Agriculture Live Blogमौसम विभाग के मुताबिक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा, जिसका असर 7 और 8 अप्रैल को सबसे अधिक रहेगा. कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है. गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों को छोड़कर देश के बाकी हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही, 9 अप्रैल तक मध्य, पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य या उससे कम रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
मध्यप्रदेश में गेहूं की खरीदी इस वर्ष भी समर्थन मूल्य पर होगी. किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाया गया है. इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में गेहूं की खरीदी 10 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि शेष संभागों में यह प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगी. पंजीकृत किसानों के लिए स्लॉट बुकिंग 7 अप्रैल 2026 से आरंभ हो रही है. इससे किसान अपने उपार्जन का समय पहले से निर्धारित कर आसानी से गेहूं जमा कर सकते हैं. किसानों से अपील की जाती है कि वे समय पर स्लॉट बुकिंग कर अपनी उपज का लाभ सुरक्षित करें और समर्थन मूल्य पर बेचकर अधिक लाभ प्राप्त करें.

मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कहा है कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में फार्मर रजिस्ट्री आधार का काम करेगी. उन्होंने प्रदेश में इस रजिस्ट्री को अभियान मोड में जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर किसान तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जागरूकता बढ़ाई जाए. साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर कैम्प लगाकर सभी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री अभियान से जोड़ने पर जोर दिया.
मौसम विभाग ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली के लिए, 7 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि मौसम अचानक बदल सकता है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. वहीं, बुधवार 8 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. IMD के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. इससे फसलों और खुले में रखी चीजों को नुकसान पहुंच सकता है. मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के कारण हो रहा है, जिससे हवा के रुख में बदलाव आया है. इसके चलते दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है.
दिल्ली के लोगों की मंगलवार सुबह ठंडी और सुहावनी रही, क्योंकि राजधानी के कई इलाकों में तेज बारिश हुई. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. पूरे दिन बीच-बीच में बारिश होने की संभावना जताई गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today