Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Dec 09, 2025, Updated Dec 09, 2025, 8:16 PM IST

उत्तर भारत में सर्दियों की दस्तक के साथ मौसम पूरी तरह बदल चुका है और किसानों के लिए बुआई का व्यस्त सीजन शुरू हो गया है. पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बढ़ती शीतलहर के बीच रबी फसलों की बुवाई तेजी पकड़ रही है. वहीं दक्षिण भारत में लगातार बारिश का दौर जारी है. इस लाइव और लगातार अपडेट होते सेक्शन में आपको खाद-बीज, खेती और गार्डनिंग के उपयोगी टिप्स, किसानों के लिए जरूरी सरकारी योजनाओं की जानकारी और कृषि जगत से जुड़े बड़े राष्ट्रीय घटनाक्रम एक ही जगह मिलते रहेंगे. 

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

उत्तर भारत में सर्दियों की दस्तक के साथ मौसम पूरी तरह बदल चुका है और किसानों के लिए बुआई का व्यस्त सीजन शुरू हो गया है. पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बढ़ती शीतलहर के बीच रबी फसलों की बुवाई तेजी पकड़ रही है. वहीं दक्षिण भारत में लगातार बारिश का दौर जारी है. इस लाइव और लगातार अपडेट होते सेक्शन में आपको खाद-बीज, खेती और गार्डनिंग के उपयोगी टिप्स, किसानों के लिए जरूरी सरकारी योजनाओं की जानकारी और कृषि जगत से जुड़े बड़े राष्ट्रीय घटनाक्रम एक ही जगह मिलते रहेंगे. 

7:17 PM(3 महीने पहले)

जंगलों में बकरियां छोड़ेगी महाराष्‍ट्र सरकार, तेंदुए के हमलों को देखते हुए फैसला

Posted by :- Prateek

नागपुर: महाराष्ट्र के फॉरेस्ट मिनिस्टर गणेश नाइक ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने फॉरेस्ट अधिकारियों से कहा है कि वे तेंदुओं को शिकार की तलाश में इंसानी बस्तियों में आने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में बकरियां जंगलों में छोड़ दें. वह राज्य में तेंदुओं के हमलों में खतरनाक बढ़ोतरी के बारे में विधानसभा में NCP (SP) MLA जितेंद्र आव्हाड के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे. मंत्री ने कहा, "अगर तेंदुओं के हमलों में चार लोग मारे जाते हैं, तो राज्य को 1 करोड़ रुपये (मुआवजे के तौर पर) देने पड़ते हैं. इसलिए मैंने अधिकारियों से कहा, मौत के बाद मुआवजा देने के बजाय, 1 करोड़ रुपये की बकरियां जंगल में छोड़ दें ताकि तेंदुए इंसानों की बस्तियों में न आएं." (पीटीआई)

6:33 PM(3 महीने पहले)

महाराष्ट्र में फलीय फसलों के इंश्योरेंस की डेडलाइन बढ़ी, जानें नई तारीख

Posted by :- Prateek

मुंबई: (9 दिसंबर) महाराष्ट्र सरकार ने आम, काजू और संतरा उगाने वालों के लिए मौसम पर आधारित फल फसल इंश्योरेंस स्कीम के लिए एनरोलमेंट की डेडलाइन 15 दिसंबर तक बढ़ा दी है। राज्य के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भराणे ने मंगलवार को यह जानकारी दी. भरणे ने कहा कि कई किसान समय पर अपना रजिस्ट्रेशन और वेरिफिकेशन प्रोसेस पूरा नहीं कर पाए, जिसके कारण राज्य सरकार ने केंद्र को पत्र लिखकर रबी सीजन के लिए सभी नोटिफाइड जिलों के लिए डेडलाइन बढ़ाने की मांग की. उन्होंने एक बयान में कहा, "रिक्वेस्ट पर ध्यान देते हुए, केंद्र ने आम, काजू और संतरा उगाने वालों के लिए स्कीम के तहत एनरोलमेंट की डेडलाइन 15 दिसंबर तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है." (पीटीआई)

6:06 PM(3 महीने पहले)

कर्नाटक में BJP नेता और किसान हिरासत में लिए गए

Posted by :- Prateek

बेलगावी (कर्नाटक): कर्नाटक BJP अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र समेत कई प्रदर्शनकारियों को मंगलवार को हिरासत में ले लिया गया, जब वे बड़ी संख्या में किसानों के साथ कांग्रेस सरकार की "किसान विरोधी नीतियों" का विरोध करने के लिए सुवर्ण विधान सौध की ओर मार्च कर रहे थे. विधानसभा में विपक्ष के नेता विजयेंद्र, विधान परिषद में विपक्ष के नेता आर अशोक, चलवाधी नारायणस्वामी और कई MLA, MLC और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में मालिनी सिटी ग्राउंड्स में भारी भीड़ जमा हुई थी. कर्नाटक विधानमंडल का 10 दिन का शीतकालीन सत्र यहां सुवर्ण विधान सौध में चल रहा है, जो 8 दिसंबर को शुरू हुआ था. (पीटीआई)

5:53 PM(3 महीने पहले)

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात सरकार पर बोला हमला, कहा- राजकोट जेल में किसानों से मिलने नहीं दिया गया

Posted by :- Prateek

राजकोट: आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि उन्हें राजकोट में जेल में बंद किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने की इजाज़त नहीं दी गई और गुजरात सरकार पर अंग्रेजों से भी ज़्यादा "ज़ुल्म करने वाला" होने का आरोप लगाया. केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने जेल में बंद किसानों से मिलने के लिए पहले से इजाजत मांगी थी. पुलिस ने अक्टूबर में बोटाद जिले के हद्दाद गांव में विरोध प्रदर्शन करने के लिए 88 किसानों और AAP नेताओं को गिरफ़्तार किया था. उनमें से 46 अभी भी जेल में हैं. (पीटीआई)

4:33 PM(3 महीने पहले)

दिल्ली की हवा में मामूली सुधार, एक्यूआई 291 दर्ज किया गया

Posted by :- Bajpai

राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता में मंगलवार को मामूली सुधार दर्ज किया गया और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार सुबह नौ बजे शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 291 रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है. सोमवार की सुबह दिल्ली का एक्यूआई 318 दर्ज किया गया था, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में था.सीपीसीबी के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, दिल्ली के 38 निगरानी केंद्रों में से 18 ने वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ (एक्यूआई 300 से ऊपर) और 20 ने ‘खराब’ (एक्यूआई 200 से ऊपर) दर्ज की.सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है. न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.4 डिग्री कम है. सुबह सापेक्ष आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में कोहरे की संभावना जताई है. अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

2:28 PM(3 महीने पहले)

कश्मीर में कड़ाके की ठंड, कई इलाकों में पारा फ्रीजिंग प्‍वाइंट से नीचे

Posted by :- Bajpai

मौसम विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर में पारा फ्रीजिंग प्‍वाइंट से नीचे रहा और घाटी में अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया. अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात से शून्य से 2.4 डिग्री नीचे था. शहर में रात का तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम था. अधिकारियों ने कहा कि घाटी के प्रवेश द्वार शहर, दक्षिण कश्मीर में काजीगुंड और उत्तर में कुपवाड़ा शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. उन्होंने कहा कि पहलगाम, जो वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के रूप में कार्य करता है, में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. उन्होंने कहा कि गुलमर्ग में शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और पुलवामा शहर में जीरो से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कहा कि 12 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा.13 दिसंबर से कुछ दिनों तक कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. कश्मीर के निवासी 21 दिसंबर से शुरू होने वाली 40 दिनों की कठोर सर्दियों की अवधि का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं. 

1:51 PM(3 महीने पहले)

चक्रवात से अगर उखड़ें नार‍ियल के पेड़ तो बोर्ड करेगा मदद, संसद में कृषि मंत्री का बड़ा ऐलान

Posted by :- Bajpai

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार में लोकसभा में उन तमाम नारियल किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया जिनकी फसल चक्रवात में तबाह हो गई है. उन्‍होंने कहा, 'अगर चक्रवात आदि के कारण यदि नारियल के पेड़ उखड़ गए हैं और फसल को नुकसान पहुंचा है, तो वहां नए बागों को लगाने के लिए नारियल बोर्ड सहायता प्रदान करता है. इस दिशा में और क्या उपाय जरूरी हैं, उस पर भी हम काम किया जा रहा है. हम राज्य सरकार को मदद करने का काम करते हैं और नारियल विकास बोर्ड जो सहयोग कर सकता है, वह निश्चित तौर पर करेगा.' 

 

1:29 PM(3 महीने पहले)

नारियल के किसानों को भी मिलेगा केंद्र सरकार से मुआवजा- कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Bajpai

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार में लोकसभा में बताया कि दक्षिण के नारियल किसानों को सपोर्ट करने के लिए सरकार ने क्‍या-क्‍या किया है. उन्‍होंने कहा, 'नारियल में कीट प्रकोप से बचाव के लिए क्या-क्या उपाय किए जा सकते हैं, इस पर भी हमने निर्देश दिए हैं. मैं स्वयं कोयंबटूर भी गया था, वहां हमने फसल का भी आकलन किया है, और विशेषज्ञों की टीम भी भेजी है. अगर किसी कीटनाशक के कारण फसलों को नुकसान हुआ होगा, तो संबंधित कंपनी से मुआवजे की भरपाई भी कराई जाएगी. हमारा देश नारियल के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है, और न केवल नारियल उत्पादन में हम प्रथम स्थान पर हैं बल्कि ₹30,789 करोड़ का योगदान हमारी GDP में नारियल अभी दे रहा है और ₹4,349 करोड़ के नारियल का हमने एक्सपोर्ट भी किया है. 

 

1:17 PM(3 महीने पहले)

PMFBY में हुआ बदलाव, अब देरी का हर्जाना भरेंगी बीमा कंपनियां-कृषि मंत्री शिवराज सिंह

Posted by :- Bajpai

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार में लोकसभा में बताया कि केंद्र सरकार की तरफ से फसल बीमा में बदलाव किया गया है. उन्‍होंने कहा, 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अकेले महाराष्ट्र में 26 हजार 342 करोड़ रुपए और पूरे देश में 1 लाख 90 हजार करोड़ रुपए के क्लेम का भुगतान बीमा कंपनियों द्वारा किया गया है. हमने एक संशोधन और किया है कि अगर बीमा कंपनी क्लेम देने में देर करेगी तो 12% की दर से ब्याज की राशि भी उन्हें देनी पड़ेगी.' उन्‍होंने आगे कहा, 'मैं खुद भी महाराष्ट्र होकर आया हूं। जितना भी नुकसान हुआ है, उसके आकलन के आधार पर जितनी राशि होगी, वह केंद्र सरकार फसल बीमा योजना के अंतर्गत दिलाएगी. इसके साथ ही NDRF के तहत राज्य को भी राशि दी जाएगी. महाराष्ट्र सरकार का प्रतिवेदन प्राप्त हो चुका है, और उसके आधार पर राज्य को सहायता प्रदान की जाएगी.' 

 

  

12:10 PM(3 महीने पहले)

झारखंड में 15 से 16 रुपये में धान बेचने पर मजबूर किसान 

Posted by :- Bajpai

झारखंड के रामगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 70 से 80 फीसदी किसान खेती बाड़ी पर ही निर्भर है. किसानों की मानें तो इस साल अच्छी बारिश होने की वजह से धान की बंपर फसल हुई है और उन्हें अपनी फसलों की अच्छी कीमत मिलने की एक उम्मीद जगी थी. लेकिन दुर्भाग्य है कि सरकार के उदासीन रवैये ने उनकी इस उम्‍मीद को तोड़ दिया है. राज्‍य में अभी तक सरकारी धान की आधिकारिक खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई है. मजबूरी में किसान बिचौलिए को कम कीमत पर ओने-पौने दामो में 15 से 16 रुपए में धान बेचने को मजबूर हो गए है. किसान धान अधिप्राप्ति केंद्र खुलने के इंतजार में टकटकी लगाए हुए बैठे हैं कि सरकार की निगाहे कब इनकी ओर इनायत होगी. गौरतलब है कि इस मामले पर सोमवार को बीजेपी जो विपक्ष में है, उसने विरोध प्रदर्शन भी किया था. 
 


 

10:54 AM(3 महीने पहले)

बोटाद में केजरीवाल ने की किसानों से मुलाकात, किया सम्मान

Posted by :- Bajpai

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कन्वीनर अरविंद केजरीवाल कुछ दिनों के अंतराल के बाद एक बार फिर गुजरात आए हैं. अरविंद केजरीवाल तीन दिन के राजकोट प्रवास पर हैं. सोमवार शाम केजरीवाल राजकोट पहुंचे और उन्होंने बोटाद में कुछ किसानों से मुलाकात की. कुछ समय पहले आम आदमी पार्टी के विरोध कार्यक्रम के दौरान किसानों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में 88 किसानों पर मामले दर्ज किए गए थे. इन किसानों को गिरफ्तार किया गया था और उनमें से 46 किसान जब जमानत पर बाहर आए तो इनसे केजरीवाल ने मुलाकात की और उनका सम्मान भी किया.अभी भी आम आदमी पार्टी के नेता राजू करपड़ा और प्रवीण राम समेत अभी भी 32 लोग जेल में है जिनसे मिलने अरविंद केजरीवाल कल राजकोट जेल में मिलने जाएंगे. किसानो पर एफआईआर के मुद्दे पर केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी सरकार अंग्रेजों जैसी अहंकारी है. उन्होंने आरोप लगाया कि शराब बेचने वालों पर भाजपा कार्रवाई नहीं करती, लेकिन किसानों पर झूठे मामले दर्ज किए जाते हैं. केजरीवाल ने मांग की कि जो किसान अभी जेल में हैं उन्हें तुरंत रिहा किया जाए. केजरीवाल के अनुसार उनकी सरकार आने पर 24 घंटे में किसानों पर दर्ज की गई सभी झूठी एफआईआर वापस ली जाएंगी. 

 

10:17 AM(3 महीने पहले)

महाराष्‍ट्र के बुलढाणा में कर्ज ने ले ली एक और किसान की जान, पेड़ से लटकी मिली लाश

Posted by :- Bajpai

महाराष्‍ट्र के बुलढाना जिले में 4 दिसंबर की शाम एक किसान ने आत्महत्या कर अपना जीवन समाप्त कर लिया, था लेकिन तहसील प्रशासन जांच के लिए 8 दिसंबर को मृतक किसान के घर पहुंचा.जिले के शेगाव तहसील के चिंचोली गांव में रहने वाले 55 वर्षीय किसान की लाश 4 दिसंबर की शाम नीम के पेड़ से लटकी मिलने से गांव में हड़कंप मच गया था. घटना की जानकारी गांव के पुलिस पाटिल ने शेगाव ग्रामीण पुलिस स्टेशन को दी. मृतक किसान राजेश रामकृष्ण इंगले के पास दो एकड़ खेत होने की बात पता चली है. शेगांव ग्रामीण पुलिस स्टेशन के पुलिस अधिकारी पीतांबर जाधव ने आजतक को फोन बताया कि मृतक किसान के जेब में सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था कि कर्ज के कारण आत्महत्या कर रहा है. मृतक किसान अपने पीछे पत्नी, बेटा और बेटी छोड़ गए हैं.शेगांव तहसील के नायब तहसीलदार अपने कर्मचारियों के साथ आज मृतक किसान के घर पहुंचे और जानकारी इकट्ठा की, नायब तहसीलदार कानडे ने बताया कि कृषि विभाग और तहसील प्रशासन की टीम मृतक घर पहुंचीं और मृतक की पत्नी और बेटे से पूछताछ की.मृतक की जेब में सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें आत्महत्या का कारण लिखा है, पता चला है कि किसान पर SBI का 50 हजार रुपयों का कर्ज था.पुलिस स्टेशन से पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और कृषिविभाग से रिपोर्ट लेकर वरिष्ठों को भेजेंगे.
 

9:19 AM(3 महीने पहले)

आज से बढ़ेगी दिल्‍ली में ठंड, अधिकतम और न्‍यूनतम तापमान में भी आएगी गिरावट

Posted by :- Bajpai

आज से 12 दिसम्बर तक मध्य पूर्वी और उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में शीतलहर की स्थिति बनी रहने की संभावना है.अगले दो दिन पंजाब हरियाणा चंडीगढ़ दिल्ली उतरी राजस्थान में शीतलहर की स्थिति बनेगी. आज भी आंशिक रूप से दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और सुबह के समय धुंध छाई रहने की संभावना है. देश की राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम और न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री ।सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस हो सकता है.अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में कमी आएगी जिससे ठंड का आभास बढ़ेगा. 

8:04 AM(3 महीने पहले)

दुनिया में 49 फीसदी पेमेंट में UPI की हिस्‍सेदारी, IMF ने भी खुलकर तारीफ

Posted by :- Bajpai

इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) की जून 2025 की 'ग्रोइंग रिटेल डिजिटल पेमेंट्स (द वैल्यू ऑफ़ इंटरऑपरेबिलिटी)' रिपोर्ट में यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को ट्रांजैक्शन वॉल्यूम के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा रिटेल फास्ट-पेमेंट सिस्टम (FPS) माना गया है. वित्त मंत्रालय के अनुसार, ACI वर्ल्डवाइड की 'प्राइम टाइम फॉर रियल-टाइम' 2024 रिपोर्ट के अनुसार, UPI का ग्लोबल रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में लगभग 49 फीसदी हिस्सा है.UPI सहित डिजिटल पेमेंट सिस्टम को अपनाने में छोटे व्यापारियों की मदद करने के लिए, सरकार, भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) और नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा समय-समय पर कई पहल की गई हैं.

7:49 AM(3 महीने पहले)

छतरपुर में सीएम की मीटिंग के दौरान खाद किल्‍लत पर किसानों का प्रदर्शन 

Posted by :- Bajpai

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को खजुराहो में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक की, जबकि उसी दौरान किसानों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में खाद की किल्लत को लेकर प्रदर्शन और चक्का जाम किया. किसानों के गुस्‍से और समीक्षा बैठक को देखते हुए प्रशासन को कुछ थानों में भी खाद के लिए टोकन वितरण की व्यवस्था करनी पड़ी. मुख्यमंत्री यादव ने बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता, मध्यम एवं लघु उद्योग, राजस्व, औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार और नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा की. मुख्यमंत्री जब यह बैठक कर रहे थे तब वहां से कुछ ही दूरी पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में किसानों ने खाद की किल्लत को लेकर प्रदर्शन और चक्का जाम किया. किसानों के समूहों ने बमीठा थाना क्षेत्र, हरपालपुर थाना क्षेत्र और बड़ा मलहरा थाना क्षेत्र सहित कुछ अन्य इलाकों में खाद को लेकर प्रदर्शन किया.