Agriculture Live Blogमौसम विभाग के मुताबिक, अगले 1 दिन के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आंधी और बिजली के साथ बारिश और तेज तूफानी हवाएं जारी रहने की संभावना है. वहीं, 15 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और गुजरात में लू का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है. मौसम की खबर के अलावा किसान आंदोलन की बात करें तो किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने अपना अनशन खत्म कर दिया है. उन्होंने कहा कि वह अनशन खत्म कर रहे हैं, लेकिन विरोध जारी रहेगा. मालूम हो कि 4 मई को दोनों मोर्चों की केंद्र के साथ बातचीत होनी है.
बिहार में बेहतर मक्का उत्पादन के लिए कटिहार की पहचान मक्कांचल के रूप में होती है. मगर अचानक मौसम के करवट बदलने से कटिहार यानी मक्कांचल में किसानों को भारी नुकसान हुआ है. कोढा प्रखंड के इलाके में पानी और आंधी-तूफान की वजह खेतों में ही सारा मक्का से गिर गया. किसानों की मानें तो बारिश और तूफान से कटिहार के मक्का हब के रूप में खास पहचान रखने वाले कोढ़ा में 40 से 50 प्रतिशत मक्का खेतों को भारी नुकसान हुआ है. स्थनीय किसानों का कहना है कि वह लोग कर्ज लेकर मक्का की खेती करते हैं और इसी से पूरा साल उन लोगों का रोज़ी रोटी चलता है. ऐसे में इस नुकसान से किसान काफी परेशान हैं और सरकार से इसकी भरपाई की उम्मीद कर रहे हैं.
रिपोर्ट- बिपुल राहुल
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में 'जीरो पॉवर्टी' मिशन का नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि इस महीने के अंत में शुरू होने वाली इस पहल का उद्देश्य हर वंचित व्यक्ति को गरीबी रेखा से ऊपर उठाना है. योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दिवंगत विधिवेत्ता एवं समाज सुधारक अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अंबेडकर महासभा द्वारा आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित इस कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी वंचित व्यक्ति बुनियादी सुविधाओं और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे.
गर्मी का मौसम शुरु होते ही आग ने भी दस्तक देना शुरु कर दिया है. यूपी के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आगजनी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. ग्रेटर नोएडा में सोमवार को आग का तांडव देखने को मिला. थाना दनकौर क्षेत्र के दादूपुर गांव के जंगल में सोमवार सुबह करीब दस बजे के आसपास भीषण आग लग लगी.
आपको बता दे कि ग्रेटर नोएडा के थाना दनकौर क्षेत्र के दादपुर गांव में अचानक से गेहूं की पक्की फसल में आग लग गई, जिसके कारण गांव वालों में हड़कंप मच गया. हालांकि आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि यह आग राहुल और राजे नाम के किसान के खेतों में लगी है. राहुल की 9 बीघा और राजे की 6 बीघे फसल जल कर राख हो गई. सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया हालांकि बता दे कि खड़ी फसल में लगी आग से किसी तरीके कोई जल हानि नहीं हुई है हालांकि लाखों रुपए का नुकसान हो गया है.
अप्रैल महीने के शुरुआती सप्ताह में जहां बिहार के लोग गर्मी और तेज धूप से परेशान थे, वहीं दूसरे सप्ताह में मौसम के बदले मिजाज के कारण तेज आंधी और बारिश से लोगों को राहत मिली. हालांकि, बेमौसम बारिश और तेज आंधी की वजह से रबी की फसल को काफी नुकसान भी हुआ है. वहीं,पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 13 अप्रैल तक बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन अब मौसम विभाग ने 19 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है.
इस अवधि के दौरान हवा की गति 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की उम्मीद है. जबकि तापमान अधिकतम 34–38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20–26 डिग्री सेल्सियस तक बना रहा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ 16 अप्रैल को बन रहा है.जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है.
केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा Farmer ID बनाने का अभियान चलाया जा रहा है. ताकि किसानों को खेती संबंधी सभी योजनाओं का लाभ मिल सके. मैंने भी आज अपनी किसान आईडी बनवाई है. मेरा सभी किसान भाई-बहनों से आग्रह है कि देर मत कीजिए, आप भी किसान आईडी बनवाइये.
सहकारी समितियां मप्र में पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर चला सकेंगी: सीएम यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि सहकारी समितियां अब पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर जैसी सेवाएं संचालित कर सकेंगी.
वे रविवार को यहां राज्य स्तरीय सहकारी सम्मेलन में बोल रहे थे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और मप्र में ऐसी गतिविधियों के विस्तार के लिए बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों का उपयोग किया जा रहा है.
उन्होंने कहा, "अब सहकारी समितियां पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य सेवाएं भी संचालित कर सकेंगी. मप्र में (फरवरी में) वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दौरान सहकारी समितियों के माध्यम से कारखाने चलाने के लिए भी समझौते किए गए थे."
यादव ने कहा कि दूध उत्पादन घरेलू आय बढ़ाने का एक सिद्ध साधन है.
उन्होंने कहा, "सरकार गाय पालन और डेयरी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. पशुपालन के लिए सब्सिडी योजना शुरू की गई है."
बिजनौर में गेहूं की फसल में लगी आग को बुझाने के प्रयास में एक किसान की जलकर मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया है. आग इतनी भयंकर थी कि किसान की आग में झुलसकर मौके पर ही मौत हो गई और काफी देर तक उसका सब खेत में ही पड़ा रहा.
बिजनौर थाना मंडावर क्षेत्र के गांव मुंहंडिया धर्मशी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब खेत में गेहूं काट रहे एक बुजुर्ग किसान की आग में झुलसकर मौत हो गई.
80 वर्षीय किसान किशना अपने खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे. उसी दौरान खेत में अचानक आग लग गई. आग कैसे लगी, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन बताया जा रहा है कि तेज़ गर्मी और सूखी फसल के चलते आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया.
किशना ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वह लपटों में घिर गए और गंभीर रूप से झुलस गए। खेत से धुआं उठता देख आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उन्हें आग से बाहर निकाला गया. लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और किसान किशना की झुलसकर मौके पर ही मौत हो चुकी थी.
सूचना पर मंडावर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
गांव में घटना के बाद शोक की लहर दौड़ गई है. परिजन व ग्रामीणों ने प्रशासन से गरीब किसान के लिए मुआवजे की मांग की है.
जोरहा : असमिया नववर्ष के पहले दिन रोंगाली बिहू के अवसर पर जोरहाट जिले के मोनई माझी गांव में गोरू बिहू उत्सव पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया.
गोरू बिहू, जो गौ माता की पूजा और देखभाल को समर्पित होता है. पूरे असम में इस पारंपरिक उत्सव को उमंग के साथ मनाया जाता है. सुबह-सुबह गांव के लोग अपने गाय-बैलों को पास की नदी तक ले गए, जहां उन्हें हल्दी और काले चने के उबटन से नहलाया गया. इसके बाद उन्हें लौकी, बैंगन और अन्य सब्जियों से बनी माला पहनाई गई. इस दौरान गांव की गलियों में "लौ खा, बैंगना खा... बासरे बासरे बाहरी जा... मा रे हरू... बापेरे हरू... तोई होबी बोर गोरू…" जैसे पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दी.
वहीं महिलाएं पारंपरिक वस्त्रों में बिहू गीत गाती नजर आईं, जबकि पुरुषों ने ढोल, पेपा और टोका बजाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। गायों को नहलाने के बाद उन्हें पिठा, गुड़ और हरी घास खिलाकर उनके कृषि में योगदान के लिए आभार प्रकट किया गया.
मोनई माझी गांव में आयोजित यह आयोजन असम की कृषि परंपरा और सामुदायिक एकता की झलक पेश करता है और यह दर्शाता है कि किस तरह बिहू पर्व पीढ़ियों को पारंपरिक विरासत और आनंद से जोड़ता है.
वहीं आज जोरहाट की नदी घाट पर आयोजित गोरू बिहू को देखने के लिए विदेशी पर्यटक पहुंचे. स्वीडेन से आए पर्यटक दंपत्ति ने असमिया सभ्यता और संस्कृति को करीब से जाना और भाव विभोर हो गए.
पटना मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा अब ’नाउकास्ट’ (Nowcast) सेवा शुरू की गई है, जिसके तहत राज्य के किसी भी ब्लॉक में अगले तीन से चार घंटे में होने वाली बारिश की जानकारी दी जा सकती है. पहले यह पूर्वानुमान जिला स्तर पर जारी किया जाता था, लेकिन अब इसे ब्लॉक स्तर पर भी जारी किया जा रहा है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के नाउकास्ट के अनुसार सोमवार दोपहर 12:30 बजे तक निम्नलिखित ब्लॉकों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है: दिघवारा, छपरा, गरखा, दरियापुर, परसा, नगरा, अमनौर, मरहौरा, सोनपुर, भगवानपुर, ललगंज, गोरौल, सकरा, ढोली (मुरौल), गायघाट, चेहरा कलां, वैशाली, पतेरी बेलसर, कुडहानी, सरैया, मरवन, मुशहरी, बोचाहा, कांटी, मीनापुर, कटरा, रनिसैदपुर, रेवलगंज, जलालपुर, बनियापुर, मकर, इशुपुर, तरैया, परू, मशरख, पनापुर और बरूराज (मोतीपुर)
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में भी अब हल्के-हल्के तापमान बढ़ने लगा है. यहां कल से 5 दिन तक दिन के समय तेज़ सतही हवाएं चलेंगी और तापमान 41 डिग्री तक पहुंचेगा. आज की बात करें तो दिल्ली का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
नासिक जिले के येओला तालुका में लगातार दूसरे दिन बेमौसम बारिश हुई. इस बार तालुका के राजापुर और पन्हालसाठे इलाकों में ओलावृष्टि के कारण भंडारित प्याज भीग गया है. कुछ स्थानों पर खेतों में प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है. चूंकि कई स्थानों पर ग्रीष्मकालीन प्याज की कटाई चल रही है, इसलिए यह देखा गया है कि अचानक हुई बारिश के कारण किसानों को जल्दबाजी करने पर मजबूर होना पड़ा है. रोजाना हो रही बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों को डरा दिया है.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी-बारिश ने जमकर कहर मचाया. हालांकि इससे तापमान में गिरावट के साथ गर्मी से कुछ राहत मिली है. लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ आगे बढ़ने लगा है. ये पूर्व दिशा में आगे बढ़ गया है और अब यह मध्य से ऊपरी क्षोभमंडलीय स्तरों पर एक द्रोणिका के रूप में देखा जा रहा है.
ओडिशा के मयूरभंज जिले में घना कोहरा छाया हुआ है

उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा. लखनऊ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वाराणसी और प्रयागराज में हल्की बारिश से तापमान में मामूली गिरावट आएगी.
मौसम विभाग के अनुसार,आज दिल्ली-एनसीआर में गर्मी से राहत रहेगी, हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. पंजाब और हरियाणा में लू कम होगी, पर राजस्थान में गर्मी जारी रहेगी. उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today