सोलर इंसेक्ट ट्रैपखेती में कीट नियंत्रण के लिए अब किसानों को रासायनिक दवाओं पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी. लधियाना स्थित ICAR-CIPHET (केंद्रीय कटाई उपरांत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) ने एक सोलर पावर्ड यूनिवर्सल इंसेक्ट ट्रैप बनाया है, जो दिन और रात दोनों समय काम करता है. फसलों पर लगने वाले कीटों से फसलों का भारी नुकसान होता है जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ता है. किसानों को कमाई प्रभावित होती है. इससे निजात दिलाने के लिए आईसीएआर ने यह खास तरह का ट्रैप विकसित किया है.
यह नई तकनीक पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल है और खेतों के साथ-साथ अनाज भंडारण में भी इस्तेमाल की जा सकती है. इस ट्रैप में स्टिकी ट्रैप, फेरोमोन, रंग आधारित आकर्षण और पानी के ट्रैप जैसे कई तरीकों को एक साथ जोड़ा गया है, जिससे यह अलग-अलग प्रकार के कीटों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करता है.
इस सोलर ट्रैप की खास बात यह है कि यह 24x7 ऑटोमैटिक तरीके से काम करता है और इसकी ऊंचाई भी जरूरत के अनुसार एडजस्ट की जा सकती है. किसान इसे खेतों के अलावा गोदामों में भी इस्तेमाल कर सकते हैं.
इस तकनीक का पेटेंट भी फाइल किया जा चुका है और इसे व्यावसायिक उपयोग के लिए Parashar Agrotech Bio Pvt. Ltd. को सौंपा गया है. विशेषज्ञों का मानना है कि यह तकनीक किसानों के लिए किफायती होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी बड़ी भूमिका निभाएगी. इससे कीटनाशकों का उपयोग कम होगा, जिससे मिट्टी की सेहत सुधरेगी और फसल की क्वालिटी बेहतर होगी.
आपने अभी तक स्टिकी ट्रैप और फेरोमोन ट्रैप का इस्तेमाल किया होगा, लेकिन इस नए ट्रैप से कई फायदे मिलने वाले हैं. जिस तरह स्टिकी ट्रैप से किसी तरह का नुकसान नहीं होता, ठीक वैसे ही नई तकनीक वाले ट्रैप से भी नुकसान नहीं होगा. ज्यादातर स्टिकी ट्रैप में कोई कीटनाशक नहीं होता, हालांकि कुछ में ऐसी खुशबू मिलाई जा सकती है जो कुछ खास तरह के कीटों को अपनी ओर खींचने के लिए बनाई गई हो. इससे कीट अपने आप खिंचे चले आते हैं और फिर ट्रैप में फंस कर मर जाते हैं.
नया सोलर ट्रैप ऐसा उपकरण है जो सौर ऊर्जा से चलता है और दिन-रात ऑटोमेटिक रूप से काम कर सकता है. सिस्टम में एक सोलर पैनल, बैटरी बॉक्स, चिपचिपे जाल (नीले और पीले), प्रकाश स्रोत, कीटों को फंसाने के लिए पानी के पात्र, ऊंचाई में एडजस्ट होने वाला सपोर्ट ढांचा (2 फीट से 8 फीट तक) और ऑटोमेटिक स्विच करने के लिए एक प्रकाश सेंसर सर्किट शामिल है.
यह उपकरण हल्के लेकिन टिकाऊ चीजों से बना है, जिससे इसे कोई एक व्यक्ति भी आसानी से ले जा सकता है, एडजस्ट कर सकता है और खेत में लगा सकता है. इसमें एक स्टैंड है जो इसे मिट्टी में स्थिर करने और घर के अंदर (गोदाम में) ठोस सतह पर रखने में सक्षम बनाता है. यह ट्रैप घर के अंदर और बाहर दोनों जगह उपयोग के लिए उपयुक्त है और फसलों और गोदाम में रखे अनाजों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों को प्रभावी ढंग से पकड़ सकता है.
यह ट्रैप धान, बैंगन, पत्तागोभी, मिर्च, सरसों, अमरूद, गेहूं, प्याज और हरी मटर जैसी अलग-अलग फसलों के लिए प्रभावी पाया गया है. फसलों के अलावा, गोदामों में रखे अनाज को भी यह सुरक्षा दे सकता है.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today