Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें पूरी डिटेल

क‍िसान तक Sasaram | May 02, 2026, 7:55 PM IST

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में जहां तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं कई जगहों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार हैं, जिससे कुछ राहत मिल सकती है.

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में जहां तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं कई जगहों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार हैं, जिससे कुछ राहत मिल सकती है. इस बीच, आज सुबह हुई बारिश के बाद दिल्ली-NCR का मौसम काफी सुहावना हो गया है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

7:02 PM(13 दिन पहले)

केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश; IMD ने चार ज़िलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया

Posted by :- Prateek

तिरुवनंतपुरम: शनिवार को केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जिसके चलते IMD ने दोपहर में राज्य के चार ज़िलों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी कर दिया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एर्नाकुलम, त्रिशूर, इडुक्की और मलप्पुरम ज़िलों के लिए दोपहर 2.30 बजे से शुरू होकर तीन घंटे के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया. विभाग ने इन ज़िलों के कुछ हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफ़ान आने का भी अनुमान जताया है, जिनकी रफ़्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. (PTI)

6:29 PM(13 दिन पहले)

भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच कृषि सेक्‍टर में डील की गुंजाइश, ऑस्ट्रेलियाई उच्‍चायुक्‍त ने दिया बड़ा बयान

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: भारत में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर, फिलिप ग्रीन ने कहा कि भारत लेबर मोबिलिटी (कामगारों की आवाजाही) पर ज़्यादा ज़ोर दे रहा है, जिससे भारतीयों के लिए ऑस्ट्रेलिया में रहना और काम करना आसान हो जाएगा. ANI के साथ बातचीत में ग्रीन ने कहा कि कृषि सेक्टर में एक डील की गुंजाइश है, जिससे भारतीय किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा. उन्होंने कहा, "सामान और सर्विस, दोनों ही तरफ हम विस्तार की गुंजाइश देख सकते हैं. हम एक-दूसरे की योग्यताओं को मान्यता देने के मामले में भी आगे बढ़ सकते हैं, ताकि लोगों के लिए सीमा के दोनों ओर काम करना आसान हो जाए."

ग्रीन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया भारतीय बाज़ार में टैरिफ (शुल्क) में कुछ कमी चाहता है. उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि भारत लेबर मोबिलिटी में काफी दिलचस्पी रखता है, जिससे भारतीयों के लिए ऑस्ट्रेलिया में रहना और काम करना आसान हो जाएगा. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से, यह ज़्यादातर टैरिफ के बारे में है, जिसमें हमारे लिए कृषि टैरिफ में और ढील शामिल होगी. हमें लगता है कि हम ऐसा इस तरह से कर सकते हैं जिससे आम भारतीय किसान के हितों पर कोई असर न पड़े. वहां एक डील की गुंजाइश है.

5:37 PM(13 दिन पहले)

चीनी की वैश्विक कीमतों में गिरावट, 2025-26 में चीनी निर्यात 7.5-8 लाख टन रहने का अनुमान

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के अनुसार, वैश्विक कीमतों में तालमेल न होने के कारण भारत मौजूदा 2025-26 मार्केटिंग सीज़न (अक्टूबर-सितंबर) में केवल 7.5 से 8 लाख टन चीनी का निर्यात कर पाएगा. दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश होने के नाते, भारत चीनी निर्यात को सरकारी नियंत्रण में रखता है और मिलों के बीच कोटे का आनुपातिक वितरण करता है. 2025-26 सीज़न के लिए, खाद्य मंत्रालय ने शुरू में 15 लाख टन चीनी के निर्यात की अनुमति दी थी, जिसके बाद 5 लाख टन का एक अतिरिक्त कोटा जारी किया गया, जिसमें से केवल 87,587 टन चीनी के निर्यात को ही मंज़ूरी मिल पाई. अधिकारी ने बताया, "पूरे सीज़न के दौरान चीनी की कुल भौतिक खेप लगभग 7.5-8 लाख टन रहने का अनुमान है. मौजूदा समय में वैश्विक कीमतों में ऐसा कोई तालमेल नहीं है, जिसके आधार पर चीनी का निर्यात किया जा सके." (पीटीआई)

5:13 PM(13 दिन पहले)

सोनालिका की FY’27 में धमाकेदार एंट्री, अप्रैल में 16,223 ट्रैक्टर बेचे

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: भारत के नंबर टॉप ट्रैक्टर एक्सपोर्ट ब्रांड, सोनालिका ट्रैक्टर्स ने FY’27 के अपने सफर की एक मजबूत और रणनीतिक शुरुआत की है. अप्रैल महीने में कंपनी ने अब तक की सबसे अच्छी कुल बिक्री दर्ज की है, जो 16,223 ट्रैक्टरों की रही. इसके साथ ही, कंपनी इंडस्ट्री में सबसे ज़्यादा मार्केट शेयर हासिल करने वाली कंपनियों में से एक बन गई है. यह सफलता कंपनी की कुल 35.6% की शानदार वृद्धि के कारण मिली है, और इसने इंडस्ट्री की 27% (अनुमानित) वृद्धि के प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. कंपनी अपने 30वें वर्ष में भी अपनी 'किसान-सर्वोपरि' (farmer-first) सोच पर कायम है, जिसके तहत वह किसानों को 'जीतने का दम' देने का वादा पूरा कर रही है. इस प्रयास को उन्नत कृषि-नवाचारों का भी समर्थन मिला है, जिससे किसानों की कार्यक्षमता और आय की संभावनाओं में वृद्धि हुई है.

4:11 PM(13 दिन पहले)

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विदिशा में गेहूं खरीदी की समीक्षा की

Posted by :- Sandeep kumar

कृषि मंत्री ने कहा कि ये गेहूं खरीदी की तीसरी समीक्षा थी. एक दिन रायसेन से मैंने की थी, एक दिन भोपाल से ही की थी और आज विदिशा में आकर हमने पूरे संसदीय क्षेत्र के गेहूं खरीदी की विशेष रूप से आज समीक्षा की है.

मैं किसान भाइयों और बहनों को आश्वस्त करना चाहता हूं, मुख्यमंत्री जी ने भी आश्वस्त किया है कि हर एक किसान से खरीदी होगी और अब खरीदी तेजी से चल रही है.

एक समस्या पहले आ रही थी स्लॉट बुकिंग की, उसमें देरी लग रही थी, धीमा चल रहा था सिस्टम. लेकिन हमने अब किसानों से भी बात की, समीक्षा की तो तेजी से स्लॉट बुक करने का काम चल रहा है और अब स्लॉट बुकिंग में कोई समस्या बची नहीं है. लेकिन आपकी जानकारी में और आपके माध्यम से मैं किसान भाइयों-बहनों से कहना चाहता हूं कि अभी भी स्लॉट बुकिंग 23 मई तक हो सकता है, हालांकि जाएगा नहीं क्योंकि मैक्सिमम स्लॉट बुक हो चुके हैं 

3:19 PM(13 दिन पहले)

केदारनाथ धाम की यात्रा पर मौसम की मार, तीन दिनों की 50 प्रतिशत हेलीकाप्टर टिकट केंसिल

Posted by :- Sandeep kumar

बीते कुछ दिनों से केदार धाम में मौसम खराब हो रहा है, जिस कारण यात्रा भी प्रभावित हो रही है. मौसम खराब होने के कारण केदारनाथ धाम के लिए हेलीकाप्टर नहीं उड़ पा रहे हैं, जिस कारण अधिकांश यात्रियों के टिकट केंसिल हो रहे हैं और उन्हें बिना दर्शन किये ही वापस लौटना पड़ रहा है. 

2:17 PM(13 दिन पहले)

विकास वहीं आगे बढ़ता है, जहां किसान जमीन देने के लिए आगे आते हैं: आंध्र CM

Posted by :- Sandeep kumar

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि विकास के लिए ज़मीन की ज़रूरत होती है, और इस बात पर ज़ोर दिया कि जहाँ किसान ज़मीन देने के लिए आगे आते हैं, वहां विकास आगे बढ़ता है.

कृष्णा ज़िले के पामिडिमुक्काला गांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, जिसमें उन्होंने मई दिवस और "पेडला सेवालो" (गरीबों की सेवा में) कार्यक्रमों को मनाया, उन्होंने कहा कि अमरावती की ग्रीनफ़ील्ड राजधानी शहर इस विकास मॉडल का एक उदाहरण है, जहां 29,000 किसान 33,000 एकड़ ज़मीन देने के लिए आगे आए.

नायडू ने कहा, "मुझे आप सभी से एक बात कहनी है; विकास के लिए ज़मीन की ज़रूरत होती है. जहां किसान ज़मीन देते हैं, वहां विकास आगे बढ़ता है. अमरावती एक मॉडल है. उस दिन जब मैंने ज़मीन मांगी थी, तो 29,000 किसानों ने लैंड पूलिंग के तहत एक भी पैसा लिए बिना 33,000 एकड़ ज़मीन दे दी थी. 

1:11 PM(13 दिन पहले)

आपदा प्रबंधन को मिलेगी नई ताकत, अमित शाह आज करेंगे नई तकनीक का शुभारंभ

Posted by :- Sandeep kumar

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 मई 2026 को मोबाइल के जरिए काम करने वाली नई आपदा सूचना प्रणाली की शुरुआत करेंगे. 

इस कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद रहेंगे.

यह सिस्टम संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग (DoT) ने National Disaster Management Authority (NDMA) के साथ मिलकर तैयार किया है। इसका मकसद है कि आपदा के समय लोगों तक जरूरी जानकारी और अलर्ट जल्दी और सही समय पर पहुंच सके.

इसके अलावा, NDMA ने Centre for Development of Telematics द्वारा बनाई गई एक खास चेतावनी प्रणाली “सचेत” (SACHET) को भी शुरू कर दिया है, जो लोगों को समय रहते खतरे की जानकारी देने में मदद करेगी. 

12:38 PM(13 दिन पहले)

झांसी पुलिस ने चर्चित सट्टा माफिया सहकारिता बैंक के डायरेक्टर को दिल्ली से किया गिरफ्तार

Posted by :- Sandeep kumar

यूपी की झांसी पुलिस ने एक चर्चित सट्टा माफिया सहकारिता बैंक के डायरेक्टर और भाजपा किसान मोर्चा के नेता आशीष उपाध्याय को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी 1 अरब के सट्टा सिंडिकेट में अहम भूमिका थी और वह पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था। उसे दिल्ली से पकड़कर झांसी लाया गया। जहां उसके खिलाफ कार्यवाही की जा रही है

12:16 PM(13 दिन पहले)

हापुड़ पहुंचा किसान कारवां का 73वां पड़ाव, बड़ी संख्‍या में शामिल हुए किसान

Posted by :- Prateek

हापुड़ जनपद के बहादुरगढ़ में आज ‘किसान तक’ का किसान कारवां पहुंचा, जहां किसानों का उत्साह देखने लायक रहा. प्रदेश के 75 जिलों में चल रही इस विशेष कवरेज का यह 73वां पड़ाव रहा. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर खेती-किसानी से जुड़ी नई जानकारियां हासिल की.

11:18 AM(13 दिन पहले)

गंगा एक्सप्रेसवे पर फिलहाल बिना टोल के दौड़ेंगी गाड़ियां

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे पर फिलहाल वाहन बिना टोल दिए दौड़ेंगे. टोल दरें तय कर दी गई हैं, लेकिन वसूली शुरू होने में अभी करीब 15 दिन का समय लग सकता है. 15 दिन बाद टोल शुरू किया जाएगा जिसको लेकर यूपीडा ने इसके लिए निर्देशित किया है एक्सप्रेसवे पर वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 120 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है. 

जुपिटर की चीफ इंजीनियर राज चौधरी के मुताबिक, यूूपीईडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी द्वारा 30 अप्रैल 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि स्वतंत्र अभियंता द्वारा 28 अप्रैल 2026 को प्रोविजनल सर्टिफिकेट जारी किए जाने के बाद टोल वसूली शुरू की जा सकती थी, लेकिन सार्वजनिक हित मे इसे 15 दिन के लिए टाल दिया गया है. ऐसे लोगों को एक्सप्रेसवे के बारे में पूरी तरीके से पता भी चल जाएगा.

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दोपहिया, तिपहिया और पंजीकृत ट्रैक्टरों पर 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर टोल तय किया गया है. वहीं कार, जीप, वैन और हल्के वाहनों के लिए 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क देना होगा. हल्के वाणिज्यिक वाहनों के लिए यह दर 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर रखी गई है.

10:25 AM(14 दिन पहले)

आगरा के गांवों में स्मार्ट मीटर को लेकर हंगामा, महिलाएं भी उतरीं सड़कों पर

Posted by :- Sandeep kumar

उत्तर प्रदेश के आगरा में डीबीबीएनएल के स्मार्ट मीटरों के खिलाफ जन आक्रोश फूट गया. यह जन आक्रोश अकोला और उसके आसपास के गांवों में देखने को मिला, जहां सैकड़ों पुरुष और महिलाओं ने अपने घरों पर लगे मीटरों को उखाड़ लिया और इकट्ठा होकर विद्युत विभाग के ऑफिस के सामने मैदान में फेंक दिया. सभी लोग जुलूस की शक्ल में सड़कों पर नारेबाजी करते हुए पहुंचे और जमकर विरोध प्रदर्शन किया.

9:38 AM(14 दिन पहले)

तपते राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, भीषण गर्मी के बीच बारिश की एंट्री

Posted by :- Sandeep kumar

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. नागौर सहित प्रदेश के कई जिलों में पिछले 3–4 दिनों से लगातार बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी है, जिससे आमजन को तेज गर्मी से बड़ी राहत मिली है. दिनभर जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, वहीं शाम होते-होते आसमान में बादल छा रहे हैं और तेज बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगती हैं. 

 

 


 

9:16 AM(14 दिन पहले)

पन्ना के लाल संजय नगायच ने संभाली एमपी वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन की कमान, समर्थकों में भारी उत्साह

Posted by :- Sandeep kumar

पन्ना जिले की राजनीति में सहकारिता के पर्याय माने जाने वाले वरिष्ठ नेता संजय नगायच ने बुधवार को राजधानी भोपाल स्थित मुख्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मध्य प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण कर लिया. इस अवसर पर प्रदेश भर से आए उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी. 
 

8:50 AM(14 दिन पहले)

बंगाल के 15 मतदान केंद्रों पर दोबारा हो रही वोटिंग

Posted by :- Sandeep kumar

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हो रहा है. इन केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे. इनमें से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर में हैं. बीजेपी ने इन मतदान केंद्रों पर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे, जिसका संज्ञान लेते हुए निर्वाचन आयोग ने इन सभी जगहों पर पुनर्मतदान कराने का फैसला किया है.

8:12 AM(14 दिन पहले)

दिल्ली में बादलों का डेरा, अगले 2 दिन फिर आंधी-बारिश का अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली-एनसीआर में मई की शुरुआत से ही मौसम में नर्मी देखने को मिल रही है. आज यानी 2 मई को भी आसमान में बादलों का डेरा रहेगा. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी में 3 और 4 मई को फिर आंधी, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.