Agriculture Live Blogभारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 20 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है, जबकि राजस्थान और ओडिशा में यह स्थिति 22 अप्रैल तक बनी रह सकती है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में 19 अप्रैल को हीटवेव का असर रहेगा, वहीं झारखंड में 20 और 21 अप्रैल को लू चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू के दौरान हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. लोगों को ज्यादा देर धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है. साथ ही, IMD के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कृषि विभाग कार्यालय के अंदर मारपीट का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पीएम किसान सम्मान निधि नहीं मिलने से परेशान एक वकील अपने काम से कार्यालय गया था. उसके साथ एक पत्रकार भी मौजूद था. आरोप है कि वहां मौजूद एक कर्मचारी ने दोनों के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की. इतना ही नहीं, मारपीट के बाद दोनों को करीब दो घंटे तक अपने साथियों के साथ कमरे में बंधक बनाकर भी रखा.
बताया जा रहा है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इसके बावजूद अधिकारी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं और खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं. इस मामले में न तो पुलिस कैमरे के सामने आ रही है और न ही पीड़ितों को खुलकर सामने आने दिया जा रहा है. पत्रकार और वकील के साथ सरकारी दफ्तर में हुई इस घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज है.
मुर्शिदाबाद में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए TMC पर जेपी नड्डा जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि 3 साल तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 18 हजार का नुकसान पहुंचाने का काम TMC ने किया है, जाप हम पैसे दे रहे है ये ले नहीं रहे है और जो पैसा हमने दिया है उसमे कट मनी , टोला बाज़ी ये सब काम TMC की सरकार ने किया है. इस बार बंगाल की जनता ने TMC को धूल चटाने का निर्णय ले लिया है और एक तरफ़ा फैसला बीजेपी के पक्ष ने आएगा.
बिहार के भोजपुर जिले के आरा से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया गांव में एक किसान की ऐसी निर्मम हत्या की गई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए. गेहूं कटवाने खेत पर गए शख्स को न सिर्फ पीटा गया, बल्कि उसके शरीर पर गर्म पानी उड़ेलकर उसे मौत के घाट उतार दिया गया.
देश के कई हिस्सों में अप्रैल में भीषण गर्मी पड़ रही है. दिल्ली से लेकर मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र तक लू चल रही है. सूरज ऐसा तप रहा है कि मई की उमस जैसी गर्मी महसूस हो रही है. दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में कई जगहों पर 44-45 डिग्री तक पहुंचा पारा लोगों को परेशान कर रहा है. IMD के अनुसार, अप्रैल-जून 2026 में देश के कई हिस्सों में सामान्य से ज्यादा गर्मी और लू पड़ने की संभावना है. साफ आसमान, सूखी हवाएं और बारिश न होने से तपिश बढ़ गई है.
गेहूं खरीद पर सीएम योगी का नया आदेश
गेहूँ ख़रीद में किसानों को मुख्यमंत्री ने दी बड़ी राहत:
फार्मर रजिस्ट्री के बिना भी अपना गेहूं सरकारीक्रय केंद्र पर बेच सकेंगे किसान
किसानों को हो रही असुविधा के दृष्टिगत लिया फ़ैसला
किसान पूर्व के वर्षों की तरह अपना गेहूँ बेच सकेंगे
सभी ज़िलाधिकारियों को तत्काल लागू करने के दिए निर्देश
खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों पर तौल कांटों की संख्या चार से बढ़कर 6 कर दी गई है. इससे समय पर किसानों द्वारा लाए गए गेहूं की तुलाई हो सकेगी. न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अभी तक एक लाख 36 हज़ार 237 किसानों से 59 लाख 48 हजार 980 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है. किसानों को 575 करोड़ 86 लाख रुपए का भुगतान उनके बैंक खाते में किया जा चुका है. अभी तक 4 लाख 62 हजार 19 किसानों द्वारा 1 करोड़ 97 लाख 29 हजार 339 क्विंटल गेहूं के विक्रय के लिए स्लॉट बुक किए जा चुके हैं. खरीदी के लिए 3171 उपार्जन केन्द्र बनाये गए हैं. गेहूं की खरीदी कार्यालयीन दिवसों में होती है. सेटेलाइट ई-मेल में मिलान नहीं पाए गए खसरों को छोड़कर उसी किसान के शेष खसरों पर गेहूं की फसल विक्रय के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
जीरो बैलेंस होने की स्थिति में भी अधिकतम 3 दिन या 200 रुपये तक (2 किलोवाट भार तक) विद्युत आपूर्ति बाधित नहीं होगीः एके शर्मा
स्मार्ट मीटर पर बड़ा फैसला: तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक स्मार्ट मीटर पर रोक
5-स्तरीय एसएमएस अलर्ट प्रणाली से उपभोक्ताओं को किया जाएगा सूचित- मंत्री एके शर्मा
रविवार और अवकाश में नहीं कटेगा कनेक्शन, मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश- मंत्री एके शर्मा
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों के लिए X पर किया पोस्ट
मेरे सम्मानित प्रदेशवासियों,
प्रकृति के स्वभाव के अनुरूप हर मौसम की तरह ग्रीष्म ऋतु आई है. बढ़ता तापमान हमें इसके दुष्प्रभावों से बचने तथा अपनी तैयारियां पूरी करने का संदेश दे रहा है.
प्रदेश के हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है, इसलिए सरकार ने कड़कड़ाती ठंड की तरह प्रचंड गर्मी की मार से बचाने की भी तैयारी कर ली है. शासन के हर स्तर पर समन्वित और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की गई है.
घर के बाहर पशु-पक्षियों के लिए पानी रखें. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें. सूती या खादी के ढीले वस्त्र पहनें. सबसे आवश्यक बात, ऐसी कोई लापरवाही न करें, जिससे आग लगने का अंदेशा हो. अपना और अपनों का ख्याल रखें.
पंजाब के खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री लाल चंद कटारूचक ने रविवार को बताया कि चल रहे फसल खरीद सीज़न में अब तक 28 लाख MT गेहूं की आवक के मुकाबले 24 लाख मीट्रिक टन से ज़्यादा गेहूं खरीदा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि अब तक, जिन किसानों की फसल खरीदी गई है, उनके खातों में 647 करोड़ रुपये जमा किए जा चुके हैं।
मंत्री ने एक बयान में कहा कि राज्य सरकार किसानों से एक-एक दाना खरीदने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और खरीद के 48 घंटों के भीतर ही भुगतान किया जा रहा है, साथ ही उठान (lifting) में भी तेज़ी आ रही है।
मंत्री ने खरीद एजेंसियों के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसानों को मंडियों में किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पीएम मोदी ने X पर किया पोस्ट, उन्होंने लिखा कि कृषि हमारी समृद्धि की आधारशिला है और हमारे किसान भाई-बहन देश के अन्नदाता. इनका परिश्रम और समर्पण ही राष्ट्र की प्रगति को सुनिश्चित करता है.
कृषिर्धन्या कृषिर्मेध्या जन्तूनां जीवनं कृषिः
अन्नदः सर्वदश्चैव तस्माच्छ्रेष्ठतरो हि सः
गोंदिया जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है, जहां पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इस चिलचिलाती धूप ने नागरिकों का हाल बेहाल कर दिया है. विशेष रूप से गोंदिया शहर के प्रमुख चौराहों पर सिग्नल लाल होने के कारण लोगों को काफी देर तक कड़ी धूप में खड़ा रहना पड़ता था, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.
जनता की इस समस्या को देखते हुए, नागरिकों ने जिला यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक नागेश भास्कर से अनुरोध किया था कि दोपहर के समय सिग्नल बंद रखे जाएं. नागरिकों की इस जायज मांग पर संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.
सिग्नल बंद रहने का समय: दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक
सिग्नल पुनः शुरू होने का समय: शाम 4:00 बजे के बाद (जब धूप की तीव्रता कम हो जाती है और यातायात बढ़ने लगता है).
पुलिस के इस संवेदनशील निर्णय के कारण अब नागरिकों को तपती धूप में चौराहों पर रुकना नहीं पड़ रहा है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है. जिला यातायात पुलिस के इस मानवीय कदम की शहरवासियों द्वारा काफी सराहना की जा रही है.
राजस्थान के नेशनल हाईवे 52 पर ट्रक की टक्कर से तेल से भरे टैंकर में एक बड़ा छेद हो गया. इस हादसे के बाद टैंकर से तेल की धार बहने लगी. यह सूचना आग कि तरह आसपास क्षेत्र में फैल गई. इस पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और सरसों का तेल भरने के लिए लूट मचने लगी. लोग प्लास्टिक की बाल्टियां और स्टील के पीपे लेकर मौके पर पहुंचे और तेल लेकर जाने लगे. वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. यह पूरा मामला अब देश में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ड्राइवर ने बताया कि टैंकर की कैपेसिटी करीब 25 हजार लीटर है. मेहंदवास थाना क्षेत्र से गुजर रहे नेशनल हाइवे 52 पर दाखिया गांव के पास एक ट्रक और तेल से भरे टैंकर की टक्कर हो गई. इस हादसे में टैंकर में बड़ा छेद हो गया. टक्कर लगने के बाद हुए छेद से करीब 10 से 11 हजार लीटर तेल हाईवे पर बह गया.

फायर सीजन शुरू होते ही वन विभाग पौड़ी की ओर से जंगलों में आग पर काबू पाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई थीं. शुरुआती दिनों में लगातार हो रही बारिश के चलते जंगलों में नमी बनी रही और आग की घटनाएं ना के बराबर थीं. लेकिन बीते कुछ दिनों से पौड़ी और आसपास के क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ने लगी हैं. डीएफओ पौड़ी पवन नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब हालात बदल रहे हैं और आग की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिन पर काबू पाने के लिए विभाग पूरी तरह सक्रिय है.
विदर्भ सहित पूरे महाराष्ट्र में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है. एक ओर जहां राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई जा रही है, वहीं अकोला ओर वर्धा में सूरज ने भीषण तेवर दिखाते हुए तापमान को चरम पर पहुंचा दिया है.
रविवार को अकोला में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि महाराष्ट्र में सबसे अधिक रहा.
दिल्ली-एनसीआर,यूपी, राजस्थान और उत्तर भारत के कई राज्य इस समय भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं. कई जगह तो दिन का पारा 45 डिग्री को पार कर रहा है. घर के अंदर एसी कूलर थोड़ी राहत जरूर पहुंचा रहे हैं, लेकिन बाहर लू जानलेवा है. मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में 22 अप्रैल से हीटवेव का येलो अलर्ट है जो 24 अप्रैल तक कहर ढाएगी. मौसम विभाग ने हीटवेव का नया अलर्ट जारी किया है. इसके तहत 9 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में नया अलर्ट जारी किया है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today