प्याज का मंडी भावप्याज की बढ़ती कीमतों को काबू में करने के लिए सरकारी स्तर पर की जा रही कोशिशों के बावजूद आम लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है. राजधानी दिल्ली में प्याज और कई अन्य सब्जियों के दाम ऊंचे बने हुए हैं. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की ओखला सब्जी मंडी में रविवार को प्याज 240 से 250 रुपये प्रति 5 किलो के भाव पर बिका. यानी मंडी में इसकी कीमत करीब 48 से 50 रुपये प्रति किलो रही.
प्याज खरीदने पहुंचे उपभोक्ताओं ने कहा कि दिल्ली के कई खुदरा बाजारों में इसके दाम 60 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं. ऐसे में ओखला मंडी में प्याज तुलनात्मक रूप से सस्ता जरूर मिल रहा है, लेकिन कीमतों में आई तेजी ने रसोई का बजट बढ़ा दिया है. लोगों का कहना है कि प्याज रोजमर्रा की जरूरत की चीज है और इसके महंगा होने का सीधा असर घर के खर्च पर पड़ता है.
वहीं, सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि प्याज के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है. कीमतें बढ़ने से उपभोक्ता कम मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं, जिसका असर बिक्री पर पड़ रहा है. दुकानदारों ने कहा कि महंगा माल होने की वजह से पहले की तुलना में बिक्री प्रभावित हुई है और कम बिक्री का असर उनकी कमाई पर भी पड़ रहा है.
ओखला मंडी में कुछ अन्य सब्जियों के दाम भी ऊंचे बने हुए हैं. रविवार को धनिया पत्ता 100 से 120 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिका. फूलगोभी की कीमत 80 रुपये प्रति किलो रही, जबकि बंदगोभी करीब 23 रुपये प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध रही. टमाटर का भाव 28 से 30 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया.
प्याज के साथ दूसरी सब्जियों के दाम में भी अंतर होने से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ रही है. हालांकि, मंडी में खरीदारी करने वालों को खुदरा बाजार के मुकाबले कुछ राहत मिल रही है, लेकिन कीमतों का स्तर अभी भी सामान्य से अधिक बना हुआ है.
प्याज की कीमतों में तेजी ऐसे समय बनी हुई है, जब इसके दाम कम करने के लिए सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं. इसके बावजूद दिल्ली के बाजारों में प्याज महंगा बना हुआ है. फिलहाल ओखला मंडी में 48 से 50 रुपये प्रति किलो का भाव उपभोक्ताओं को खुदरा बाजार की तुलना में बेहतर विकल्प दे रहा है, लेकिन आम लोगों को वास्तविक राहत के लिए कीमतों में और गिरावट का इंतजार है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today