Agriculture Live Blogभारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, कच्छ और दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान से सटे क्षेत्र में निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव से सौराष्ट्र और कच्छ में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, आज से उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए एक बार फिर बड़ा अभियान शुरू हो रहा है. किसान तक (इंडिया टुडे समूह) और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किसान कारवां 2.0 की शुरुआत 16 सितंबर से गोरखपुर से हो रही है. इस चरण में प्रदेश के अलग-अलग कृषि-जलवायु क्षेत्रों में क्षेत्रीय किसान महासभाओं का आयोजन किया जाएगा. किसान कारवां 2.0 की पहली किसान महासभा की शुरुआत 16 सितंबर से हो गई है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.
काठमांडू: नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त 13 जलविद्युत परियोजनाओं में लापता श्रमिकों और कर्मचारियों की तलाश अब अधिकांश परियोजनाओं में रोक दी गई है. फिलहाल चिलिमे, अपर त्रिशूली-1 और अपर त्रिशूली-3 ‘बी’ में ही खोज एवं बचाव अभियान जारी है. स्वतंत्र ऊर्जा उत्पादक संघ नेपाल (इप्पान) के अनुसार, 11 परियोजनाओं में काम करने वाले 868 लोग अब भी संपर्कविहीन हैं.
बाढ़ से प्रभावित रसुवागढ़ी 111 मेगावाट, रसुवा भोटेकोशी 120 मेगावाट, मैलुंग खोला 5 मेगावाट, अपर त्रिशूली-3 ‘ए’ 60 मेगावाट, देवीघाट 14.1 मेगावाट और अपर मैलुंग 14.3 मेगावाट समेत कई परियोजनाओं में लापता लोगों की तलाश रोक दी गई है.
लाहौल-स्पीति में सितंबर के महीने में ही मौसम ने अचानक करवट बदल ली है. जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है. बारालाचा, शिंकुला, घेपन पीक समेत लाहौल के तमाम ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद यहां का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है.
ऊंचाई वाले इलाकों में जहां बर्फ के फाहे गिर रहे हैं, वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है. मौसम के इस बदले मिजाज से लाहौल-स्पीति में ठंड बढ़ने लगी है और सितंबर में ही पहाड़ों पर सर्दी की आहट साफ महसूस होने लगी है.
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सरकार से सूखे जैसे हालात से निपटने की तैयारी शुरू करने को कहा. उन्होंने दावा किया कि राज्य का आधे से ज़्यादा हिस्सा ऐसे हालात का सामना कर रहा है.
एक बयान में गहलोत ने कहा कि कई बांध भरे नहीं हैं और फसलें खराब हो गई हैं, जिससे किसानों और आम लोगों में चिंता है.
उन्होंने कहा, "राजस्थान का आधे से ज़्यादा हिस्सा सूखे जैसे हालात का सामना कर रहा है। बांध पूरी तरह भरे नहीं हैं. किसानों की फसलें जल गई हैं और लोगों में चिंता है। किसी को नहीं पता कि रबी की फसल का क्या होगा."
गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार को मौजूदा हालात को देखते हुए तुरंत तैयारी शुरू कर देनी चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया, "अब तक न तो सूखे से प्रभावित इलाकों का कोई सर्वे हुआ है और न ही किसी राहत पैकेज की घोषणा की कोई बात हुई है."
कांग्रेस नेता ने यह भी सवाल उठाया कि बीजेपी सरकार राज्य में किसानों और आम लोगों की चिंताओं पर कब ध्यान देगी.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि सरकार 5 अक्टूबर के बाद फसल के नुकसान का सर्वे कराएगी. उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फंड (NDRF) से मदद मिलने का इंतज़ार करते हुए राज्य सरकार अपने संसाधनों से उन्हें आर्थिक मदद देगी.
फडणवीस ने कहा कि सरकार ने फसल के नुकसान के सर्वे की तैयारी शुरू कर दी है, जो नियमों के मुताबिक 5 अक्टूबर के बाद किया जाएगा.
महाराष्ट्र के लातूर जिले के देवानी थाना क्षेत्र में आने वाले बोरूल ग्राम पंचायत इलाके के गन्ने के खेत में लगभग 11 फीट का मगरमच्छ एक किसान की नजर में आने के कारण गांव में हड़कंप मच गया..14 सितंबर के दिन अपने गन्ने के खेत में दोपहर के 3 बजने के करीब मगरमच्छ को देखने के बाद किसान ने गांव वालों के साथ देवानी पुलिस की टीम को इस बात की जानकारी दी..

कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बिहार दौरे को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है. बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने बिहार पहुंचे शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए पप्पू यादव ने कहा कि 16 दिन बाद कृषि मंत्री बिहार आए, लेकिन किसानों और बाढ़ पीड़ितों को राहत देने के लिए कम से कम 2000 करोड़ रुपये देकर जाते.
कभी-कभी कोई ऐसा जन्मदिन आता है जो करोड़ों लोगों के दिलों में खुशी और उत्साह की लहरें पैदा कर देता है. हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री का जन्मदिन भी ऐसा ही एक खास दिन है. PM मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और ढेर सारी शुभकामनाएं! वे दीर्घायु हों, सौ वर्ष तक जिएं और निरंतर भारत माता और देशवासियों की सेवा करते रहें.
प्रधानमंत्री को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं! : शिवराज सिंह चौहान
मॉनसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 19 सितंबर के आसपास पश्चिम राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन हुई हैं. हालांकि, मॉनसून की विदाई के बीच बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है. लौटता हुआ मॉनसून अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और कुछ जगह भारी बारिश करा सकता है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर आज देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित होंगे. दिल्ली में पीएम सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे, साथ ही रक्तदान शिविर और दीये जलाने के कार्यक्रम होंगे. वाराणसी और वडनगर से एक साथ 'सेवा संकल्प बाइक यात्रा' शुरू होगी, जिसे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाएंगे. गुजरात में 88 लाख दीये जलाए जाएंगे.

Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today