Agriculture Live Blogभारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश में 21 अप्रैल तक लू चलने की संभावना है, जबकि राजस्थान और ओडिशा में यह स्थिति 22 अप्रैल तक बनी रह सकती है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी हीटवेव का असर रहेगा, वहीं झारखंड में 21 अप्रैल को लू चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लू के दौरान हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है. लोगों को ज्यादा देर धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी गई है. साथ ही, IMD के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए कहा कि आलू किसानों की लागत करीब ₹12 प्रति किलो पड़ रही है, लेकिन सरकार उन्हें इसका आधा ही दाम दे रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि इस नुकसान की वजह से किसान कर्ज लेने को मजबूर हो जाएंगे, और यही सरकार चाहती है. टिकैत ने तंज भरे अंदाज में कहा कि फसल का सही दाम नहीं मिलेगा, इसलिए जितना चाहें उतना कर्ज ले लो.
पंजाब के बासमती निर्यातकों ने सरकार से BEDF में सुधार और पुनर्गठन की मांग की है. उनका कहना है कि फीस बढ़ने और कमजोर व्यवस्था के कारण व्यापार प्रभावित हो रहा है. निर्यातकों ने संस्था में अनुभवी विशेषज्ञों की नियुक्ति और बेहतर योजना बनाने की जरूरत बताई है, ताकि बासमती निर्यात को मजबूत किया जा सके.
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी अब तेज़ होने लगी है और तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में और बढ़ सकता है. हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिससे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. आईएमडी के मुताबिक 21 अप्रैल को अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री रहने का अनुमान है. आसमान साफ रहेगा, लेकिन गर्मी बनी रहेगी. 22 अप्रैल से गर्मी और बढ़ेगी, जब तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है और पूरे दिन लू चलने की संभावना है.
23 और 24 अप्रैल को भी राहत नहीं मिलेगी. इन दिनों तापमान 42/23 डिग्री के आसपास रह सकता है. 24 अप्रैल को नमी बढ़कर 70% तक पहुंच सकती है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ा देगी.
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 4 से 5 दिनों में देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों के कई इलाकों में लू चलने की संभावना है. 21 से 25 अप्रैल के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग दिनों पर लू का असर देखने को मिल सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today