Advertisement
Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें डिटेल

Agriculture Top-10 News: आज देश में खेती-किसानी से जुड़ी 10 बड़ी खबरों के साथ मौसम का पूरा हाल, पढ़ें डिटेल

क‍िसान तक Aug 31, 2026, Updated Aug 31, 2026, 7:48 PM IST

देश के कई राज्यों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. ओडिशा में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि पश्चिम बंगाल, झारखंड और आसपास के इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

Agriculture Live BlogAgriculture Live Blog

देश के कई राज्यों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. ओडिशा में कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि पश्चिम बंगाल, झारखंड और आसपास के इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. यहां मौसम की खबरों के लाइव अपडेट्स के अलावा आप किसान (Farmers), खेती (Agriculture), PM Kisan Samman Nidhi Scheme, किसान आंदोलन (Farmers Protest), पशुपालन, (Animal Husbandry), कृषि तकनीक (Agriculture Technology), खाद (Fertilizer), बीज (Seeds), सरकारी योजनाएं (Government Schemes), फसलें (Crops) और किसानों की सफलता की कहानी (Farmer success story) पढ़ सकते हैं.

7:46 PM(12 दिन पहले)

ज़ोमैटो ने अपने प्लेटफ़ॉर्म पर 'एनालॉग' डिश पर रोक लगाई, नियमों का पालन न करने वाले रेस्टोरेंट पार्टनर हटाए जाएंगे

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: फ़ूड डिलीवरी एग्रीगेटर ज़ोमैटो ने सोमवार को घोषणा की कि वह अपने प्लेटफ़ॉर्म पर लिस्टेड रेस्टोरेंट द्वारा एनालॉग चीज़, पनीर या अन्य डेयरी उत्पादों जैसी 'एनालॉग' डिश बेचने के मामले में ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी अपनाएगा. कंपनी ने कहा कि उसके पास नियमों का पालन न करने वाले रेस्टोरेंट को हटाने का अधिकार है. 'एनालॉग' डिश में पारंपरिक सामग्री की जगह सस्ती या वैकल्पिक चीज़ों (जैसे असली दूध या चीज़ के बजाय प्लांट ऑयल) का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि उनका रूप-रंग और स्वाद वैसा ही रहता है. यह कदम महाराष्ट्र में फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की राज्य-व्यापी कार्रवाई और दिल्ली के फ़ाइव-स्टार होटलों में फ़ूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया (FSSAI) के निरीक्षण के बाद फ़ूड सेफ़्टी पर नए सिरे से दिए जा रहे ज़ोर के बीच उठाया गया है. (पीटीआई)

6:24 PM(12 दिन पहले)

सितंबर में भारत में बारिश सामान्य से कम होने की संभावना, IMD ने जारी किया मासिक अनुमान

Posted by :- Prateek

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को अपने मासिक पूर्वानुमान में कहा कि सितंबर के दौरान पूरे भारत में मासिक बारिश के सामान्य से कम रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि बारिश के 'लॉन्ग पीरियड एवरेज' (LPA) के 91 प्रतिशत से कम रहने का अनुमान है. LPA का मतलब है किसी खास इलाके में एक तय समय (जैसे महीना या मौसम) के दौरान हुई बारिश का औसत, जिसे आमतौर पर 30 से 50 साल की लंबी अवधि के आधार पर निकाला जाता है. (पीटीआई)

5:20 PM(12 दिन पहले)

भारत की GDP ग्रोथ 7.8%, ग्लोबल चुनौतियों के बीच अर्थव्यवस्था ने पकड़ी रफ्तार

Posted by :- Sandeep kumar

साल 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का तिमाही अनुमान जारी हो गया है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1) में वास्तविक GDP की विकास दर 7.8% रही. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (Q1) में नॉमिनल GDP में 10.3% की वृद्धि दर्ज की गई. सरकार ने कहा है कि ग्लोबल चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था में विकास की गति बनी हुई है. जीडीपी में कृषि की हिस्सेदारी पिछले साल की तुलना में घटी है. पिछले साल इसी अवधि (अप्रैल-जून 2025-26) में कृषि विकास दर 4.4 परसेंट थी. उससे पहले 2024-25 में यह विकास दर 2.6 परसेंट थी

3:51 PM(12 दिन पहले)

बिहार में Farmer ID से मिलेगा खाद, कालाबाजारी रोकने की तैयारी

Posted by :- Sandeep kumar

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य में खाद का वितरण फार्मर आईडी के आधार पर देने की बात कही हैं.हालांकि, उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन किसानों की फार्मर आईडी में जमीन का विवरण पूरी तरह दर्ज नहीं है, उन्हें खाद से वंचित न किया जाए. ऐसे किसानों को भी खाद उपलब्ध कराई जाए.कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में खाद की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है. फार्मर आईडी के आधार पर खाद वितरण की व्यवस्था लागू होने से खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
यह बातें उन्होंने "खेत बचाओ, गुणवत्तायुक्त बीज और खाद सुलभ कराओ" विषय पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कही.

3:29 PM(12 दिन पहले)

आंध्र के CM ने वेलिगोंडा सिंचाई परियोजना के पहले चरण का किया उद्घाटन

Posted by :- Sandeep kumar

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को वेलिगोंडा सिंचाई परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन किया और नल्लामाला सागर में कृष्णा नदी का पानी छोड़ा.

इस परियोजना का मकसद मार्कापुरम, प्रकाशम, नेल्लोर और कडपा ज़िलों के सूखा-ग्रस्त इलाकों की स्थिति बदलना है, जहां कम बारिश, गिरते भूजल स्तर, फ्लोराइड की समस्या और सिंचाई के लिए पानी की कमी जैसी चुनौतियां हैं.

2:32 PM(12 दिन पहले)

किसान-मजदूर मोर्चा के अपील पर पंजाब के 22 जिलों में एक दिवसीय धरना

Posted by :- Sandeep kumar

किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसान-मजदूर मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को पूरे पंजाब के 22 जिलों में एक दिवसीय धरने आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि इन धरनों में बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और आम लोग शामिल हो रहे हैं. पंधेर ने कहा कि इन प्रदर्शनों का उद्देश्य पंजाब और किसानों-मजदूरों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से उठाना है.

पंधेर ने कहा कि पंजाब सरकार को राज्य की पांच प्रमुख फसलों की एमएसपी पर खरीद की गारंटी देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि बासमती, मक्का, कपास, आलू और सरसों जैसी फसलों को भी एमएसपी खरीद व्यवस्था के दायरे में लाया जाए. उन्होंने किसानों और मजदूरों का कर्ज पूरी तरह खत्म करने की मांग भी उठाई.

1:52 PM(12 दिन पहले)

तमिलनाडु में दूध खरीद कीमतों में बढ़ोतरी, CM विजय ने किया ऐलान

Posted by :- Sandeep kumar

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को डेयरी किसानों के लिए 'आविन' (Aavin) दूध खरीद की कीमतों में और बढ़ोतरी करने के बड़े नीतिगत फैसलों की घोषणा की. साथ ही, उन्होंने बिजली, सेमीकंडक्टर और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में कई करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की योजनाओं का भी ऐलान किया.

राज्य भर के डेयरी किसानों को बड़ी राहत देने के मकसद से 'आविन' दूध खरीद की कीमतों में और बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दूध खरीद की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी को मंज़ूरी दे दी है, जिससे यह कीमत 41 रुपये से बढ़कर 44 रुपये प्रति लीटर हो गई है. 

1:50 PM(12 दिन पहले)

उत्तराखंड के बागेश्वर में पहाड़ दरका, 70 परिवारों पर मंडराया खतरा

Posted by :- Sandeep kumar

 बागेश्वर में कपकोट तहसील के लखमारा गांव में पिछले चार दिनों से हो रहे भूस्खलन ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर पहाड़ी से लगातार मलबा, बोल्डर और पेड़ गिरकर लखमारा गधेरे में समा रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बड़े बोल्डर गधेरे में गिरकर पानी का बहाव रोक देते हैं, तो यहां तालाब बन सकता है, जिससे भविष्य में गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है

12:31 PM(12 दिन पहले)

गिर सोमनाथ में तेंदुए का आतंक, किसान के पशुओं के बाड़े में घुसा

Posted by :- Sandeep kumar

गुजरात के गिर सोमनाथ से बड़ी खबर सामने आई है. वेरावल तहसील के भेटाली गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ किसान के पशुओं के बाड़े में घुस गया.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना किसान सुरेशभाई रायसिंहभाई झाला की वाड़ी में हुई. तेंदुआ रात के समय पशुओं के बाड़े में घुस आया और वहां मौजूद एक बछड़े का शिकार कर दिया.

तेंदुए को बाड़े में देखकर किसान के सामने बड़ा खतरा था, लेकिन किसान ने घबराने के बजाय सूझबूझ और हिम्मत दिखाई. किसान ने तेंदुए को उसी बाड़े के अंदर बंद कर दिया और बाहर से दरवाजा लॉक कर दिया. 

11:55 AM(12 दिन पहले)

बंगाल की खाड़ी में बढ़ी मौसमी हलचल, कई राज्यों के लिए IMD का अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं. बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब जमीन की ओर बढ़ रहा है. इसके प्रभाव से सितंबर की शुरुआत पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश का नया दौर लेकर आ सकता है. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मॉनसून के आखिरी महीने में भी कई राज्यों में बारिश जारी रहने की संभावना है.

आईएमडी के अनुसार, कम दबाव का यह क्षेत्र फिलहाल गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तर तटीय ओडिशा से लगे इलाकों और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है. इसके पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है. इसके असर से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. ओडिशा, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड इस वेदर सिस्टम से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं.

10:34 AM(13 दिन पहले)

ओडिशा के मुख्यमंत्री 1 सितंबर को कोऑपरेटिव मेंबरशिप अभियान करेंगे शुरू

Posted by :- Sandeep kumar

रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी राज्य में कोऑपरेटिव (सहकारी) सेवाओं का दायरा बढ़ाने के लिए 1 सितंबर को एक मेंबरशिप अभियान शुरू करेंगे.

'संबंध' नाम के इस मेंबरशिप अभियान के जरिए कोऑपरेशन डिपार्टमेंट का मकसद हर ग्रामीण परिवार से कम से कम एक व्यक्ति को जोड़ना है, ताकि लोगों को उनके घर तक कोऑपरेटिव सेवाएं मिल सकें और ग्रामीण आजीविका बेहतर हो सके. साथ ही, प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसाइटीज (PACS) और बड़े आकार की आदिवासी मल्टी-पर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटीज (LAMPS) राज्य में पहली बार अपने सदस्यों को डिविडेंड (लाभ का हिस्सा) बांटेंगी.

9:14 AM(13 दिन पहले)

मंदाकिनी उफान के बाद चित्रकूट में यमुना नदी में आई बाढ़

Posted by :- Sandeep kumar

चित्रकूट जनपद में मंदाकिनी नदी का जलस्तर घट गया है. मंदाकिनी नदी अब खतरे के निशान से लगभग एक मीटर नीचे बह रही है, लेकिन ऐसे में अब मंदाकिनी का बाढ़ का पानी यमुना नदी में जाकर मिल गया है, जिससे यमुना नदी के उफान पर होने की वजह से पानी के बैक मारने से अब राजापुर तहसील के आधा दर्जन गांवों के संपर्क मार्ग में बाढ़ का पानी पहुंच गया है, जिससे एक दर्जन से ज्यादा गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया है. 

8:49 AM(13 दिन पहले)

चित्रकूट से सतना तक सड़कों पर नेपाल जैसा कीचड़, बाढ़ से हालात खराब!

Posted by :- Sandeep kumar

मध्य प्रदेश के सतना और चित्रकूट में लगातार हो रही भारी बारिश से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है. कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. मानिकपुर के पास डोडा डैम ओवरफ्लो होने के कारण टूट गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में जलभराव हो गया. 

सतना-मानिकपुर रेलखंड पर चितहरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक भी जलमग्न हो गया है. ट्रैक की सुरक्षा के लिए रेल कर्मचारियों ने इंजन के आगे पैदल चलकर पटरियों की जांच की. कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जिसमें ट्रैक पर जलभराव के बीच एक तरफ यात्री ट्रेन और दूसरी तरफ मालगाड़ी नजर आ रही है. 

8:24 AM(13 दिन पहले)

यूपी-बिहार समेत इन 18 राज्यों में आंधी-पानी का अलर्ट

Posted by :- Sandeep kumar

देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने 31 अगस्त को कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान जताया है. ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि, दिल्ली-NCR में 31 अगस्त को मौसम गर्म और अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है. आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. इस दौरान दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं.