
ये कहानी जमशेदपुर से सटे पटमदा के एक ऐसे व्यक्ति की है जो इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर चुके हैं. बाद में नौकरी भी की, लेकिन जब नौकरी में बहुत फायदा नहीं दिखा तो उन्होंने खेती शुरू कर दी.

इंजीनियरिंग से खेती में आए इस युवा का नाम हिमांशु है. उनके पास पैतृक जमीन थी, इसलिए खेती में कोई परेशानी नहीं हुई. हिमांशु ने खेती में नई तकनीक अपनाई और वैज्ञानिक तरीके से खेती शुरू की.

इसके लिए हिमांशु ने सरकार की मदद से पॉलीहाउस बनवाया और उसमें सब्जियों की खेती शुरू की. इसमें भी उन्होंने टमाटर की खेती शुरू की और इससे लगातार आमदनी बढ़ने लगी. हिमांशु ने अपने खेत में पहले सीजन में सर्वा किस्म का टमाटर लगाया.

कोविड के समय कितने लोगों के लिए सबसे खराब समय रहा. लेकिन कई लोगों ने इसे अवसर के रूप में बदला. इसमें हिमांशु भी एक हैं. गांव के लोग खेती छोड़कर नौकरी के लिए शहर की ओर जा रहे थे, लेकिन कोविड के समय जब कोई उपाय नहीं देखा तो हिमांशु खेती से ही जुड़ गए और आज अच्छी कमाई कर रहे हैं.

हिमांशु ने बताया कि अपनी सब्जी की खेती से अच्छी कमाई के लिए कृषि विभाग की मदद ली. हिमांशु जहां के हैं, वहां फूड प्रोसेसिंग के लिए कोई सुविधा नहीं है, इसलिए किसानों को ज्यादा लाभ नहीं मिलता है.

हिमांशु कहते हैं कि खेती में वैल्यू एडिशन कर नई तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं और काफी अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं. आज नई तकनीक ने खेती को एक अलग रूप दे दिया है. गांव के युवा फिर से अपना काम गांव में ही करना चाहते हैं और अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं.

हिमांशु ने कहा, हमने अपने पॉलीहाउस में 600 पौधे लगाए हैं. ये पौधे 8 फीट से लेकर 12 फीट ऊंचाई तक के हैं और इसमें ढाई सौ से लेकर 300 किलो तक टमाटर निकलते हैं. शुरुआत में टमाटर 60 रुपये किलो बेचना शुरू किया और अभी भी दूसरे टमाटर का मूल्य जहां 10 से ₹12 है, वहां हमारा टमाटर 15 रुपये किलो के हिसाब से खेत से जाता है. केवल इस सीजन में ही 80000 रुपये कमाया है.

हिमांशु की खेती से और भी कई किसान प्रेरणा ले रहे हैं. वे भी नई तकनीक की खेती का फायदा लेना चाह रहे हैं. टमाटर का भाव इस साल अच्छा रहा जिसका फायदा हिमांशु को खूब मिला है. अब भी टमाटर के दाम अच्छे चल रहे हैं जिससे हिमांशु बहुत खुश हैं और लगातार कमाई बढ़ा रहे हैं.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today