में विरोध प्रदर्शन में शामिल होना चाहिए. उन्होंने कहा कि गोवा और गुजरात में भी पार्टी के विधायक इस नीति का विधानसभा में विरोध करेंगे.
दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे केजरीवाल और अन्य नेताओं को रोक दिया, जिसके बाद AAP नेताओं ने फिरोज शाह रोड पर प्रदर्शन किया. वहीं, सांसद संजय सिंह ने दावा किया कि केंद्र सरकार E20 लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और आरोप लगाया कि इससे भारतीय किसानों की बजाय अमेरिका के किसानों को फायदा होगा. (पीटीआई)
अखिल भारतीय किसान समन्वय समिति ने कृषि नीति में सुधार को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा है. इसमें किसानों की आय बढ़ाने, बेहतर बाजार व्यवस्था, आधुनिक तकनीक और स्थिर कृषि नीतियों की मांग की गई है. किसान संगठनों ने एथेनॉल नीति का लाभ किसानों तक पहुंचाने, मक्का जैसी फसलों को बढ़ावा देने और MSP के साथ बेहतर बाजार विकल्प देने की जरूरत बताई है. उन्होंने किसानों को नई किस्म के बीज, आधुनिक खेती की तकनीक और खराब बीज बेचने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. पंजाब और हरियाणा के किसानों के लिए विशेष कृषि बदलाव पैकेज बनाने का सुझाव भी दिया गया है. इसके अलावा अचानक बदलने वाली आयात-निर्यात नीतियों से किसानों को होने वाले नुकसान को रोकने और छह महीने में राष्ट्रीय कृषि नीति आयोग बनाने की मांग की गई है.
ईपीएफओ अधिकारियों के संगठन ने श्रम एवं रोजगार मंत्री से केंद्रीयकृत आईटी सक्षम प्रणाली (CITES) को मजबूत करने की मांग की है. संगठन का कहना है कि बेहतर सेवा देने के लिए अधिक तकनीकी विशेषज्ञों और पेशेवरों को जोड़ा जाए. पत्र में दावा किया गया है कि दावों के निपटारे को 2-3 दिन में करने के उद्देश्य से शुरू की गई नई प्रणाली के बावजूद कई दावे 20 दिनों से अधिक समय से लंबित हैं. साथ ही, आधुनिक तकनीक आधारित संगठन चलाने के लिए पर्याप्त आईटी ढांचे और तकनीकी विशेषज्ञों की कमी भी बताई गई है. (पीटीआई)
नई दिल्ली: मंगलवार को ग्वार सीड की फ़्यूचर्स कीमतों में 18 रुपये की गिरावट आई और भाव 6,093 रुपये प्रति क्विंटल हो गए. इसकी वजह बाज़ार में काफ़ी सप्लाई होना है. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज पर, अगस्त डिलीवरी के लिए ग्वार सीड कॉन्ट्रैक्ट्स 18 रुपये या 0.29 प्रतिशत गिरकर 6,093 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए, जिसमें ओपन इंटरेस्ट 32,995 लॉट रहा. बाज़ार के जानकारों का कहना है कि ग्वार सीड की कीमतों में इस गिरावट की वजह उन इलाकों से सप्लाई का बढ़ना है जहाँ इसकी खेती होती है. (PTI)
भदोही के कालीन उद्योग को अब जूट आधारित उत्पादों के निर्यात में नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है. भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के तहत आने वाली जूट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (JCI) ने भदोही में अपना आउटलेट शुरू किया है. इस आउटलेट के जरिए कालीन निर्माताओं और निर्यातकों को जूट यार्न, जूट ब्लेंड और अन्य जरूरी कच्चा माल एक ही जगह आसानी से मिलेगा. इससे जूट और ऊन के मिश्रण से पर्यावरण के अनुकूल कालीन बनाने को बढ़ावा मिलेगा. वर्तमान में भदोही से हर साल करीब 6,000 करोड़ रुपये के कालीनों का निर्यात होता है. हालांकि, जूट आधारित उत्पादों के लिए अब तक कच्चे माल और रिसर्च की कमी महसूस की जा रही थी. जेसीआई का यह कदम इस कमी को दूर करेगा. कालीन निर्यातकों का कहना है कि अभी अधिकांश जूट यार्न विदेशों से आयात करना पड़ता है. ऐसे में स्थानीय स्तर पर इसकी उपलब्धता से आयात पर निर्भरता कम होगी, लागत घटेगी, नए उत्पाद विकसित होंगे और जूट किसानों के साथ-साथ भदोही के कालीन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलेगा.
गुवाहाटी: किसान संगठन 'कृषक मुक्ति संग्राम समिति' (KMSS) ने सोमवार को आरोप लगाया कि ऊपरी असम के ज़िलों में आई भयानक बाढ़ "इंसानों की बनाई" हुई है. संगठन का कहना है कि यह बाढ़ कोयला-पत्थर माफिया और प्रभावशाली राजनीतिक नेताओं की मिलीभगत का नतीजा है। उन्होंने इस आपदा की CBI से जांच कराने की मांग की. यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, KMSS के महासचिव विद्युत सैकिया ने कहा कि बाढ़ की इस ताज़ा लहर को सिर्फ़ बादल फटने या पड़ोसी राज्यों से आए बारिश के पानी का नतीजा कहकर नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता. (पीटीआई)
उत्तर प्रदेश विधानसभा के बाहर राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया. सपा विधायक अतुल प्रधान हाथ में दूध की बोतल लेकर विधानसभा पहुंचे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के '15 दिन में दूध का दूध और पानी का पानी' वाले बयान पर सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि मंदिर में हुई चोरी की सच्चाई सरकार को जल्द जनता के सामने लानी चाहिए.
नई दिल्ली. केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने इथेनॉल का समर्थन करने वाले किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस दौरान किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने मक्के का उचित दाम नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. हालांकि, उन्होंने इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की नीति का समर्थन किया.

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विधानसभा में ई20 ईंधन के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि इसे बिना किसी विशेषज्ञ की सलाह के लोगों पर थोप दिया गया. उन्होंने कहा कि ई10 इंजन वाले वाहनों में भी ई20 ईंधन इस्तेमाल कराया जा रहा है, जिससे पूरे देश में लोगों में नाराजगी है और वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सबसे पहले यह मुद्दा उठाया था और अब केंद्र सरकार भी इसे स्वीकार करने लगी है. भगवंत मान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मान चुके हैं कि ई20 वाहनों का माइलेज करीब 6 प्रतिशत तक कम हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया कि ई20 को 2030 में लागू किया जाना था, लेकिन इसे समय से पहले लागू कर लोगों के साथ धोखा किया गया. उन्होंने मांग की कि पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 दोनों का विकल्प दिया जाए, ई20 पेट्रोल की कीमत कम की जाए और यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाए.
आम आदमी पार्टी (AAP) के समर्थक प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च के लिए जुटने लगे हैं. बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र होकर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाने की तैयारी कर रहे हैं. समर्थकों के हाथों में पोस्टर और बैनर दिखाई दे रहे हैं. पार्टी की ओर से इस मार्च को एक बड़े विरोध प्रदर्शन के रूप में आयोजित किया जा रहा है.

उत्तर प्रदेश विधानसभा में अनुपूरक बजट पेश होने से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) विधायकों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन की अगुवाई सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने की. सपा विधायक दान पात्र, खाद्य सामग्री और साइकिल लेकर विधानसभा पहुंचे और कई मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा. प्रदर्शन में फहीम इरफान, कमाल अख्तर, नसीम सोलंकी, अमिताभ बाजपेयी समेत कई विधायक शामिल हुए. इस दौरान शिवपाल यादव ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी आतंकी गतिविधियों से जुड़े लोगों को संरक्षण देती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा बीजेपी को हरा देगी. वहीं सपा विधायक फहीम इरफान ने कहा कि बीजेपी के पास जब मुद्दे नहीं होते तो वह ऐसे बयान देकर लोगों को भटकाने का काम करती है. उन्होंने कहा कि बिहार के नतीजे बदलाव की शुरुआत हैं और आने वाले यूपी चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ेगा.
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के प्रधानमंत्री आवास तक प्रस्तावित मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि इसकी कोई अनुमति नहीं दी गई है. पुलिस के मुताबिक, केजरीवाल की ओर से भी इस मार्च के लिए कोई परमिशन नहीं मांगी गई है. दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि प्रधानमंत्री आवास तक किसी भी तरह का मार्च नहीं होने दिया जाएगा. राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी.
मध्य प्रदेश में कमजोर मॉनसून ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. इस बार पिछले साल के मुकाबले धान और सोयाबीन की बुवाई का रकबा कम दर्ज किया गया है. बारिश की कमी का असर अब खेतों में खड़ी फसलों पर भी दिखाई देने लगा है, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका सता रही है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में भारी बारिश के आसार नहीं हैं. वहीं अगस्त महीने में भी सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया गया है. ऐसे में पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे किसानों की मुश्किलें और बढ़ती जा रही हैं.
हरियाणा के सिरसा में 5 अगस्त को भारतीय किसान एकता (BKE) के नेतृत्व में किसान और मजदूर बड़ा मार्च निकालेंगे. सभी प्रदर्शनकारी सुबह 10:30 बजे जाट धर्मशाला में एकत्र होंगे और वहां से उपायुक्त कार्यालय तक मार्च करेंगे. आंदोलन के दौरान राष्ट्रपति और हरियाणा के मुख्यमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपे जाएंगे. किसानों की प्रमुख मांगों में एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, कृषि ऋण माफी, बिजली संशोधन और बीज विधेयक वापस लेना शामिल है. इसके अलावा किसानों ने फसल बीमा दावों का भुगतान, खरीफ 2020 के लंबित मुआवजे की राशि जारी करने, नहरों में पर्याप्त पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति और समय पर खाद उपलब्ध कराने की भी मांग की है. संगठन का कहना है कि यदि सरकार जल्द इन मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लेती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. इस प्रदर्शन में सिरसा और आसपास के कई गांवों के किसानों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है.
असम, गुजरात समेत देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सबसे ज्यादा असर असम में देखने को मिल रहा है, जहां बाढ़ के कारण 50 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है. नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में सड़क संपर्क भी बाधित हो गया है. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 4 अगस्त को देश के 19 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. IMD ने असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार और उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी तेज बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और मध्य भारत में भी मॉनसून का असर बना रहेगा. बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश होगी. बिहार और झारखंड में कुछ जगह भारी बारिश की संभावना है, जबकि छत्तीसगढ़ में अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. मध्य प्रदेश में फिलहाल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि 5 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today