Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें डिटेल

क‍िसान तक Nov 06, 2026, Updated Nov 06, 2026, 5:39 PM IST

नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 नवंबर को तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश की चेतावनी दी है.

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

नवंबर की शुरुआत के साथ ही देश के दक्षिणी हिस्सों में मौसम ने करवट ली है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी के कारण दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 नवंबर को तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश की चेतावनी दी है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

4:55 PM(13 मिनट पहले)

दिल्ली-NCR में अब GRAP-3 की पाबंदियां लागू

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली-NCR में एयर पॉल्यूशन को लेकर CAQM ने बड़ा फैसला लिया है. CAQM की GRAP सब-कमेटी ने एहतियाती कदम उठाते हुए ग्रैप के तीसरे चरण यानी GRAP-3 को लागू करने का निर्णय लिया है.

इस फैसले के बाद दिल्ली-NCR में GRAP-3 के तहत आने वाली पाबंदियां लागू होंगी. इसका मकसद पॉल्यूशन की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एहतियाती कदम उठाना है.

4:19 PM(एक घंटा पहले)

महाराष्ट्र सरकार नगर निकाय के सफाई कर्मचारियों के लिए आवास योजना का विस्तार करेगी: फडणवीस

Posted by :- Sandeep kumar

मुंबई, 6 नवंबर (PTI) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय के सफाई कर्मचारियों के लिए अपनी आवास स्वामित्व योजना का विस्तार करेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह पहल तब तक जारी रहेगी, जब तक कि सभी पात्र कर्मचारियों को घर नहीं मिल जाते.

फडणवीस दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित पंचशील नगर में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की 'आश्रय योजना' के दूसरे चरण के तहत, नगर निकाय कर्मचारियों को उनके नए बने आवासों की चाबियां सौंपने के बाद बोल रहे थे. 

मुख्यमंत्री ने बताया कि नागपुर में 'श्रम सफलता योजना' के तहत सफाई कर्मचारियों को पहले ही 400 घर आवंटित किए जा चुके हैं, और अब इस पहल को मुंबई तक विस्तारित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. 

3:42 PM(एक घंटा पहले)

जम्मू-कश्मीर में 30,000 चिनार के पेड़ों की जियो-टैगिंग की गई, डिजिटल डेटाबेस तैयार

Posted by :- Sandeep kumar

जम्मू, 6 नवंबर (PTI) अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर सरकार ने लगभग 30,000 चिनार के पेड़ों की जियो-टैगिंग की है और उनके संरक्षण और निगरानी को मजबूत करने के लिए एक डिजिटल डेटाबेस तैयार किया है.

वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री अल्ताफ अहमद वानी की अध्यक्षता में हुई एक उच्च-स्तरीय बैठक में दी. यह बैठक जम्मू-कश्मीर वन अनुसंधान संस्थान (JKFRI) के कामकाज की समीक्षा के लिए आयोजित की गई थी.

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में 10,000 प्रमुख चिनार के पेड़ों पर, और जम्मू क्षेत्र में 3,500 पीपल तथा बरगद के पेड़ों पर QR-कोड वाली धातु की प्लेटें लगाई गई हैं.

अधिकारियों के अनुसार, बाकी बचे चिनार, बरगद और पीपल के पेड़ों की जियो-टैगिंग दूसरे चरण में पूरी की जाएगी. 

 

2:48 PM(2 घंटे पहले)

आंध्र के CM ने 'मुरासु' चक्रवात से हुए 2,000 करोड़ रुपये नुकसान का लगाया अनुमान

Posted by :- Sandeep kumar

अमरावती, 6 नवंबर (पीटीआई) - आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को बताया कि शुरुआती अनुमानों के अनुसार, 'मुरासु' चक्रवात से 1,919 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

मुख्यमंत्री नायडू ने गुरुवार देर रात अधिकारियों के साथ चक्रवात के बाद की स्थिति की समीक्षा की और उन्हें राहत और बहाली के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. 

उन्होंने बिजली और पीने के पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने पर जोर दिया. साथ ही, यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि लगातार आए दो चक्रवातों - 'अर्नब' और 'मुरासु' - के बाद किसानों और स्थानीय निवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

 

2:19 PM(3 घंटे पहले)

पंजाब में पराली जलाने के 2,787 मामले दर्ज, 46.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया

Posted by :- Sandeep kumar

पंजाब में धान की पराली जलाने की घटनाएं लगातार प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं. पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) की ओर से जारी 5 नवंबर 2026 तक की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में पराली जलाने की कुल 2,787 घटनाएं दर्ज की गई हैं. इन घटनाओं के संबंध में 2,194 स्थानों का फील्ड निरीक्षण किया गया, जबकि 994 स्थानों पर खेतों में पराली जलाने की पुष्टि हुई है.

रिपोर्ट के मुताबिक, पराली जलाने के मामलों में पर्यावरणीय मुआवजे (EC) के तहत 914 मामलों में कुल 46.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसमें से अब तक 24.85 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है. वहीं, पराली जलाने के मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कुल 710 FIR दर्ज की गई हैं. इसके अलावा 829 मामलों में राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है. 
 

1:43 PM(3 घंटे पहले)

हिंगोली संस्थान ने हल्दी पर शोध के लिए CSIR-IITR के साथ MoU पर किए हस्ताक्षर

Posted by :- Sandeep kumar

अधिकारियों ने बताया कि हल्दी पर वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने और किसानों को बेहतर मुनाफा दिलाने में मदद करने के लिए, बसमत स्थित 'बालासाहेब ठाकरे हरिद्रा (हल्दी) अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र' और लखनऊ स्थित 'CSIR-इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टॉक्सिकोलॉजी रिसर्च' (CSIR-IITR) के बीच एक समझौता हुआ है.

सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ में इस समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए.

कृषि विभाग के हालिया आंकड़ों के अनुसार, हिंगोली महाराष्ट्र का प्रमुख हल्दी उत्पादक जिला है, जहां 2026 में लगभग 44,882 हेक्टेयर क्षेत्र में हल्दी की खेती की जा रही है. 

1:13 PM(4 घंटे पहले)

दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जताई चिंता, CJI ने पूछा- क्या कदम उठा रहे

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने चिंता जताई है. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) ने पूछा कि दिल्ली के मौसम का आनंद तो सभी ले रहे हैं, लेकिन प्रदूषण को रोकने के लिए हम क्या कर रहे हैं? इस पर एमिकस क्यूरी अपराजिता ने कहा कि दिल्ली में लोग रोज 30 सिगरेट पीने जैसी हवा में सांस ले रहे हैं और उनकी आवाज तक प्रभावित हो रही है. उन्होंने बताया कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी में बना हुआ है.

12:20 PM(5 घंटे पहले)

पंजाब में पराली जलाने का सिलसिला लगातार जारी

Posted by :- Sandeep kumar

पंजाब में पराली जलाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है, बढ़ते प्रदूषण को लेकर चिंताएं होने के बावजूद, पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. फाजिल्का जिले के जलालाबाद कस्बे की तस्वीरों में किसान अपने खेतों में फसल के अवशेषों को आग लगाते हुए दिख रहे हैं. 

11:31 AM(6 घंटे पहले)

कश्मीर की 'सुनहरी फसल' पर संकट, जलवायु परिवर्तन से केसर के खेतों को खतरा

Posted by :- Sandeep kumar

कश्मीर का विश्व प्रसिद्ध केसर, जिसे यहां की 'सुनहरी फसल' कहा जाता है, एक गंभीर संकट का सामना कर रहा है. बढ़ता तापमान, लंबे समय तक सूखा पड़ना और मौसम के बदलते मिजाज ने केसर की खेती के लिए जरूरी नाजुक परिस्थितियों को बिगाड़ दिया है, जिसके कारण पैदावार घट रही है और खेत सूख रहे हैं.

पारंपरिक केसर उत्पादक क्षेत्रों, खासकर पम्पोर में बेतहाशा हो रहे निर्माण कार्यों ने इस संकट को और गहरा कर दिया है. 'जम्मू-कश्मीर केसर अधिनियम, 2007' के बावजूद, कृषि भूमि को लगातार आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों में बदला जा रहा है, जिससे खेती के लिए उपलब्ध जमीन सिमटती जा रही है. 

10:43 AM(6 घंटे पहले)

संगरूर के खेतों में पराली जलाने की तस्वीरें आईं सामने, धुएं से बिगड़ी हवा

Posted by :- Sandeep kumar

पंजाब में पराली जलाने के मामलों को रोकने के लिए प्रशासन और सरकार की ओर से किए जा रहे दावों के बीच संगरूर के खेतों से आग की लगातार तस्वीरें सामने आ रही हैं. जिले में बड़े स्तर पर धान की पराली को आग लगाई जा रही है. खेतों में उठते धुएं के कारण वातावरण में धुंध बढ़ती दिखाई दे रही है और विजिबिलिटी भी प्रभावित हो रही है. हालात ऐसे हैं कि शाम करीब 5 बजे के बाद धुएं और धुंध के चलते सूरज भी दिखाई देना बंद हो जाता है.

संगरूर के खेतों से सामने आई इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह धान की पराली को आग के हवाले किया जा रहा है. इसका असर न केवल पर्यावरण पर पड़ रहा है, बल्कि लोगों के स्वास्थ्य और सड़क पर आवाजाही के लिए भी चिंता बढ़ रही है. जिले में एयर क्वालिटी को लेकर भी लगातार चिंता जताई जा रही है. 

10:10 AM(7 घंटे पहले)

अकोला में सूखे की मार झेल रहे किसानों और खेत मजदूरों के साथ रोहित पवार ने मनाई दिवाली

Posted by :- Sandeep kumar

महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों और खेत मजदूरों के साथ दिवाली की खुशियां साझा करने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार अकोला पहुंचे. उन्होंने अकोला जिले के घुसर गांव में किसान त्रिगुणा मालठाणकर और खेत मजदूर पवन जटाले के घर जाकर उनके परिवारों के साथ दिवाली मनाई.
इस दौरान रोहित पवार ने दोनों परिवारों को दिवाली का फराल (पारंपरिक मिठाइयां और पकवान) और कपड़े उपहार स्वरूप भेंट किए. उन्होंने किसानों और खेत मजदूरों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं. 

9:15 AM(8 घंटे पहले)

61 घंटे बाद स्वाभिमानी शेतकरी संगठन का पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर चक्काजाम स्थगित

Posted by :- Sandeep kumar

पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोल्हापूर किणी टोल प्लाजा हायवे पे पिछले 61 घंटों से जारी स्वाभिमानी शेतकरी संगठन का चक्काजाम आंदोलन आखिरकार देर रात एक बजे स्थगित कर दिया गया. 
कोल्हापुर जिलाधिकारी कार्यालय में मंत्री हसन मुश्रीफ के नेतृत्व में हुई लंबी बैठक के बाद चीनी मिल मालिकों ने गन्ने के संशोधित भुगतान का प्रस्ताव रखा. इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने आंदोलन स्थगित करने की आधिकारिक घोषणा की. 

8:52 AM(8 घंटे पहले)

अमरेली जिले में तेंदुए के हमले की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी, किसानों में दहशत का माहौल

Posted by :- Sandeep kumar

अमरेली जिले में जंगली जानवरों के हमलों की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में चिंता बढ़ा दी है. खासकर धारी तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. एक सप्ताह के भीतर तेंदुए के हमले की दूसरी घटना सामने आने से किसानों और खेत मजदूरों में दहशत का माहौल है. धारी के नागधरा गांव के बाद अब देवला गांव की सीमा में तेंदुए ने एक खेत मजदूर परिवार की बच्ची पर हमला कर दिया. 
 

8:29 AM(9 घंटे पहले)

दिल्ली-NCR के 9 इलाकों में AQI 400 के पार

Posted by :- Sandeep kumar

दिल्ली-एनसीआर में हवा की गुणवत्ता लगातार खतरनाक स्तर पर बनी हुई है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज (6 नवंबर 2026) सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 389 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में आता है. आंकड़ों के अनुसार, रोहिणी में सबसे अधिक 473 AQI दर्ज किया गया. इसके अलावा आरके पुरम में 441, अलीपुर और सोनिया विहार में 435-435, ओखला फेज-2 में 426, नॉर्थ कैंपस में 424, आईटीओ में 420 और नजफगढ़ में 412 AQI रहा.