Agriculture Live Blogदेशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है. कई राज्यों में जहां तेज गर्मी पड़ रही है, वहीं कई जगहों पर आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा. दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार हैं, जिससे कुछ राहत मिल सकती है. इस बीच, आज सुबह हुई बारिश के बाद दिल्ली-NCR का मौसम काफी सुहावना हो गया है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
हरियाणा के कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के लिए गेहूं खरीद मानकों में दी गई विशेष छूट को किसानों के हित में अहम कदम बताया है. उन्होंने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला राज्य सरकार द्वारा किसानों की समस्याएं प्रभावी तरीके से उठाए जाने का परिणाम है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा. मंत्री ने कहा कि हाल में हुई बेमौसम बारिश के चलते हरियाणा सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हुई थी. इस स्थिति को देखते हुए किसानों को नुकसान से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने त्वरित निर्णय लिया और खरीद मानकों में राहत प्रदान की.
सरकारी सूत्रों के अनुसार, पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें ₹4-5 प्रति लीटर तक बढ़ सकती हैं. वहीं, घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹40-50 तक बढ़ सकती है. अगर मंज़ूरी मिली तो करीब 4 साल बाद पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में यह पहली बढ़ोतरी होगी. फिलहाल 2022 से पेट्रोल और डीज़ल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं. सरकार पश्चिम एशिया के हालात पर नज़र रखे हुए है और अभी कोई अंतिम फ़ैसला नहीं हुआ है. कीमतों में संभावित बढ़ोतरी पर फ़ैसला अगले 5-7 दिनों में होने की उम्मीद है. कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों में बढ़ोतरी से तेल कंपनियों को नुकसान हुआ है और ऊंची कीमतों से राजकोषीय बोझ बढ़ रहा है. सरकार यह सुनिश्चित करने की हर संभव कोशिश कर रही है कि महंगाई का असर कम से कम हो. (इनपुट- चेतन भूटानी)
लोकार्पण के बाद आमजन को यूपी के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे का अनुभव कराने के लिए विशेष पहल
यूपीडा ने जारी किए निर्देश, कन्सेशनैयर्स को सरकार करेगी क्षतिपूर्ति
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहित में बड़ा निर्णय लेते हुए गंगा एक्सप्रेसवे को कमर्शियल ऑपरेशन डेट (सीओडी) से 15 दिनों तक टोल-फ्री रखने की घोषणा की है. इस फैसले के तहत प्रदेश की जनता बिना किसी शुल्क के यूपी के सबसे लंबे व अत्याधुनिक एक्सप्रेसवे का अनुभव कर सकेगी. मुख्यमंत्री के निर्देश पर उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परियोजना के कन्सेशनैयर्स आईआरबी इन्फ्रास्ट्रक्चर और अदाणी इन्फ्रास्ट्रक्चर को 15 दिनों तक टोल कलेक्शन स्थगित रखने के निर्देश जारी कर दिए हैं. यूपीडा द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस अवधि में यात्रियों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा.
तुमकुरु (कर्नाटक): अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि लैब रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हो गई है कि जिले में हाल ही में 44 मोरों की मौत H5N1 बर्ड फ्लू वायरस के कारण हुई थी. उन्होंने बताया कि इस घटना की पहली रिपोर्ट 16 अप्रैल को मिली थी, और एक हफ़्ते के अंदर ही तुमकुरु तालुक में 44 मोर रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए. वन अधिकारियों ने बताया कि एक बड़े पैमाने पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान, केसरमाडू, हिरेहल्ली और गुलुर ग्राम पंचायतों के खेतों से इन मोरों की मौत की खबरें मिलीं. (पीटीआई)
लेह: लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में दो जगहों को "फूलों की घाटी" (Valley of Flowers) के तौर पर विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है. इसका मकसद पर्यटन को बढ़ावा देना और इस क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को और निखारना है. इस पहल का उद्देश्य ऐसे फूलों की कई किस्में लगाना है जो लद्दाख के कठोर मौसम को झेल सकें, जिसमें कड़ाके की ठंड और ऑक्सीजन की कमी जैसी स्थितियां भी शामिल हैं. ऊंचे पहाड़ी इलाकों के लिए उपयुक्त और मजबूत किस्मों की पहचान करने के लिए विशेषज्ञों से सलाह ली गई है. LG सक्सेना ने बताया कि लेह में चोगलमसर और वारी ला को "फूलों की घाटी" के तौर पर विकसित किया जाएगा.
जैसलमेर: पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि राजस्थान के जैसलमेर जिले में एक चरवाहा बकरी को बचाने की कोशिश करते समय एक जलाशय में डूब गया. पुलिस ने बताया कि यह घटना लाठी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत लोहटा गांव के पास हुई. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान यासीन के रूप में हुई है. वह बकरियां चरा रहा था, तभी उनमें से एक बकरी कथित तौर पर पानी के एक तालाब में गिर गई. जानवर को बचाने की कोशिश में, वह जलाशय में कूद गया, लेकिन बाहर नहीं निकल पाया और गहरे पानी में डूब गया. (पीटीआई)
ओडिशा के विकास को नई रफ्तार, शिवराज सिंह चौहान और मोहन चरण मांझी की उपस्थिति में डबल इंजन सरकार ने रायगड़ा से शुरू किया विकास का नया अध्याय
शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा को दी पीएमजीएसवाई-IV के तहत 1,700 करोड़ रुपये से 827 नई सड़कों की सौगात, 1702 किमी ग्रामीण संपर्क होगा मजबूत
आवास, मनरेगा और सिंचाई को बड़ा संबल: शिवराज सिंह द्वारा PMAY-G के लिए 630.61 करोड़ रुपये, मनरेगा की प्रथम किश्त 868.71 करोड़ रुपये, WDC-PMKSY 2.0 के लिए 30.07 करोड़ रुपये मंजूर
“ओडिशा का कोई गरीब कच्चे घर में नहीं रहेगा”: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने सड़क, घर, पानी, आजीविका और किसान समृद्धि का भरोसा दोहराया
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने कहा- PMGSY-IV से दुर्गम, पहाड़ी और वंचित अंचलों तक विकास की सीधी पहुंच बनेगी
“समृद्ध ओडिशा, विकसित ओडिशा” के संकल्प को बल: सड़क, पानी, बिजली और ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर मिशन मोड में काम तेज- मुख्यमंत्री
बिहार के मुजफ्फरपुर में मौसम ने अचानक करवट ली है. तेज आंधी और बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं बागवानों के लिए यह बारिश आफत बनकर आई. जिले के कई इलाकों में तेज हवा के साथ हुई बारिश से लीची और आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है.
बताया जा रहा है कि आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि पेड़ों पर लगे कच्चे फल बड़ी संख्या में टूटकर जमीन पर गिर गए. खासकर मुजफ्फरपुर की मशहूर लीची की फसल को इससे बड़ा झटका लगा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने मई 2026 का वेदर आउटलुक जारी कर दिया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मई में देश में मौसम का मिश्रित असर देखने को मिलेगा. कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है, लेकिन दक्षिण भारत, उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से ऊपर जाने का अनुमान है. वहीं, न्यूनतम तापमान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे रात की गर्मी भी बनी रहेगी.
लद्दाख: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कारगिल में 10 टीएलपीडी डेयरी प्लांट की आधारशिला रखी है.
किसान तक’ का किसान कारवां आज गाजियाबाद जनपद के भोजपुर गांव में पहुंचा, जहां किसानों की बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली. प्रदेश के 75 जिलों की इस विशेष कवरेज में यह 72वां पड़ाव रहा
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नज़ीर, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू और YSRCP प्रमुख वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिकों और किसानों को शुभकामनाएं दीं.
राज्यपाल ने कहा कि मई दिवस एक मजबूत और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में श्रमिकों के अमूल्य योगदान को मान्यता देता है.
नज़ीर ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "मई दिवस के अवसर पर, मैं सभी श्रमिकों को शुभकामनाएं देता हूं. उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण राष्ट्र के विकास और समृद्धि की नींव हैं."
मुख्यमंत्री नायडू ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस श्रम की गरिमा और राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों और किसानों की भूमिका को उजागर करता है.
अचानक बिगड़े मौसम के बीच यूपी के हाथरस जिले के थाना सादाबाद क्षेत्र में तेज आंधी की बजह से हुए हादसों में एक व्यक्ति तथा दो बच्चों की मौत हुई है. यहां बिलारा गांव में तेज आंधी में दीवार गिरने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक बच्चों में 10 वर्षीय मनीष और 10 वर्षीय लाडो शामिल है.
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों में भारी बारिश, तूफान और बिजली गिरने से 24 लोगों की मौत हो गई है, 15 लोग घायल हुए हैं और 16 जानवर मारे गए हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि भारी बारिश के कारण जानमाल के नुकसान और घायलों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को पूरे राज्य के किसानों से नहर-आधारित सिंचाई की ओर मुड़ने और भूजल पर अत्यधिक निर्भरता कम करने की अपील की.
वे अपने पैतृक गांव सताउज की यात्रा के दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर रहे थे.
मान ने इस बात पर ज़ोर दिया कि पंजाब का भविष्य उसके जल संसाधनों से अटूट रूप से जुड़ा हुआ है, और उन्हें बचाना एक ज़रूरत भी है और एक सामूहिक ज़िम्मेदारी भी.
उन्होंने कहा, "पंजाब का अस्तित्व ही उसके पानी से जुड़ा हुआ है, और इसे बचाना केवल एक नीतिगत प्राथमिकता ही नहीं, बल्कि एक नैतिक ज़िम्मेदारी भी है." साथ ही, उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले धान के मौसम के लिए नहर का पानी 1 मई से ही उपलब्ध कराया जाएगा, जो सिंचाई के पारंपरिक समय-सारिणी से एक बड़ा बदलाव है.
जानीखुर्द थाना क्षेत्र में गांव रसूलपुर धौलड़ी में बृहस्पतिवार रात घर की बैठक में सो रहे 72 साल के बुजुर्ग एजाज की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बुजुर्ग को निशाना बनाते हुए तीन गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि मृतक किसान एजाज अपने पांच बेटों में से तीसरे नंबर के बेटे मैराज के साथ रहते थे.
बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे मैराज कही गया हुआ था और एजाज घर की बाहरी बैठक में अकेले सो रहे थे. इसी बीच गोलियों की आवाज से गांव दहल गया, जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य खौफनाक था. एजाज खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़े थे.
तेलंगाना के महबूबाबाद जिले के एक गांव में आग लगने से छह किसानों की पूरी तरह से तैयार मक्के की फसल बर्बाद हो गई. किसानों को शक है कि आग खेत में लगे ट्रांसफॉर्मर के पास से गुज़र रही बिजली की तारों की वजह से लगी होगी
हालांकि, कृषि विभाग ने गुरुवार को किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिया.
किसानों ने पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि 26 अप्रैल को आग लगने से उनकी करीब 15 एकड़ ज़मीन पर लगी मक्के की फसल बर्बाद हो गई.
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि तेज़ हवाओं के कारण ट्रांसफॉर्मर के पास ढीले तार आपस में टकरा गए होंगे, जिससे आग भड़क उठी.
26 अप्रैल को खेतों का मुआयना करने पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारी आग लगने की सही वजह का पता नहीं लगा पाए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग से आग लगने की वजह पर रिपोर्ट मांगी गई है.
रायसेन जिले में किसानों की परेशानी थमने का नाम नहीं ले रही है. एक तरफ समर्थन मूल्य पर गेहूं की तुलाई और स्लॉट बुकिंग को लेकर किसान पहले से ही परेशान हैं, तो वहीं दूसरी ओर अब बेमौसम बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है.
खरीदी केंद्रों पर केंद्र प्रभारियों की लापरवाही के चलते बड़ी मात्रा में गेहूं खुले में पड़ा हुआ था. बिना स्लॉट बुकिंग के ही किसानों का गेहूं पहले ही मैदान में डलवा लिया गया, लेकिन न तो समय पर तुलाई हुई और न ही व्यवस्थाएं बनाई गईं.
आज हुई झमाझम बेमौसम बारिश ने खुले में पड़े इस गेहूं को पूरी तरह भिगो दिया, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है. सवाल यह उठता है कि आखिर अन्नदाता की मेहनत का जिम्मेदार कौन होगा?
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गौतम बुद्ध नगर ज़िले में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए ज़मीन अधिग्रहण को सही ठहराया है, और प्रभावित ज़मीन मालिकों द्वारा दायर याचिकाओं को खारिज कर दिया है.
कोर्ट ने कहा कि अधिग्रहण की प्रक्रिया 2013 के ज़मीन अधिग्रहण कानून के प्रावधानों का पूरी तरह से पालन करते हुए की गई थी और इसमें कोई बड़ी अनियमितता नहीं थी.
जस्टिस एम.सी. त्रिपाठी और जस्टिस कुणाल रवि सिंह की एक डिवीज़न बेंच ने, कई रिट याचिकाओं पर फैसला सुनाते हुए कहा, "ऊपर की गई चर्चा और ऊपर बताए गए कारणों को देखते हुए, इस कोर्ट को 11 अप्रैल, 2025 और 24 अक्टूबर, 2025 की विवादित अधिसूचनाओं के खिलाफ याचिकाकर्ताओं द्वारा उठाई गई चुनौती में कोई दम नहीं दिखता."
कोर्ट ने आगे कहा, "यह कोर्ट अधिग्रहण की कार्यवाही में दखल देने से इनकार करता है, जो 'भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास और पुनर्स्थापन में उचित मुआवज़े और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013' और उसके तहत बनाए गए 'नियम, 2016' के अनुसार की गई है."
उत्तर प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से काफी किसानों को नुकसान पहुंचा है. बुधवार से ही उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है. इससे किसानों की फसलों के साथ अन्य को भी नुकसान पहुंचा है. उन्हें राहत पहुंचने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया है.
यूपी में हो रही असमय बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिया है. इसके मुताबिक जनहानि, पशुहानि, घायलों और आपदा से प्रभावितों लोगों और किसानों को मुआवजा दिलाने का अधिकारियों को निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि मुआजवा दिलाने के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today