Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Nov 19, 2025, Updated Nov 19, 2025, 7:24 PM IST

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

उत्तर भारत में सर्दियों की दस्तक के साथ ही मौसम पूरी तरह से बदल चुका है और बदल चुका है किसानों के लिए बुआई का सीजन. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में शीतलहर के साथ ही किसान भी रबी की फसलों की बुआई में जुट गए हैं. मौसम विभाग (IMD) ने इस बार कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है और किसानों को तैयार रहने की सलाह दी है. वहीं दूसरी ओर कर्नाटक और तमिलनाडु समेत दक्षिणी राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है. देश में रबी का सीजन की फसलों की बुआई जोर-शोर से जारी है तो खरीफ फसलों की खरीद का काम भी एक तरफ चल रहा है. आपको खाद-बीज से लेकर, खेती और गार्डनिंग के टिप्‍स और किसानों के ल‍िए जरूरी सरकारी योजनाओं की जानकारियां और देशभर में हो रहे बड़े घटनाक्रमों की हर अपडेट भी इस लाइव और लगातार अपडेट के साथ मिलती रहेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कोयंबटूर में पीएम किसान सम्‍मान निधि की 21वीं किस्‍त भी ट्रांसफर करेंगे और उससे जुड़े अपडेट्स भी आपको यहां पर मिलते रहेंगे. 

7:04 PM(5 महीने पहले)

पर्याप्त आपूर्ति के बीच ग्वारसीड वायदा कीमतों में गिरावट

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: पर्याप्त आपूर्ति के बीच बुधवार को वायदा कारोबार में ग्वारसीड की कीमत 12 रुपये की गिरावट के साथ 4,667 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज में, दिसंबर डिलीवरी वाले ग्वारसीड अनुबंध की कीमत 12 रुपये या 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,667 रुपये प्रति क्विंटल रह गई, जिसमें 56,125 लॉट के लिए कारोबार हुआ. बाजार सूत्रों ने ग्वारसीड की कीमतों में गिरावट का कारण उत्पादक क्षेत्रों से बढ़ती आपूर्ति को बताया. (पीटीआई)

6:29 PM(5 महीने पहले)

यूपी में 70 हजार से अधिक किसानों से की गई 4.12 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद

Posted by :- Prateek

योगी सरकार के प्रयास से साल दर साल समृद्ध हो रहे यूपी के अन्नदाता किसान 

70 हजार से अधिक किसानों से की गई 4.12 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद

विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक धान किसानों को किया गया 852.24 करोड़ का भुगतान

धान खरीद सत्र के लिए 4.40 लाख से अधिक किसानों ने कराया पंजीकरण

19 नवंबर तक बाजरा किसानों को भी किया गया 168.39 करोड़ का भुगतान, प्रदेश के 33 जनपदों में ही हो रही बाजरा खरीद

वर्तमान अवधि (19 नवंबर) के आंकड़ों के मुताबिक किसानों को पिछले वर्ष से अधिक का किया जा चुका भुगतान

5:49 PM(5 महीने पहले)

हरियाणा के 15.82 लाख किसानों के खातों में आए पीएम किसान के तहत 316.38 करोड़ रुपये

Posted by :- Prateek

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तमिलनाडु के कोयंबटूर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के किसानों के खातों में 21वीं किस्त जारी की. इस अवसर पर हरियाणा के 15 लाख 82 हज़ार किसानों को 316 करोड़ 38 लाख करोड़ रुपए की राशि सीधे लाभार्थी खातों में हस्तांतरित की गई. इस उपलक्ष्य में जिला पलवल में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इसके अतिरिक्त, सभी जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों तथा सांसदों ने भाग लिया. समारोह के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया.

4:49 PM(5 महीने पहले)

ताजा सौदों की वजह से बिनौला तेल खली वायदा कीमतों में तेजी

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: अधिक मांग के बीच सटोरियों द्वारा ताजा सौदों की लिवाली करने से वायदा कारोबार में बुधवार को बिनौला तेल खली की कीमत 12 रुपये की तेजी के साथ 2,869 रुपये प्रति क्विंटल हो गई. एनसीडीईएक्स में, दिसंबर डिलीवरी वाले बिनौला तेल खली अनुबंध की कीमत 12 रुपये या 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,869 रुपये प्रति क्विंटल हो गई जिसमें 20,480 लॉट के लिए कारोबार हुआ. बाजार सूत्रों ने कहा कि पशुचारे की बढ़ती मांग के बीच प्रतिभागियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने से बिनौला तेल खली कीमतों में तेजी आई. (पीटीआई)

4:29 PM(5 महीने पहले)

वेटरनरी विश्वविद्यालय में किसानों एवं पशुपालकों ने देखा PM किसान निधि का सीधा प्रसारण

Posted by :- Prateek

बीकानेर, 19 नवम्बर: राजस्थान पशुचिकित्सा और पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर में बुधवार को किसानों एवं पशुपालकों ने माननीय प्रधानमंत्री की “पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना” के ऑनलाइन कार्यक्रम के सीधा प्रसारण को देखा. प्रधानमंत्री द्वारा किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त को कोयंबटूर, तमिलनाडु से डी.बी.टी. के जरिए किसानों के बैंक खातों में सीधा हस्तांतरण किया गया. इस अवसर पर कुलगुरु राजुवास, बीकानेर डॉ. सुमंत व्यास ने पशुपालकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि कार्यक्रम की महत्ता के बारे में बताया.

कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने इसके साथ-साथ कौशल विकास के माध्यम से पशुपालन व्यवसाय को आर्थिक लाभकारी बनाने हेतु प्रेरित किया. इस दौरान कुलगुरु डॉ. व्यास ने पशुपालकों को राजुवास मिनरल मिक्सचर पैकेट का वितरण भी किया. इस दौरान निदेशक प्रसार शिक्षा प्रो. राजेश कुमार धूड़िया ने पशुपालकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के साथ-साथ वेटरनरी विश्वविद्यालय के प्रसार कार्यक्रमों से अवगत करवाया एवं विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गावों में वेटरनरी चिकित्सा सुविधा को सुदृढ़ीकरण हेतु आश्वस्त किया.

प्रो. धूड़िया ने बताया कि कार्यक्रम में गांव कतरियासर, बम्बलु, पेमासर एवं खारा से पधारे किसान-पशुपालकों ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा और सुना. कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी अधिष्ठाता वेटरनरी महाविद्यालय, बीकानेर प्रो. उर्मिला पानू, निदेशक क्लिनिक प्रो. प्रवीण बिश्नोई, फैकल्टी सदस्य एवं महिला किसान व पशुपालक उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन अतिरिक्त निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. देवीसिंह ने किया.

3:25 PM(5 महीने पहले)

पीएम किसान की 21वीं किस्त जारी, 18,000 करोड़ रुपये खाते में आए

Posted by :- Ravi Singh

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तमिलनाडु के कोयंबटूर का दौरा किया और यहां पर दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन के उद्घाटन में शामिल हुए. कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने देश भर के 9 करोड़ किसानों के लिए 18,000 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की राशि वाली प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) की 21वीं किस्त जारी कर दी.

2:34 PM(5 महीने पहले)

कोयंबटूर में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से मिले पीएम मोदी, प्रदर्शनी का भी किया उद्धाटन

Posted by :- Bajpai

पीएम नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के कोयंबटूर में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों से मुलाकात की और इसके साथ ही उन्‍होंने प्राकृतिक खेती से उत्‍पादित सामानों को भी परखा. पीएम मोदी ने इस दौरान किसानों से भी बात की जो पिछले कई सालों से प्राकृतिक खेती करते आ रहे हैं. पीएम मोदी ने इसके साथ ही यहां पर प्राकृतिक खेती पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्धाटन किया.  

 

1:26 PM(5 महीने पहले)

ऐसी फसलों की खेती हो जिससे किसानों की आय बढ़े-केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

Posted by :- Bajpai

प्रधानमंत्री किसान सम्मन निधि योजना के 21 वीं किस्त कार्यक्रम के तहत ICAR के पूर्वी अनुसंधान परिसर पटना में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने वैज्ञानिकों से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि धान और गेहूं से किसानों का पेट नहीं भरने वाला है क्योंकि जमीन अब किसानों के पास कम रहे हैं. वहीं,अब वैसे फसलों की खेती किया जाए जो अच्छी कमाई करवा सकें.

11:49 AM(5 महीने पहले)

शुगर मिल शुरू ना होने से नाराज किसान, नेशनल हाईवे व ट्रेनों को जाम करने की चेतावनी

Posted by :- Bajpai

पंजाब के जालंधर में किसानों ने शुगर मिल शुरू न होने और अन्य मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन आज माझा और दोआबा के किसानों द्वारा सभी जिलों के डीसी दफ्तरों के बाहर दिया गया. किसानों ने प्रदर्शन में अपनी नाराजगी व्यक्त की और सरकार को अल्टीमेटम दिया. किसानों ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा शुगरकेन बोर्ड का गठन नहीं किया गया है, जबकि इसका कार्यकाल अप्रैल माह में समाप्त हो चुका है। बोर्ड के गठन के बिना शुगर मिल नहीं चलाई जा सकतीं. किसानों के अनुसार, नवंबर महीने की 18 तारीख हो चुकी है, लेकिन न तो बोर्ड का गठन हुआ है और न ही सरकार ने इस संबंध में कोई बैठक की है. 

10:22 AM(5 महीने पहले)

रैबीज से संक्रमित गाय की मौत, पूरे गांव में दहशत, लोगों ने लगवाए टीके

Posted by :- Bajpai

यूपी के गोरखपुर के एक गांव में रैबीज संक्रमित गाय की 2 दिन पहले हुई मौत के बाद से दहशत फैल गई है. कुछ दिन पहले भी गांव में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में इस गाय के कच्चे दूध का पंचामृत बनाया गया था जिसे गांव के लगभग 200 लोगों ने आस्था के साथ ग्रहण किया था. धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन करने वाले जजमान के घर वालों और रिश्तेदारों ने भी पंचामृत का सेवन किया था. दो दिन पहले गाय की मौत के बाद डॉक्‍टरों ने दूध का सेवन करने वाले सभी लोगों को रेबीज का इंजेक्शन लगवाने की सलाह दी है. ऐसे में अब ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. बताया जा रहा है कि गाय को दो से तीन माह पहले किसी पागल कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद कुछ दिन पूर्व से ही वह अजीबो-गरीब हरकत कर रही थी. डॉक्‍टरों ने भी गाय के अंदर रेबीज के लक्षण बताए थे.
 

9:52 AM(5 महीने पहले)

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के दौरे पर

Posted by :- Bajpai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश के पुट्टापार्थी में सुबह लगभग 10 बजे भगवान श्री सत्य साईं बाबा के पवित्र तीर्थस्थल और महासमाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगेे. प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:30 बजे भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी समारोह में भाग लेंगे. वे इस अवसर पर भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जीवन, शिक्षाओं और शाश्वत विरासत को समर्पित स्मारक सिक्का और डाक टिकटों का सेट जारी करेंगे. वे इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे.इसके बाद प्रधानमंत्री तमिलनाडु के कोयंबटूर जाएंगे. वहां वे लगभग 1:30 बजे दिन में दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन 2025 का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देश भर के 9 करोड़ किसानों को सहायता प्रदान करने के लिए पीएम-किसान योजना की 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि की 21वीं किस्त जारी करेंगे. प्रधानमंत्री इस अवसर पर वहां उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे. दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन 2025 तमिलनाडु प्राकृतिक कृषि हितधारक मंच की ओर से 19 से 21 नवंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहा है. इस शिखर सम्मेलन का उद्देश्य टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और रसायन-मुक्त कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना तथा भारत में कृषि के भविष्य के लिए व्यावहारिक, जलवायु-अनुकूल और आर्थिक रूप से टिकाऊ मॉडल के रूप में प्राकृतिक और फिर से विकास योग्य कृषि की ओर परिवर्तन को गति प्रदान करना है.यह शिखर सम्मेलन किसान और उत्पादक संगठनों तथा ग्रामीण उद्यमियों के लिए बाज़ार संपर्क का निर्माण करने पर भी केंद्रित होगा. साथ ही इसमें जैविक इनपुट, फूड प्रोसेसिंग, पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग और स्वदेशी तकनीकों में इनोवेशंस का प्रदर्शन भी किया जाएगा. इस कार्यक्रम में तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के 50,000 से अधिक किसान, प्राकृतिक कृषि व्यवसायी, वैज्ञानिक, ऑर्गेनिक इनपुट सप्‍लायर्स, विक्रेता और हितधारक भाग लेंगे. 

9:17 AM(5 महीने पहले)

PMFBY: सरकार ने बदला फैसला, जंगली जानवर और बाढ़ से चौपट धान की फसल भी कवरेज में शामिल

Posted by :- Bajpai

केंद्र सरकार ने किसानों की लंबे समय से अटकी उस मांग को आखिरकार मंजूर कर लिया है जिसके तहत जानवरों से होने वाले नुकसान को भी बीमा के दायरे में लाना था. केंद्र सरकार ने मंगलवार को ऐलान किया है कि अगले खरीफ सीजन से जंगली जानवरों के हमले से होने वाले फसल नुकसान और बाढ़ के कारण धान को होने वाले नुकसान को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत कवर किया जाएगा. इसी तरह, बाढ़ संवेदनशील इलाके और तटीय राज्यों में धान के किसान भारी बारिश और जलमार्गों के उफान के कारण बार-बार जलभराव से नुकसान झेलते रहे हैं. फसल बीमा योजना में जलभराव को शामिल करने से किसानों को मुआवजे का दावा करने में मदद मिलेगी. 
 

8:21 AM(5 महीने पहले)

IMD प्रमुख मृत्युंजय महापात्र को सर गिल्बर्ट वॉकर पुरस्कार 2025 से सम्मानित

Posted by :- Bajpai

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र को मौसम विज्ञान, पूर्वानुमान नवाचार और गंभीर मौसम चेतावनी प्रणालियों में उनके योगदान के लिए भारतीय मौसम विज्ञान सोसायटी (आईएमएस) द्वारा सर गिल्बर्ट वॉकर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया है. मंगलवार को जारी एक बयान में, आईएमडी ने कहा कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार, जिसे सर गिल्बर्ट वॉकर स्वर्ण पदक के रूप में भी जाना जाता है, नई वायुमंडलीय घटनाओं की खोज, मौसम प्रक्रियाओं की वैज्ञानिक समझ को आगे बढ़ाने और समाज के लिए लाभकारी सेवाओं के विकास में आजीवन उपलब्धियों को मान्यता देता है. आईएमडी के मौसम विज्ञान महानिदेशक, महापात्र को 2007 से भारत की चक्रवात चेतावनी प्रणाली के आधुनिकीकरण के लिए भारत के साइक्‍लोन मैन ऑफ इ‍ंंडिया' का टाइटल मिला हुआ है. इससे साइक्‍लोन प्रोन जोन में पूर्वानुमान सटीकता और तैयारियों में बड़ी छलांग लगी है.12 अगस्त, 1965 को ओडिशा के भद्रक जिले में जन्मे, महापात्र ने अपने करियर के शुरुआती दिनों में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) में और कुछ समय के लिए व्याख्याता के रूप में भी काम किया. 
 

7:47 AM(5 महीने पहले)

PM Kisan: आज कोयंबटूर में प्रधानमंत्री मोदी जारी करेंगे पीएम-किसान की 21वीं किस्‍त

Posted by :- Bajpai

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को यहां दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और इस अवसर पर किसानों को 18,000 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता भी जारी करेंगे. पीएम-किसान योजना की 21वीं किस्त, जो जारी की जाएगी, देश भर के 9 करोड़ किसानों को सहायता प्रदान करेगी. हर पात्र किसान को तीन समान किस्तों में सालाना 6,000 रुपये सीधे उनके बैंक खातों में जमा किए जाएंगे. प्रधानमंत्री पुट्टपर्थी में दिवंगत आध्यात्मिक गुरु श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी समारोह में भाग लेने के बाद आंध्र प्रदेश से दोपहर 1.30 बजे दक्षिण भारत की कपड़ा राजधानी पहुंचेंगे. प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'यह शिखर सम्मेलन इस क्षेत्र में काम कर रहे कई किसानों, शोधकर्ताओं और नवप्रवर्तकों को एक साथ लाता है. टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल और रसायन-मुक्त कृषि पद्धतियों पर जोर वाकई सराहनीय है.' उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पीएम-किसान योजना की 21वीं किस्त 'देश भर के मेहनती किसानों' को जारी की जाएगी.