Agriculture Live Blogभारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, सबसे गंभीर स्थिति पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में रहने की आशंका है. असम और मेघालय में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, केरल, तटीय कर्नाटक और कोंकण-गोवा में भी भारी बारिश की आशंका है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात बाधित होने का खतरा बना रहेगा. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में आज हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 8 और 9 अगस्त को बारिश की तीव्रता कम होकर हल्की रहने का अनुमान है. वहीं पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ क्षेत्रों में भी भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
राजस्थान में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश जारी रहने की संभावना है. गुरुवार को अलवर, भरतपुर, जयपुर, डीग, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर और सीकर सहित कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई. डीग जिले के पहाड़ी क्षेत्र में सर्वाधिक 158 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई. लगातार बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है और कई जिलों में तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई.(रिदम जैन का इनपुट)
महाराष्ट्र सरकार ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर कृषि ऋण माफी योजना के तहत किसानों के खातों में राशि भेजना शुरू कर दिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि आधार वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद 6.22 लाख किसानों के बैंक खातों में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक जमा कर दिए गए हैं. योजना के तहत 2019 से 2025 के बीच लिए गए 2 लाख रुपये तक के अल्पकालिक फसल ऋण माफ किए जा रहे हैं.(PTI)
बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. गोविंदगंज थाना क्षेत्र के बभनौली गांव (वार्ड नंबर 6) में एक ही परिवार के पांच लोगों की पोखर के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. मृतकों में एक महिला, उसके दो मासूम बेटे और दो बेटियां शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और मातम का सन्नाटा पसर गया है.
दरअसल,, बभनौली पंचायत के वार्ड नंबर 6 के निवासी धर्मेंद्र महतो की पत्नी सुशीला देवी अपने चार मासूम बच्चों के साथ खेत की तरफ पशुओं के लिए /चारा काटने गई थी. इसी दौरान पोखर के पास हादसा हो गया.
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है. 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है. वहीं, 1 जून से 6 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 6 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई है.
हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय बना रहेगा. मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के मुताबिक, 10 और 11 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
बागेश्वर जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश से पहाड़ों की मिट्टी कमजोर हो गई है, बागेश्वर में आज मलुवा व बोल्डर गिरने से 5 सड़कें बंद हैं, कांडा‑बागेश्वर हाईवे पर धपोली के पास पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और मलवा सड़क पर गिरने से मार्ग के किनारे पार्क किए गए वाहन दब गए. गनीमत रही हादसा के समय वाहन खाली थे, अन्यथा नुकसान और जानी जोखिम हो सकता था.
बिहार के खेतों से निकलकर वैश्विक पहचान बनाने वाला मखाना की मांग तेजी बढ़ रहा हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को राज्य से पहली बार करीब 18 मीट्रिक टन (7 कंटेनर) मखाना की खेप ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना की गई.इसे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना के बिहीटा से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वही बीते कुछ सालों में मखाना विदेशी लोगों के बीच काफी पसंद किया जा रहा है. वहीं बीते दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिशा निर्देश पर मखाना कनाडा भेजा गया था.
बिहार देश के कुल मखाना उत्पादन का करीब 85 से 90 प्रतिशत हिस्सा पैदा करता है.
कृषि मंत्री ने बताया कि यह केवल मखाना का निर्यात नहीं, बल्कि बिहार के किसानों की मेहनत, मिथिला की समृद्ध विरासत और राज्य की कृषि क्षमता को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर है. यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "लोकल टू ग्लोबल", "वोकल फॉर लोकल" और "आत्मनिर्भर भारत" अभियान को भी मजबूती देती है.

दिल्ली में अब तक डेंगू के 1,179 और H1N1 के 1,344 मामले दर्ज, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- सभी अस्पताल तैयार, मरीजों का समय पर इलाज किया जा रहा है.
दिल्ली में मॉनसून के दौरान डेंगू और H1N1 (स्वाइन फ्लू) के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होने के साथ ही सरकार "एक्टिव मोड" में काम कर रही है और सभी सरकारी अस्पतालों को संभावित मरीजों के इलाज के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि डेंगू के लक्षण लेकर आने वाले हर मरीज की तुरंत जांच और उचित इलाज सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं ताकि किसी भी मरीज को इलाज में देरी न हो.
मॉनसून का 24 घंटे का हाल, देश के करीब दो-पांचवें हिस्से में लगातार बारिश, पूर्वी भारत सबसे ज्यादा भीगा, उत्तर-पश्चिम में सबसे कम बरसे बादल.

एक अफ्रीकी युवती ने फेसबुक पर राजकोट जिले के एक किसान से दोस्ती की और उससे 6.30 लाख रुपये ठग लिए. किसान की शिकायत के बाद राजकोट साइबर क्राइम ने जांच की और दिल्ली और नोएडा में बैठकर साइबर धोखाधड़ी करने वाली युवती और दो युवकों को गिरफ्तार किया. युवती मूल रूप से घाना की रहने वाली है, जबकि दोनों युवक तंजानिया और सूडान के निवासी हैं.

पौड़ी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अलकनंदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. कई स्थानों पर नदी चेतावनी और खतरे के निशान के आसपास या उससे ऊपर बह रही है, जिससे प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने, नदी तटों से दूर रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है. संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. लगातार बारिश के कारण कई सड़कें भी प्रभावित हुई हैं और भूस्खलन की घटनाओं का खतरा बना हुआ है. लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पौड़ी जिले की 15 सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई है जिन्हें जेसीबी के माध्यम से खोलने के प्रयास जारी है. वहीं, जिला प्रसाशन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
शुक्रवार को केरल में ज़ोरदार बारिश हुई. IMD ने सुबह के समय सात ज़िलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया, जबकि लगातार हो रही बारिश के कारण कई ज़िलों में शिक्षण संस्थानों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई.
सुबह 7 बजे जारी इंडिया मेटेरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) के नाउकास्ट बुलेटिन के अनुसार, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड ज़िलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. अगले तीन घंटों में कुछ जगहों पर 15 मिमी प्रति घंटे से ज़्यादा बारिश और 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है.
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां 15 जिलों में 1 लाख 68 हजार से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हैं. ताजा हादसों में दो और लोगों की जान जाने से बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 97 हो गया है.
इस समय गोलाघाट, शिवसागर, उदलगुड़ी, कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नगांव, कामरूप, दररंग, शोणितपुर, होजाई, लखीमपुर, विश्वनाथ, जोरहाट, चराइदेव, कार्बी आंगलोंग और धेमाजी जिलों में 1.68 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं.
दिल्ली-NCR समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का असर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के कई इलाकों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं. वहीं, दिल्ली में बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव की समस्या देखने को मिली है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today