Agriculture Live Blogदेश में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और 7 जून 2026 को यह पश्चिम-मध्य और उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ भागों तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय बना रहेगा. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सोमवार को 'राज्यों को पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता (SASCI) 2024–25' के तहत राज्य भर में चार इनक्यूबेशन और फूड प्रोसेसिंग सेंटरों का उद्घाटन किया. इसका मकसद किसानों और उद्यमियों के लिए मार्केट लिंकेज को मजबूत करना और युवाओं के लिए रोजगार के मौके पैदा करना है.
दीमापुर के टोलुवी में स्टेट इंडस्ट्रियल एरिया में फूड प्रोसेसिंग सेंटर का उद्घाटन करने के बाद, रियो ने वर्चुअल तरीके से तीन और प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की - चुमौकेदिमा के तहत गणेश नगर में इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में उद्यमियों और इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए इनक्यूबेशन सेंटर, तुएनसांग में फूड प्रोसेसिंग के लिए इनक्यूबेशन सेंटर, और मोकोकचुंग के लॉन्गनाक में मॉडर्न एग्रीगेशन सेंटर
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि राज्य भर के 6,500 से ज़्यादा गांवों में जमीन का दोबारा सर्वे पूरा हो गया है, जिससे सरकार जमीन के रिकॉर्ड को अपडेट कर पाएगी.
इस जिले के सिद्धांथम गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 26.4 लाख लोगों को पट्टादार पासबुक (ज़मीन के दस्तावेज़) जारी किए गए हैं.
उन्होंने कहा, "हमने 6,688 गांवों में दोबारा सर्वे पूरा कर लिया है और जमीन के रिकॉर्ड अपडेट कर लिए हैं. 26.4 लाख लोगों को पट्टादार पासबुक जारी किए गए हैं. पासबुक बिना किसी गलती के जारी किए जा रहे हैं."
मुख्यमंत्री के अनुसार, अभी 62.3 लाख और पासबुक जारी किए जाने बाकी हैं.
पंजाब के फरीदकोट जिले के पक्खी कलां गांव में चोरी की एक अनोखी और चिंताजनक घटना सामने आई है. यहां चोरों ने एक ही रात में गांव के किसानों के खेतों से करीब 25 ट्यूबवेल मोटरें उखाड़कर चोरी कर ली. लगातार हो रही मोटर चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने अब चोरों से ही अनोखे अंदाज में एक अपील की है. किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल मोटरें काफी महंगी होती हैं और इन्हें खरीदने में हजारों रुपये खर्च होते हैं. वहीं, चोर इन्हें चोरी कर कबाड़ की दुकानों पर बहुत कम कीमत में बेच देते हैं. ऐसे में किसानों ने एक पोस्टर लगाकर अपील की है कि अगर चोरों को पैसों की जरूरत है तो वे मोटरें चोरी करने के बजाय अपना QR कोड या स्कैनर गांव में कहीं लगा दें, गांव के लोग आपस में पैसे इकट्ठा करके उनके खाते में भेज देंगे, लेकिन खेतों की मोटरें न चुराएं.
दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे ने कहा, "केंद्र सरकार को मौजूदा नाजुक आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों के मुद्दों और जनता से जुड़े अन्य मामलों पर चर्चा करने के लिए तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए. यह सहमति बनी कि सभी दल हर दो महीने में बैठक करेंगे... मॉनसून सत्र के दौरान संसद में समन्वय बनाए रखने के लिए विपक्ष के नेता के कार्यालय में हर सुबह बैठकें होंगी..."
मौसम विभाग के 150 वर्ष पूरे होने पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हिस्सा लिया.
● मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 वर्ष पहले मौसम विभाग की भविष्यवाणियों पर लोगों का भरोसा कम था.
● सीएम योगी ने कहा कि पहले मौसम विभाग बारिश की संभावना जताता था तो लोग मान लेते थे कि बारिश नहीं होगी.
● उन्होंने कहा कि समय के साथ मौसम पूर्वानुमान की तकनीक और कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव आया है.
● मुख्यमंत्री के अनुसार अब मौसम विभाग काफी सटीक और भरोसेमंद जानकारी उपलब्ध करा रहा है.
● सीएम ने मौसम विभाग की वैज्ञानिक क्षमता और तकनीकी प्रगति की सराहना की.
● उन्होंने कहा कि सटीक मौसम पूर्वानुमान किसानों, आपदा प्रबंधन और आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
अमरावती में किसान नेता और शिवसेना (शिंदे गुट) के विधान परिषद सदस्य बच्चू कडू ने आज आज तक से बातचीत में किसानों की कर्जमाफी को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस द्वारा घोषित राजमाता पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर कर्जमुक्ति योजना में कई शर्तें ऐसी हैं, जो किसानों को स्वीकार नहीं हैं. उन्होंने मांग की कि नियमित कर्ज चुकाने वाले किसानों को मिलने वाली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर 1 लाख रुपये किया जाए, ताकि उन्हें समय पर कर्ज चुकाने के लिए बेहतर प्रोत्साहन मिल सके.
अहिल्या नगरी इंदौर में ब्रिक्स कृषि महाकुंभ 9 जून से; केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
इंदौर में जुटेंगे ब्रिक्स और सहयोगी देशों के कृषि मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी, खेती-किसानी पर 5 दिन तक होगा मंथन- शिवराज सिंह
छोटे किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर फोकस, विशेष सत्र भी होगा- शिवराज सिंह चौहान
सतत कृषि, जलवायु और फूड सिक्योरिटी पर वैश्विक रणनीति के बारे में होगा विमर्श- शिवराज सिंह
भविष्य के सहयोग और साझा रणनीति पर ब्रिक्स देशों का संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया जाएगा- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अगुवाई में कृषि नवाचार और साझेदारी को बढ़ावा- शिवराज सिंह
इंदौर की संस्कृति और ‘ब्रिक्स वाटिका’ से दिया जाएगा हरित संदेश- शिवराज सिंह चौहान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू सोमवार को पश्चिम गोदावरी ज़िले का दौरा करेंगे. वे 'मी भूमि-मी हक्कू' कार्यक्रम के तहत किसानों को पट्टादार पासबुक बांटेंगे और लाभार्थियों से बातचीत करेंगे.
मुख्यमंत्री अचंथा निर्वाचन क्षेत्र के सिद्धांथम गांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वे पासबुक बांटेंगे और किसानों के साथ खास बातचीत करेंगे.
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB) को लागू करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) और पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के बीच आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
बेंगलुरु में जेडीएस एमएलसी बोजे गौड़ा ने देवगौड़ा के टिकट और जेडीएस-भाजपा गठबंधन को लेकर बयान दिया. उन्होंने कहा कि हम एनडीए का हिस्सा हैं और भाजपा ने राज्यसभा के लिए अपने ही पार्टी सदस्य को चुना है. लोगों को उम्मीद थी कि एच.डी. देवगौड़ा को एक और कार्यकाल मिलेगा, क्योंकि उन्होंने किसानों और सिंचाई से जुड़े मुद्दों पर लगातार काम किया है और कई समस्याओं का समाधान भी कराया है. हमारी पार्टी की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया था, लेकिन जनता चाहती है कि वे कुछ और समय सेवा करें. कांग्रेस ऐसे मुद्दों को बढ़ाती है, लेकिन जेडीएस और एनडीए का गठबंधन जारी रहेगा.
गुना में दूषित पानी पीने से बच्चों के बीमार होने का मामला सामने आया है. वार्ड क्रमांक 9 में डेढ़ दर्जन से अधिक मासूम उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं. बताया जा रहा है कि इंदौर के पानी कांड से सबक न लेने के कारण यह स्थिति बनी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगरपालिका की लापरवाही के चलते समय पर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया. कई बच्चों में पीलिया और हेपेटाइटिस-ए जैसे संक्रमण के लक्षण भी पाए गए हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो गई है. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं. मामले के तूल पकड़ने पर प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ और क्षेत्र में जांच शुरू कर दी गई है. फिलहाल बच्चों का इलाज जारी है और लोग साफ पानी की मांग कर रहे हैं.
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मेट्रो रेल विस्तार और धान खरीद जैसे कई प्रस्ताव केंद्र को भेजे हैं, लेकिन उन्हें मंजूरी नहीं मिल रही है. सीएम ने कहा कि वे इन लंबित परियोजनाओं को लेकर केंद्र से संघर्ष करेंगे और किसानों के हर दाने की खरीद सुनिश्चित करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पालमुरु-रंगारेड्डी लिफ्ट परियोजना और अन्य विकास योजनाओं को राष्ट्रीय दर्जा दिलाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे. रेवंत रेड्डी ने विपक्षी बीआरएस पर भी विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में बड़े प्रोजेक्ट्स को रोकने की कोशिश की जा रही है. सीएम ने बताया कि सरकार नए फल बाजार, टमाटर सॉस फैक्ट्री और अन्य कृषि आधारित परियोजनाएं शुरू कर रही है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और आम जनता के लिए कई योजनाएं चला रही है और विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे.
भोपाल के जवाहर बाग में आयोजित आम महोत्सव इस बार लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. करीब 50 एकड़ में फैले इस आयोजन में देश-विदेश की 152 से ज्यादा किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई है. यहां जापान का प्रसिद्ध मियाज़ाकी आम सबसे ज्यादा चर्चा में रहा, जिसे “रेड डायमंड मैंगो” भी कहा जाता है और इसकी कीमत काफी अधिक है. वहीं नूरजहां, सुंदरजहां, नवाब और शुगर फ्री आम भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं. शुगर फ्री आम स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों और मधुमेह रोगियों के लिए विशेष आकर्षण बने हैं. प्रदर्शनी में आम प्रेमी इन दुर्लभ किस्मों को देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं. आयोजकों और विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के आयोजन किसानों को बेहतर बाजार और लोगों को अलग-अलग आमों की जानकारी देने में मदद करते हैं. आम महोत्सव से शहर में उत्साह का माहौल है.
उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय सिंह गंगवार के आवास के बाहर किसानों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. किसानों का यह प्रदर्शन बकाया गन्ना भुगतान और बंद पड़ी मझोला चीनी मिल को फिर से शुरू करने की मांग को लेकर किया गया. किसानों का कहना है कि लंबे समय से उनका गन्ना भुगतान अटका हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. समय पर पैसे न मिलने से घर चलाना और खेती की लागत पूरी करना मुश्किल हो गया है. इसके साथ ही किसानों ने मांग की कि बंद पड़ी मझोला चीनी मिल को तुरंत दोबारा चालू किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर गन्ने की खरीद हो सके और उन्हें दूर जाने की परेशानी न हो. प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार से जल्द समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेंज पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम और मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया. यह कार्रवाई भिलाई स्टील प्लांट के SMS-3 भट्ठी में वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई, जो ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में संपन्न हुई. इस मामले में थाना पुलगांव क्षेत्र में बड़ी मात्रा में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई थी. पुलिस ने लगभग 14 लाख 30 हजार अफीम के पौधे, जिनका वजन 62 हजार किलो से अधिक था, साथ ही अफीम डोडा और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए थे. सभी कानूनी अनुमति और पर्यावरण विभाग की मंजूरी के बाद इन्हें नष्ट किया गया. कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस ने कहा कि यह अभियान नशे के खिलाफ सख्त कदम है और जनता से अपील की गई कि किसी भी अवैध नशे से जुड़ी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके.
सोमवार सुबह फिलीपींस के मिंडानाओ द्वीप के पास भूकंप के बहुत तेज़ झटके महसूस किए गए. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.8 से 8.2 के बीच मापी गई है. भूकंप से कुछ इमारतों को नुकसान पहुँचा है और इसके बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया के तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है.
जलगांव जिले के रावेर और मुक्ताईनगर तहसीलों में आए भीषण तूफान और तेज बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. तेज हवाओं और चक्रवाती बारिश के कारण लगभग 2540 हेक्टेयर में फैली केले की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई और खेतों में खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई. वर्षभर की मेहनत कुछ ही घंटों में बर्बाद हो गई, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. किसानों ने तत्काल पंचनामा और मुआवजे की मांग की है. विधायक Amol Jaware ने क्षेत्र का दौरा कर सहायता का आश्वासन दिया. अब किसान सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
मध्य प्रदेश के गुना जिले के नानाखेड़ी खाद वितरण केंद्र पर खाद संकट के बीच किसानों की गंभीर परेशानियां सामने आईं. उकावद गांव के किसान शिवनंदन रघुवंशी 40 किलोमीटर पैदल चलकर खाद लेने पहुंचे, लेकिन दो दिन इंतजार के बाद भी उन्हें पूरी मात्रा नहीं मिली. उनकी जरूरत छह कट्टे थी, लेकिन केवल दो कट्टे ही मिले, जिससे वह भावुक होकर रो पड़े. अन्य किसानों ने भी टोकन व्यवस्था, महंगी एनपीके खाद और जानकारी की कमी को लेकर शिकायत की. प्रशासन ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए, लेकिन किसानों की परेशानी अभी भी बनी हुई है.
पंजाब के अमृतसर जिले के जंडियाला गुरु विधानसभा क्षेत्र के गांव जानियां में एक किसान परिवार के घर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है. अज्ञात चोर देर रात घर में घुसकर करीब 40 से 45 तोला सोना और 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोरों ने वारदात से पहले बेहोशी की दवा या स्प्रे का इस्तेमाल किया होगा, जिसके कारण किसी को भी घटना की भनक नहीं लगी. परिवार के मुखिया बलविंदर सिंह के अनुसार, सुबह उठने पर घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अलमारियां, संदूक तथा ब्रीफकेस टूटे हुए पाए गए. घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. चोरी हुई नकदी खेती की सब्सिडी और ट्रैक्टर खरीदने के लिए जमा की गई थी, जबकि सोना परिवार के विभिन्न सदस्यों का था. परिजनों का कहना है कि चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला और वर्षों की मेहनत की कमाई एक ही रात में साफ कर दी. परिवार ने मामले में सख्त कार्रवाई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 8 जून को बिहार, उत्तर प्रदेश, असम, केरल, महाराष्ट्र, नागालैंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल समेत 17 राज्यों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. पहाड़ी राज्यों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है. अगले सात दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है. वहीं दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पूर्वोत्तर राज्यों में तेजी से बढ़त बनाई है और आने वाले दिनों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ व ओडिशा तक इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today