Agriculture Live Blogदेशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने 26 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से और पश्चिम बंगाल तट के पास बने निम्न दबाव क्षेत्र के साथ दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर सक्रिय दूसरे लो-प्रेशर सिस्टम के कारण पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई को ओडिशा में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और उत्तराखंड में भी भारी बारिश का अनुमान है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य के लिए संघर्ष किया है. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में सभी विपक्षी दल छात्रों के साथ खड़े रहे. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि आंदोलन खत्म होने के बाद भी बिहार में छात्रों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार के लगभग हर जिले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतरे थे, लेकिन अब उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई महिला छात्राओं, राजद विधायकों और उनके भाई तेज प्रताप यादव को भी गिरफ्तार किया गया है. तेजस्वी यादव ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कल तक सभी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेकर उन्हें रिहा नहीं किया गया, तो राजद राज्यभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी.
NEET विवाद को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच किसान नेता राकेश टिकैत ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि यह फैसला 36 दिनों के आंदोलन के बाद लिया गया, लेकिन छात्रों की कई मांगें अभी भी बाकी हैं. टिकैत के अनुसार, छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाने चाहिए और परीक्षा संबंधी समस्याओं के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक छात्र आंदोलन जारी रखेंगे. राकेश टिकैत ने संयुक्त किसान मोर्चा और भारतीय किसान यूनियन की ओर से छात्रों को पूरा समर्थन देने की बात कही है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसान गांवों से दिल्ली पहुंचने के लिए तैयार हैं. टिकैत ने इसे छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की लड़ाई बताते हुए सरकार से जल्द समाधान निकालने की अपील की है.
कृषि मंत्रालय ने राज्यसभा में जानकारी दी है कि देशभर में अब तक 10.18 करोड़ से ज्यादा किसान आईडी (Farmer IDs) बनाई जा चुकी हैं. सरकार का कहना है कि इन आईडी के जरिए किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से और तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी. किसान आईडी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद, कृषि ऋण, खाद-बीज वितरण और आपदा राहत जैसी सुविधाओं को बेहतर तरीके से जोड़ा जा सकेगा. कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने बताया कि 20 जुलाई 2026 तक बड़ी संख्या में किसान आईडी तैयार की गई हैं. राज्यों द्वारा इनका उपयोग किसानों की पहचान और योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए किया जा रहा है. आंकड़ों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 2.43 करोड़ से अधिक किसान आईडी बनाई गई हैं. सरकार का उद्देश्य डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से किसानों तक योजनाओं और सहायता को पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है.
राजस्थान के ब्यावर जिले के नयागांव के किसान आनंद की मौत के बाद किसान महापंचायत ने उनके परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है. संगठन का कहना है कि भारतमाला परियोजना के तहत जमीन अधिग्रहण को लेकर किसान मानसिक तनाव में थे, जिसके कारण यह दुखद घटना हुई. महापंचायत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल मदद की मांग की है. संगठन ने भारतमाला परियोजना और कोटपूतली-किशनगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का भी विरोध किया है. किसानों का आरोप है कि इन परियोजनाओं से खेती, पर्यावरण और ग्रामीण जीवन पर नकारात्मक असर पड़ेगा. किसानों ने सितंबर 2025 से इन परियोजनाओं के खिलाफ आंदोलन जारी रखने की बात कही है. साथ ही 27 जुलाई को 500 ट्रैक्टरों की रैली निकालने और समाधान नहीं मिलने पर जयपुर कूच करने की चेतावनी दी है. किसान महापंचायत ने सरकार से संवाद शुरू कर समस्या का समाधान निकालने की अपील की है.
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव को पटना की अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. यह कार्रवाई पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में दर्ज एक प्रदर्शन (प्रोटेस्ट) से जुड़े मामले में की गई है. मामले में सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया. इस मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है.
कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालय, उच्च शिक्षण संस्थान, तकनीकी संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे. हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए अवकाश अवधि के दौरान सभी शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन शिक्षण कार्य नियमित रूप से संचालित किया जाएगा. प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियां निर्बाध रूप से जारी रहें और संस्थान ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई सुनिश्चित करें. यह निर्णय कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
देशभर में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है. लगातार हो रही भारी बारिश, तेज आंधी, जलभराव और बाढ़ जैसी घटनाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई शहरों में सड़कें पानी से लबालब हैं, नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति व यातायात व्यवस्था भी बाधित हो रही है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सक्रिय मानसून और कम दबाव के क्षेत्रों के प्रभाव से 29 जुलाई तक उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा. इसका असर खेती, सड़क और रेल परिवहन के साथ-साथ दैनिक जीवन पर भी पड़ सकता है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों, नदी किनारे बसे इलाकों और निचले स्थानों पर रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि इन क्षेत्रों में भूस्खलन, अचानक बाढ़ और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना बेहद जरूरी है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today