Agriculture Live Blogभारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, सबसे गंभीर स्थिति पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रहने की आशंका है. असम और मेघालय में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में भी भारी बारिश की आशंका है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात बाधित होने का खतरा बना रहेगा. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
तिरुवनंतपुरम: मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को केरल की KERA SMART योजना का लोगो लॉन्च किया. उन्होंने कहा कि यह प्रोग्राम आधुनिक टेक्नोलॉजी, ग्रीन डेवलपमेंट, मार्केट के विस्तार और वैल्यू-एडेड प्रोडक्शन के ज़रिए एग्री-फूड MSME को आगे बढ़ने में मदद करेगा. KERA SMART (मजबूती और बदलाव के लिए एग्रो MSME को मजबूत और आधुनिक बनाना) योजना, वर्ल्ड बैंक की मदद से एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट के KERA (केरल क्लाइमेट रेजिलिएंट एग्री वैल्यू चेन मॉडर्नाइज़ेशन) प्रोजेक्ट के तहत लागू की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना को पूरे राज्य में एग्री-फूड MSME को मजबूत करने और आधुनिक टेक्नोलॉजी व सस्टेनेबल तरीकों को अपनाने को बढ़ावा देकर ग्रोथ के और मौके पैदा करने के लिए डिज़ाइन किया गया है. (पीटीआई)
बिहार कैबिनेट ने बुधवार को कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी. राज्य में PPP मॉडल पर 16 मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों के संचालन के लिए PWC को ट्रांजैक्शन एडवाइजर नियुक्त करने की स्वीकृति दी गई. पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए 30 साल की लीज पर केंद्र सरकार को भूमि उपलब्ध कराई जाएगी. SC/ST अत्याचार मामलों के त्वरित निपटारे के लिए 19 नए विशेष न्यायालय और 171 नए पदों के सृजन को मंजूरी मिली. साथ ही 'हर घर तिरंगा अभियान 2026', राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी में स्पोर्ट्स साइंस सेंटर की स्थापना तथा AMRUT 2.0 के तहत जमालपुर और मुंगेर की जलापूर्ति परियोजनाओं के लिए क्रमशः ₹102.22 करोड़ और ₹177.72 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई.
बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों में निवेश बढ़ाने के लिए गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने "शुगरकेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन पोर्टल (SIPP)" लॉन्च किया. उन्होंने बताया कि अगले महीने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए निवेशक सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा. बिहार गन्ना उद्योग निवेश संवर्धन नीति-2026 के तहत नई शुगर मिलों के लिए ₹70 करोड़ तक आधार अनुदान, पांच वर्षों तक 100% SGST प्रतिपूर्ति, ₹1 की टोकन राशि पर भूमि लीज, स्टाम्प व निबंधन शुल्क की 100% प्रतिपूर्ति के साथ पूंजीगत अनुदान और ब्याज सहायता जैसी कई सुविधाएं दी जाएंगी.
गुजरात के नवसारी जिले में इस मानसून सीजन अब तक औसतन 2200 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 115 प्रतिशत ज्यादा है. भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति से किसानों को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है. जलालपुर तालुका के तवडी गांव में धान और गन्ने की 100 प्रतिशत तक फसल बर्बाद हो गई है. किसानों का कहना है कि 23-24 जुलाई को हुई 35 इंच बारिश ने उनकी मेहनत और हजारों रुपये का खर्च पूरी तरह खत्म कर दिया. अब वे सरकार से मुआवजे की उम्मीद कर रहे हैं. बारिश का असर नवसारी की पोहा मिलों और डायमंड उद्योग पर भी पड़ा है. धान की कमी से 50 पोहा मिलों और करीब 2000 मजदूरों पर संकट मंडरा रहा है. वहीं डायमंड कारखानों में पानी भरने से करोड़ों रुपये की मशीनें खराब हुई हैं, जिससे हजारों कारीगर प्रभावित हुए हैं.
एपीडा (APEDA), वाणिज्य मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन बासमती निर्यात विकास प्रतिष्ठान (BEDF) के निदेशक पद पर डॉ. रितेश शर्मा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है. इससे पहले वह इसी संस्थान में संयुक्त निदेशक के पद पर कार्यरत थे और पिछले 24 वर्षों से बासमती क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. बासमती उत्पादन और निर्यात को बढ़ावा देने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें देशभर में ‘बासमती मैन’ के नाम से जाना जाता है. उन्होंने देश के कई राज्यों में बासमती किसानों को प्रशिक्षण दिया, जिससे किसानों को बेहतर उत्पादन और गुणवत्ता वाली खेती में मदद मिली. उनके प्रयासों से भारत का बासमती निर्यात बढ़ा है और देश को 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विदेशी मुद्रा प्राप्त हो रही है. डॉ. शर्मा के मार्गदर्शन में गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को भी बढ़ावा मिला है, जिससे मेरठ ने बीज क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है. उनके निदेशक बनने पर किसान संगठनों, वैज्ञानिकों, निर्यातकों और अधिकारियों ने खुशी जताई है.
बागपत में आज पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सत्यपाल मलिक की पहली पुण्यतिथि पर कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है. नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी कार्यक्रम में पहुंचने की चर्चा है, हालांकि उनकी मौजूदगी की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इसके अलावा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के भी सभा में शामिल होने की उम्मीद है. कार्यक्रम में किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी, विभिन्न खापों के प्रमुखों और कई अन्य किसान नेताओं के भी मंच साझा करने की संभावना है. श्रद्धांजलि सभा को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक और किसान संगठनों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है.
गुजरात के नवसारी जिले में इस बार भारी बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. जिले में अब तक औसत 2200 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश का करीब 115 प्रतिशत है. सबसे ज्यादा नुकसान जलालपुर तालुका के तवडी गांव के किसानों को हुआ है. यहां 23 और 24 जुलाई को हुई करीब 35 इंच बारिश के बाद खेतों में कई फीट तक पानी भर गया, जिससे धान और गन्ने की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई. किसान जयदीप के मुताबिक, पिछले 50 सालों में ऐसी बारिश नहीं देखी गई. किसानों ने धान की बुआई में प्रति बीघा हजारों रुपये खर्च किए थे, लेकिन भारी बारिश ने उनकी पूरी मेहनत खराब कर दी. अब किसान दोबारा खेती करने की स्थिति में नहीं हैं और सरकार से आर्थिक मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं. खेतों का सर्वे शुरू हो चुका है.
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में नकली लिक्विड यूरिया बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ है. चरवा थाना क्षेत्र के पांसौर गांव में पुलिस, कृषि विभाग और कॉपीराइट टीम ने संयुक्त छापेमारी कर इस फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया. आरोप है कि यहां किसानों को मिलने वाली सब्सिडी वाली यूरिया का इस्तेमाल कर नकली लिक्विड यूरिया तैयार की जा रही थी और इसे BS-6 वाहनों में इस्तेमाल होने वाली असली यूरिया बताकर बाजार में बेचा जा रहा था. कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 70 बोरी यूरिया, लगभग 100 बाल्टी तैयार लिक्विड यूरिया, डिब्बे, स्टिकर और पैकिंग सामग्री बरामद की. फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया और वह कोई वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका. फिलहाल कृषि विभाग, GST विभाग और पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं. आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
देश में श्री अन्न यानी मोटे अनाज को बढ़ावा देने की सरकारी कोशिशों के बीच किसानों का रुझान इसकी खेती से कम होता दिख रहा है. कृषि मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक खरीफ सीजन 2026 में मोटे अनाज की बुवाई का क्षेत्रफल पिछले साल के मुकाबले 12.83 लाख हेक्टेयर घटकर 157.77 लाख हेक्टेयर रह गया है. बाजरा और मक्का जैसी प्रमुख फसलों के रकबे में भी गिरावट दर्ज की गई है. किसानों के अनुसार मोटे अनाज की खेती में सबसे बड़ी समस्या उपज का सही दाम और बाजार उपलब्ध न होना है. कई किसान बेहतर कमाई की उम्मीद में दूसरी फसलों की ओर बढ़ रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि श्री अन्न को बढ़ावा देने के लिए सिर्फ उत्पादन बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सरकारी खरीद, बेहतर एमएसपी, भंडारण और प्रोसेसिंग सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है. तभी किसान दोबारा मोटे अनाज की खेती की ओर आकर्षित होंगे.
महाराष्ट्र सरकार ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए एनालॉग यानी नॉन-डेयरी पनीर पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. अब राज्य में इस तरह के पनीर का निर्माण, बिक्री, भंडारण, परिवहन और वितरण नहीं किया जा सकेगा. सरकार ने कहा है कि अगर कोई एनालॉग पनीर को असली डेयरी पनीर बताकर बेचता है, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोषी पाए जाने पर 6 महीने तक की जेल और 1 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने भी इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है. महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ के बाद ऐसा कदम उठाने वाला दूसरा राज्य बन गया है. सरकार का कहना है कि यह फैसला उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए लिया गया है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात के बाद किसान नेताओं ने एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20) को अपना समर्थन दिया है. इससे पहले पंजाब समेत कई राज्यों के प्रमुख किसान नेताओं ने अरविंद केजरीवाल की ओर से E20 को लेकर फैलाई जा रही कथित भ्रामक जानकारियों पर चिंता जताई थी. किसान समुदाय का मानना है कि एथेनॉल ब्लेंडिंग बढ़ने से कृषि उत्पादों के लिए एक मजबूत बाजार तैयार होता है और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलती है. इसके साथ ही इससे भारत की कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होती है और स्वच्छ ईंधन को बढ़ावा मिलता है. किसान नेताओं का कहना है कि E20 योजना देश के कृषि क्षेत्र और ऊर्जा सुरक्षा दोनों के लिए महत्वपूर्ण कदम है. अब तथ्यों के आधार पर इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने की जरूरत है.
राजस्थान के फतेहपुर शेखावाटी में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. लंबे समय से गर्मी और सूखे का सामना कर रहे इलाके में जब बारिश हुई तो लोगों को राहत के साथ परेशानी का भी सामना करना पड़ा. तेज बारिश के कारण मुख्य बस स्टैंड पूरी तरह पानी में डूब गया और वह टापू जैसा नजर आने लगा. कई दुकानों में पानी भर गया, जबकि निचले इलाकों के घरों में भी पानी घुस गया. बस स्टैंड पर फंसे बैंक और अस्पताल के कर्मचारियों को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की व्यवस्थाएं भारी बारिश के सामने नाकाम साबित हुईं. शेखावाटी क्षेत्र, जहां गर्मियों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है, अब बारिश से जलमग्न हो गया है. मौसम विभाग ने जिले में यलो अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है.

देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और इसका असर उत्तर से लेकर दक्षिण भारत तक साफ दिखाई दे रहा है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर भारत के कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है. वहीं, दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में लगातार हो रही तेज बारिश से बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 5 अगस्त 2026 के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार, देश के करीब 19 राज्यों में भारी बारिश की संभावना है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में पूरे दिन बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा सलाह पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today