हल्की बारिश ने खोली पुनहाना अनाज मंडी की पोल, पानी निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी

हल्की बारिश ने खोली पुनहाना अनाज मंडी की पोल, पानी निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानी

हरियाणा की पुनहाना अनाज मंडी में हल्की बारिश के बाद जलभराव से किसान और आढ़ती परेशान हैं. जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानों के सामने पानी जमा हो रहा है, वहीं खुले में रखा अनाज भी भीग गया है.

Advertisement
हल्की बारिश ने खोली पुनहाना अनाज मंडी की पोल, पानी निकासी नहीं होने से बढ़ी परेशानीपुनहाना अनाज मंडी

हरियाणा के नूंह जिले के पुनहाना की अनाज मंडी में हल्की बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आई है. मंडी में पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानों के सामने पानी जमा हो गई है. इससे दुर्गंध फैल रही है और किसानों और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, बारिश के कारण खुले में रखा अनाज भी भीग गया, जिससे नुकसान हुआ है.

आढ़ती हाजी ताहिर हुसैन ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के समय ही अधिकारियों को ढलान और जल निकासी की समस्या के बारे में बताया गया था, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया. उनका कहना है कि नालियों की उचित व्यवस्था किए बिना सड़कें बना दी गई. अब बारिश होने पर पानी जमा हो जाता है. पानी में खराब अनाज मिलने से दुर्गंध फैलती है और दुकानों पर बैठना भी मुश्किल हो जाता है.

पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का भी अभाव

मंडी के पूर्व चेयरमैन ने भी यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए. उन्होंने बताया कि वर्ष 1998 में पहली नीलामी होने के बावजूद मंडी में पेयजल जैसी जरूरी सुविधा का अभाव है. उन्होंने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था सुधारने की मांग की. इसके अलावा, मंडी के टीन शेडों में एक दुकानदार द्वारा खाद और बीज के सैकड़ों कट्टे रखे जाने का मामला भी सामने आया है. इससे शेडों के इस्तेमाल और मंडी की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं.

मंडी में धान और बाजरे की खरीद जारी

मार्केट कमेटी के चेयरमैन महादेव पटेल ने बताया कि मंडी में धान और बाजरे की खरीद सुचारू रूप से चल रही है. उनके मुताबिक, अब तक 39,848 धान और 62,683 बाजरे की खरीद हो चुकी है. उन्होंने कहा कि किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो, इसके लिए जरूरी प्रयास किए जा रहे हैं. बारिश में अनाज भीगने के मामले पर चेयरमैन ने कहा कि आढ़तियों को पहले ही नोटिस देकर अनाज को तिरपाल से ढक कर रखने के निर्देश दिए गए थे.

समस्या के समाधान के लिए लिखे गए पत्र

उन्होंने बताया कि जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री और उपायुक्त को भेजा गया है. वहीं, मंडी में अवैध कब्जों को हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को लिखा गया है. चेयरमैन के अनुसार, कब्जे हटने से मंडी की व्यवस्था सुधारने और खरीद प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. (कासिम खान की रिपोर्ट)

POST A COMMENT