Advertisement
Agriculture News: सीएम स्टालिन को काले झंडे दिखाने की कोशिश करने पर गन्ना किसान हिरासत में लिए गए

Agriculture News: सीएम स्टालिन को काले झंडे दिखाने की कोशिश करने पर गन्ना किसान हिरासत में लिए गए

क‍िसान तक Jun 16, 2025, Updated Jun 16, 2025, 7:06 PM IST

भारत में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. देश के कई राज्यों में जहां अगले कुछ दिनों तक गर्मी बनी रहेगी, वहीं कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है. आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा मौसम. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. यानी इन राज्यों में बारिश नहीं होगी और तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है. लेकिन 12 जून 2025 के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा और कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों और खासतौर पर मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि इन इलाकों में बहुत तेज बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव और यातायात में दिक्कतें आ सकती हैं. स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

भारत में एक बार फिर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. देश के कई राज्यों में जहां अगले कुछ दिनों तक गर्मी बनी रहेगी, वहीं कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है. आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में कैसा रहेगा मौसम. मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-NCR में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा. यानी इन राज्यों में बारिश नहीं होगी और तापमान में बढ़ोतरी देखी जा सकती है. लेकिन 12 जून 2025 के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा और कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है. मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों और खासतौर पर मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसका मतलब है कि इन इलाकों में बहुत तेज बारिश हो सकती है, जिससे जलभराव और यातायात में दिक्कतें आ सकती हैं. स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

6:55 PM(10 महीने पहले)

सीएम स्टालिन को काले झंडे दिखाने की कोशिश करने पर गन्ना किसान हिरासत में लिए गए

Posted by :- Ravi Singh

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन के काफिले को तंजावुर में काले झंडे दिखाने की कोशिश करने पर सोमवार को 17 गन्ना किसानों को हिरासत में लिया गया. स्टालिन आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए इस जिले में थे. पुलिस के अनुसार, किसान स्थानीय निजी चीनी मिल से बकाया राशि के बारे में बताने के लिए मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे और मामले को सुलझाने के लिए सरकार से मदद मांगना चाहते थे. हालांकि, उन्हें अनुमति नहीं दी गई और किसानों ने मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें रोक दिया गया और वहां से भगा दिया गया.

6:25 PM(10 महीने पहले)

आंदोलन बना राजस्थान सरकार की ‘वंदे गंगा जन संरक्षण, जन अभियान’

Posted by :- Ravi Singh

राजस्थान सरकार की ‘वंदे गंगा जन संरक्षण, जन अभियान’ और ‘अमृतं जलम्’ जैसी पहलों ने राज्य में जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दे दिया है. जयपुर के समीप स्थित ऐतिहासिक रामगढ़ बांध इस अभियान का केंद्र बन चुका है, जहां आमजन, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सहभागिता ने एक नया इतिहास रच दिया. सुबह से ही श्रमदान करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर उम्र और वर्ग के लोग—नेता, डॉक्टर, व्यापारी, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग—फावड़े-परातों के साथ बांध की गोद में जुट गए. जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे संसाधनों के साथ उत्साह का माहौल ऐसा बना कि “आएगा-आएगा, रामगढ़ बांध में पानी आएगा” और “हम सबने ठाना है, रामगढ़ बांध में पानी लाना है” जैसे नारे गूंजने लगे.

5:54 PM(10 महीने पहले)

हिमाचल में हल्की बारिश के बाद सामान्य पर लौटे तापमान, बारिश का दौर जारी

Posted by :- Ravi Singh

हिमाचल प्रदेश में हो रही बारिश के बाद तापमान सामान्य की ओर लौट रहे हैं. इससे प्रदेश के लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है. सोमवार को शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है. शिमला में सुबह से ही चटक धूप थी लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और जबरदस्त बारिश का दौर शुरू हो गया. मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि आगामी 5 दिनों में प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में माध्यम से हल्की बारिश दर्ज की जाएगी. साथ ही 20 जून के बाद तापमान में और गिरावट होने का पूर्वानुमान है. वहीं प्रदेश में मॉनसून समय से दस्तक दे सकता है. मॉनसून के लिए प्रदेश में स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं.

5:35 PM(10 महीने पहले)

अगले 2-3 दिनों में इन राज्यों में आगे बढ़ेगा मॉनसून, आईएमडी ने दी बड़ी जानकारी

Posted by :- Ravi Singh

आईएमडी ने कहा है, अगले 2-3 दिनों के दौरान उत्तरी अरब सागर के शेष भागों, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और भागों, विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के शेष भागों, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ भागों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के शेष भागों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. 16 जून, 2025 तक दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और कोंकण और गोवा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) के साथ मॉनसून के सक्रिय चरण में रहने की संभावना है.

5:29 PM(10 महीने पहले)

जूनागढ़ में मॉनसून की अच्छी शुरुआत, लगातार 2 घंटे से हो रही बारिश

Posted by :- Ravi Singh

गुजरात के जूनागढ़ शहर में वाहन चालकों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. कई जगह वाहन फंस भी गए हैं. एक स्कूल बस भी फंस गई थी, लेकिन बच्चे बस में नहीं थे. जूनागढ़ के आजाद चौक, सरदार चौक, रेलवे स्टेशन मजेवाडी दरवाजा में भारी बारिश से जलभराव हो गया जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है. गिरनार की पहाड़ी पर भी तेज बारिश हो रही है जिससे जगह-जगह पानी लग गया है. जूनागढ़ में बारिश की शुरुआत होने से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई और किसानों ने बुआई शुरू कर दी है. मॉनसून की थोड़ी देर से सही पर अच्छी शुरुआत से सब लोगों में खुशी फैल गई है.

3:18 PM(10 महीने पहले)

महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 18 लोगों की मौत

Posted by :- Bajpai

1 जून से अब तक महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो चुकी है और 65 लोग घायल हुए हैं.राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक रिपोर्ट में बताया कि भारी बारिश के कारण सड़क दुर्घटनाएं, पुल से गिरना, डूबना, बिजली गिरना और आग लगना समेत कई घटनाओं में मौतें हुई हैं. इसमें बताया गया है कि इस दौरान छह मवेशियों की भी मौत हुई है. सोमवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया है, '1 जून से अब तक राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो चुकी है.' 

3:02 PM(10 महीने पहले)

मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी, आपात स्थिति में इस नंबर पर करें फोन

Posted by :- Bajpai

मौसम विभाग ने कहा है, मुंबई शहर और उपनगरों में आईएमडी द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर, नागरिकों से अनुरोध है कि वे तटीय और निचले इलाकों में जाने से बचें. मुंबई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी सतर्क हैं और मुंबईकरों की सहायता के लिए तैयार हैं. किसी भी आपात स्थिति में 100/112/103 डायल करें.

2:58 PM(10 महीने पहले)

बिहार में अब हर गरीब को पक्का मकान मिलेगा, यह मामा का वादा है-शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Bajpai

बिहार की राजधानी पटना के बापू सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने नोनिया समाज को संंबोधित किया है. शिवराज सिंह ने कहा, 'मामा का सबको राम राम, हम इस समाज के लोग है जहां बुद्धू नोनिया जैसे सेनानी पैदा हुए हैं.' उन्‍होंने कहा कि इतिहास दो ही विद्रोह सब महत्वपूर्ण हैं, पहला संन्यासी विद्रोह और दूसरा नोनिया विद्रोह. बुद्धू नोनिया ने नमक बनाकर सत्याग्रह का आगाज किया था. शिवराज सिंह ने कहा, 'अंग्रेजों ने बुद्धू नोनिया को खौलते कड़ाह में डाल दिया था.' कृ‍षि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां पर बिहार में प्रतिमा लगाने की मांग की है. उन्‍होंंने कहा कि नोनिया समाज को जब भी जरूरत होगी शिवराज हाजिर होगा. उनका कहना था कि कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री के नाते आपका सम्मान बढ़ाऊंगा. उनका कहना था कि पीएम मोदी सबके लिए भगवान का वरदान हैं. उन्‍होंने कहा कि जिसने सम्मान दिया है वह उसके साथ खड़े है. बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले अति पिछड़ा समाज को साधने के लिए बीजेपी ने किया आयोजन. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस कार्यक्रम में बड़ा ऐलान किया है. उन्‍होंने ऐलान किया है कि बिहार में अब हर गरीब को पक्का मकान मिलेगा. उनका कहना है कि केंद्र और बिहार की सरकार मिलकर बिहार में गरीबों के लिए काम करेंगे.  

2:18 PM(10 महीने पहले)

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत

Posted by :- Bajpai

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सोमवार सुबह बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला मजिस्ट्रेट नेहा शर्मा ने बताया कि दोनों मौतें सदर तहसील क्षेत्र में सुबह हुई बारिश के दौरान हुईं. पहली घटना में, दत्तनगर बिसेन निवासी कुणाल शर्मा (20) बारिश के बीच हैंडपंप से पानी लेने के लिए अपने घर से बाहर निकला था, तभी उस पर बिजली गिर गई. उसके परिवार के सदस्य उसे गोंडा मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण बिजली गिरने की पुष्टि हुई है.

1:53 PM(10 महीने पहले)

मणिपुर: धान के खेत विवाद को लेकर सदु लम्पक में तनाव, सुरक्षा बल तैनात

Posted by :- Bajpai

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे इम्फाल ईस्ट में तनाव तब बढ़ गया जब लीटनपोकपी, इम्फाल ईस्ट का एक मैतेई किसान कुकी गांव के पास सदु लम्पक में धान के खेत की जुताई करने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचा. पुलिस ने बताया कि रिपोर्टों के अनुसार, कुछ कुकी गांववालों ने यह कहते हुए विरोध किया कि खेत किसान का नहीं है. कुछ ही देर बाद, आस-पास के मैतेई निवासी भी मौके पर पहुंच गए, जिससे तनाव बढ़ गया. मणिपुर पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आरोप लगाया गया है कि कुकी गांववाले मैतेई किसानों को जमीन पर खेती करने से रोकने के लिए आए थे. 

1:10 PM(10 महीने पहले)

हरिद्वार में भारतीय किसान यूनियन ( टिकैत )के किसानों का महाकुंभ शुरू

Posted by :- Bajpai

भारतीय किसान यूनियन ( टिकैत )के किसानों का महाकुंभ आज हरिद्वार में लाल कोठी पर शुरू हो गया है. इससे पहले वीआईपी घाट पर मेरठ मंडल के किसानों का की बैठक हुई. बैठक में देश भर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होने आए है. इन किसानों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विचार व्यक्त किया. इस दौरान राकेश टिकट ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके मुद्दे सरकार के 11 साल और हमारे 11 सवाल है जिनमें एमएसपी की गारंटी को लागू करना, बिजली को प्राइवेट किये जाने, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करना, दूध पालन किसान की समस्या, भूमिहीन होते किसान की समस्या, भाजपा सरकार की भूमि छीनने की पॉलिसी का स्पष्टीकरण, इंडस्ट्रीज के नाम पर रोड के नाम पर डेवलपमेंट के नाम पर किसान की जमीन छीनकर व्यापारी को देने आदि मुद्दों पर विचार कर निर्णय किया जाएगा. 

1:00 PM(10 महीने पहले)

नवसारी डांग में भारी बारिश, देवधा डैम के 20 गेट खोले गए, 16 गांव अलर्ट पर

Posted by :- Bajpai

नवसारी जिले के गणदेवी तालुका में देवधा टाइडलर डैम के 20 दरवाजे खोले गए हैं. अंबिका नदी पर बने देवधा टाइडलर डैम जो खास कर सिंचाई के लिए बनाया गया है.इसके कुल 40 गेट है फिलहाल इस डैम के 20 गेट खोले गए. आगे बारिश का पैटर्न देखने के बाद निकट भविष्य में 20 और गेट खोले जाएंगे. बांध के गेट खुलने पर अंबिका नदी का जलस्तर बढ़ गया और नदी के किनारे के 16 से ज्यादा गांवों को अलर्ट कर दिया गया है. इन गांव के किसान और मछुआरों को नदी से दूर रहने की सूचना दी गई है. मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया हुआ है. नवसारी प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है.
 

12:10 PM(10 महीने पहले)

बिजनौर में प्री मॉनसून बारिश का कहर, 2 लोगों की मौत, 7 साल की बच्‍ची नाले में गिरी

Posted by :- Bajpai

बिजनौर में प्री मॉनसून की बारिश ने कहर बरपाया है. बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से जहां एक किसान और एक महिला की मौत हो गई तो वहीं पर तेज बारिश में नहाने के लिए अपने दोस्तों के साथ घर से निकली एक 7 साल की बच्ची नाले में गिरकर लापता हो गई. कई घंटों के बाद भी अभी तक उसका कोई पता नहीं लगा है जबकि लोग अभी भी नाले में उसकी तलाश कर रहे हैं.  

11:53 AM(10 महीने पहले)

लातेहार में किसानों का अनिश्चितकालीन जल समाधि सत्याग्रह आंदोलन

Posted by :- Bajpai

लातेहार किसानों ने अनिश्चितकालीन जल समाधि सत्याग्रह आंदोलन शुरू कर दिया है. टोरी चंदवा में फ्लाई ओवरब्रिज और फुट ब्रिज निर्माण चालु कराने समेत कई मांगों को लेकर चटुआग डैम के पानी में किसान खड़े होकर आंदोलन कर रहे हैं. महिलाएं भी हौसला बढ़ाने के लिए उनके साथ डैम में खड़ी हो गई हैं. किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर फ्लाई ओवरब्रिज व बंद पड़े फुट ब्रिज का काम जल्द शुरू नहीं होता है तो किसान जल समाधि लेने पर मजबूर हो जाएंगे जिसकी जिम्मेदारी केंद्र और राज्य सरकार की होगी.किसानों का कहना है कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टोरी - चंदवा का फ्लाई ओवर ब्रिज का शिलान्यास दिनांक 3 अप्रैल 2021 को किया थाा. इसके बाद भी इस ओर ध्यान ही नहीं दिया. शिलान्यास हुए चार साल से ज्‍यादा का समय हो गया लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ. इसके निर्माण नहीं होने से टोरी रेलवे क्रॉसिंग की जाम से लाखों गांव वाले हर दिन बुरी तरह त्रस्त हैं. साथ ही किसानों को मंडी जाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है इस कारण फलों और सब्जियों को मंडी तक नही लेकर जाते है.
 

11:45 AM(10 महीने पहले)

बच्चों की जिद से मिली प्रेरणा, किसान ने शुरू की मौसंबी की खेती

Posted by :- Bajpai

सहारनपुर जिले के नानौता क्षेत्र के किसान शहंशाह आलम ने बच्चों की एक छोटी-सी जिद को अपने जीवन की एक बड़ी प्रेरणा में बदल दिया. उनके बच्चे रोजाना मौसंबी का जूस पीने की जिद किया करते थे. पहले तो शहंशाह आलम उन्हें बाजार से जूस लाकर पिलाते रहे लेकिन जब रोजाना का खर्चा ज्यादा लगने लगा तो उन्होंने एक अनोखा फैसला लिया. उन्होंने सोचा क्यों न अपने खेत में ही मौसंबी की खेती शुरू कर दी जाए जिससे बच्चों की ख्वाहिश भी पूरी हो और आमदनी का जरिया भी बनेगा; इसी सोच के साथ उन्होंने अपने एक एकड़ के खेत में मौसंबी के करीब 100 पौधे लगाए. ये सभी पौधे कोलकाता से मंगवाए गए थे और थाईलैंड की बेहतरीन वैरायटी के हैं जिनमें रस भी भरपूर निकलता है. तीन साल बाद उनके खेत में मौसंबी के पेड़ों पर अच्छी फिलिंग शुरू हो चुकी है. उत्पादन देखकर खुद शहंशाह आलम और उनके बच्चे बेहद खुश हैं।
 

10:53 AM(10 महीने पहले)

दिल्ली में आज होगी प्री-मॉनसून की बारिश, IMD ने दी जानकारी

Posted by :- Bajpai

IMD ने आज दिल्ली में प्री-मॉनसून बारिश का अनुमान लगाया है. आईएमडी के अनुसार अगले 2 घंटों में दिल्ली के अलग-अलग स्थानों (मालवीय नगर, लोदी रोड, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, इग्नू, आयानगर, डेरामंडी) पर बहुत हल्की वर्षा/बूंदाबांदी होने की संभावना है. 
 

10:25 AM(10 महीने पहले)

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश

Posted by :- Bajpai

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बारिश हुई जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई. जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहा. स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र ने 16 से 19 जून तक सभी 10 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ आंधी-तूफान और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 20 से 21 जून तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसने 16 से 19 जून तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की भी भविष्यवाणी की है. मौसम विभाग ने कहा कि राज्य की राजधानी शिमला में आसमान में घने बादल छाए रहे और शिमला और आसपास के इलाकों में आंधी-तूफान के बाद तेज बारिश हुई. राज्य भर में छिटपुट बारिश दर्ज की गई, जिसमें कांगड़ा में सबसे अधिक 34 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसके बाद धर्मशाला में 16 मिमी, शिमला और कुफरी में 7-7 मिमी, चंबा और मंडी में 4-4 मिमी और मनाली में 3.5 मिमी बारिश हुई. मौसम विभाग ने कहा कि राज्य भर में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट आई है और ऊना सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जबकि शनिवार को यह 42.2 डिग्री सेल्सियस था. इस बीच, नेरी में अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस और सुंदरनगर में 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम केंद्र ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे चार से पांच डिग्री और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आने की संभावना है. राज्य में कुकुमसेरी सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि नेरी में न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस, धौलाकुआं में 27.2 डिग्री सेल्सियस, पांवटा साहिब में 27 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

9:52 AM(10 महीने पहले)

कर्नाटक के तट पर रेड अलर्ट, 16 जून को उडुपी, दक्षिण कन्नड़ में स्कूल बंद रहेंगे

Posted by :- Bajpai

कर्नाटक के उडुपी और दक्षिण कन्नड़ के जिला प्रशासन ने आईएमडी द्वारा कर्नाटक तट पर भारी से बहुत भारी वर्षा के लिए रेड अलर्ट जारी करने के बाद सोमवार को सभी स्कूलों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है. संबंधित उपायुक्तों द्वारा अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की गई हैं. इसमें कहा गया कि यह बंदी दोनों तटीय जिलों में आंगनवाड़ी से लेकर हाई स्कूल स्तर तक के सरकारी और निजी दोनों संस्थानों पर लागू है. यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब क्षेत्र में लगातार तेेज मॉनसून की बारिश हो रही है और कई क्षेत्रों में पहले से ही जलभराव, स्थानीय बाढ़ और भूस्खलन के खतरे की सूचना है. अधिकारियों ने जनता से तीव्र वर्षा के दौरान घर के अंदर रहने का आग्रह किया है और स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने पर सभी एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है. आईएमडी ने तटीय कर्नाटक के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी दी है. 

9:50 AM(10 महीने पहले)

दिल्ली के आरके पुरम में करेंट लगने से दो किशोरों की मौत

Posted by :- Bajpai

पुलिस ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार तड़के एक पेड़ के बिजली के तार पर गिरने से दो किशोरों की मौत हो गई. पुलिस ने कहा कि यह घटना तब हुई जब बिहार के मधुबनी के मूल निवासी अरविंद (17) और भरत (16) आरके पुरम के सेक्टर 1 में सड़क किनारे एक भोजनालय में सो रहे थे जहां वो काम करते थे. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने मृतकों में से एक की पहचान रविंदर के रूप में की थी और कहा था कि दोनों की उम्र 30 और 25 वर्ष थी. पुलिस को विवेकानंद मार्ग पर फायर स्टेशन के पास पेड़ गिरने और दो लोगों की करंट लगने की सूचना के बारे में सुबह करीब 4.30 बजे एक पीसीआर कॉल मिली. कॉलर, सुनील (45), जो उस ढाबे का मालिक है जहां पीड़ित काम करते थे, ने पुलिस को सूचित किया कि घटना के समय दोनों किशोर कियोस्क के बाहर सो रहे थे परिणामस्वरूप कियोस्क के आस-पास के क्षेत्र में बिजली का करेंट दौड़ गया और दोनों मजदूरों के साथ-साथ एक आवारा कुत्ते की भी करंट लगने से मौत हो गई. बचाव अभियान के लिए पुलिस, दमकल कर्मियों और बीएसईएस के कर्मचारियों सहित आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कहा, 'दोनों को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.'
 

9:17 AM(10 महीने पहले)

सीएम योगी आज करेंगे 'मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना' के तहत राशि का वितरण

Posted by :- Bajpai

यूपी के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ एक कार्यक्रम में किसानों को दुर्घटना राशि का वितरण करेंगे. उन्‍होंने एक्‍स पर लिखा, 'डबल इंजन की सरकार सर्वसमावेशी विकास, कृषक कल्याण और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लोक-कल्याण के पथ पर सतत अग्रसर है. आज ऋषि-मुनियों एवं सिद्ध संतों की पावन धरा जनपद अम्बेडकरनगर में 'मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना' के अंतर्गत हजारों परिवारों को संबल प्रदान करने हेतु सहायता राशि का वितरण किया जाएगा. साथ ही, जनपद के सर्वांगीण विकास हेतु 1,184 करोड़ रुपये की 194 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास का सौभाग्य भी प्राप्त होगा.