बिहार की सब्जियों को मिलेगा बड़ा बाजार, 25 मई को पटना में जुटेंगे देशभर के विक्रेता और खरीदार

बिहार की सब्जियों को मिलेगा बड़ा बाजार, 25 मई को पटना में जुटेंगे देशभर के विक्रेता और खरीदार

पटना में 25 मई को वेजफेड का राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित होगा. इसमें देशभर के खरीदार, एफपीओ और कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे. सम्मेलन का मकसद बिहारी सब्जियों को बड़ा बाजार दिलाना और किसानों को बेहतर दाम से जोड़ना है.

Advertisement
बिहार की सब्जियों को मिलेगा बड़ा बाजार, 25 मई को पटना में जुटेंगे देशभर के विक्रेता और खरीदारपटना में जुटेंगे सब्‍जी क्रेता-विक्रेता

बिहार में सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार और उनकी उपज का सही दाम दिलाने की दिशा में सोमवार 25 मई को पटना में बड़ा राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. यह कार्यक्रम डीएनएस क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान परिसर में होगा. सम्मेलन का आयोजन बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड यानी वेजफेड की ओर से किया जा रहा है. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव करेंगे.

किसानों और खरीदारों को एक मंच पर लाने की पहल

इस सम्मेलन में देशभर के संस्थागत खरीदार, किसान उत्पादक संगठन, सब्जी उत्पादक समूह, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे. आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों और बड़े खरीदारों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना है, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर और स्थायी बाजार मिल सके. राज्य सरकार ने एक प्रेस बयान में कहा कि इससे कृषि उत्पादों की बिक्री व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी.

बिहार की सब्जियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर जोर

बिहार पहले से ही सब्जी और बागवानी उत्पादन के मामले में देश के प्रमुख राज्यों में शामिल है. इसके बावजूद किसानों को भंडारण, विपणन और खरीदारों तक पहुंच जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. कई बार किसानों को उचित मूल्य भी नहीं मिल पाता. ऐसे में “हर थाली में बिहारी तरकारी” अभियान के जरिए राज्य सरकार बिहार की सब्जियों और बागवानी उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाने की कोशिश कर रही है.

आधुनिक बाजार व्यवस्था और सप्लाई चेन पर होगी चर्चा

सम्मेलन के दौरान खरीदारों और उत्पादकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद कराया जाएगा. इसके अलावा आधुनिक बाजार व्यवस्था, मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, कोल्ड चेन नेटवर्क और कृषि उत्पादों की आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी. कृषि विशेषज्ञ किसानों और उत्पादक संगठनों को बाजार की नई जरूरतों और व्यापारिक संभावनाओं की जानकारी भी देंगे.

व्यापारिक साझेदारी बढ़ने की उम्मीद

इस आयोजन से किसान उत्पादक संगठनों और सहकारी संस्थाओं को बड़े खरीदारों के साथ व्यापारिक साझेदारी स्थापित करने का अवसर मिल सकता है. सरकार को उम्मीद है कि इससे बिहार के कृषि और बागवानी उत्पादों की ब्रांडिंग मजबूत होगी और राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी. सम्मेलन को किसानों के लिए नए बाजार अवसर तैयार करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है.

POST A COMMENT