एग्रोविजन के प्रवर्तक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए. खेती के आधुनिक तरीकों पर किसानों को जोर बढ़ता जा रहा है. सरकार के प्रोत्साहन के चलते मॉडर्न टेक्नोलॉजी से लैस उपकरणों को लेकर किसान सहज हो गए हैं. इस बात का प्रमाण नागपुर में राष्ट्रीय कृषि मेला एग्रोविजन में देखने को मिला. यहां पर 2 लाख किसानों ने मॉडर्न खेती के लिए उपकरण, एग्री टेक सॉल्यूशन, एग्री ड्रोन समेत 400 कंपनियों के मॉडर्न टेकनोलॉजी से लैस कृषि उपकरण को देखा और उन्हे इस्तेमाल करने की इच्छा जताई.
महाराष्ट्र के नागपुर में 22 नवंबर से 4 दिन तक चले राष्ट्रीय कृषि मेला एग्रोविजन में कई राज्यों के 2 लाख से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया. यहां 400 से ज्यादा कृषि सेक्टर से जुड़ी कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट पेश किए, जो किसानों को खूब भाए हैं. एग्रोविजन के प्रवर्तक केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए.
उन्होंने कहा कि युवाओं ने प्रदर्शनी में इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर, ड्रोन, कृषि उपकरण आदि के बारे में जानकारी हासिल की. मुझे किसानों में शिक्षा और जिज्ञासा देखने को मिली. उन्होंने कहा कि एग्रोविजन के माध्यम से किसानों को आत्महत्या करने से रोकने और स्मार्ट सिटी की तरह स्मार्ट गांव बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
एग्रोविजन फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि महाराष्ट्र बांस विकास बोर्ड के स्टॉल पर दिनभर भीड़ रही. यहां बांस से बने बॉडी स्क्रबर, टी कोस्टर, ब्रश, बोतलें, कप, डायरी, लैंप, टेबल, कुर्सियां जैसे कई इनोवेटिव उत्पाद देखने को मिले. गोंडवाना विश्वविद्यालय, गढ़चिरौली के विज्ञान और प्रौद्योगिकी संसाधन केंद्र फाउंडेशन की ओर से विकसित बांस की खेती के उपकरण, पोल्ट्री शेड, पॉलीहाउस यहां प्रदर्शित किए गये.
सीएनजी से चलने वाले ट्रैक्टर को देखने के लिए विभिन्न ट्रैक्टर कंपनियों के स्टॉलों पर भी किसानों की भीड़ उमड़ी. छोटे ट्रैक्टरों के साथ ही किसान विभिन्न कृषि उत्पादों की जानकारी लेते दिखाई दिए. सीएनजी से चलने वाले ट्रैक्टर पर्यावरण को हानिकारक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन से बचाते हैं और 22 किलोग्राम सीबीजी स्टोरेज कैपेसिटी रखने के साथ ही कम शोर करते हैं और कई कृषि कार्यों के लिए उपयुक्त हैं.
स्मार्ट कृषि के लिए स्मार्ट ड्रोन विभिन्न कंपनियों ने कृषि में कीटनाशकों के छिड़काव के साथ-साथ कृषि को स्मार्ट बनाने के लिए जीपीसी नेविगेशन, लाइव वीडियो फीड, सुरक्षित और बैटरी चालित स्मार्ट ड्रोन उपलब्ध कराए हैं. 10 लीटर कीटनाशक छिड़काव क्षमता वाले ड्रोन, कैमरा, रडार समेत अन्य सुविधाओं के बारे में किसान जानकारी लेते दिखाई दिए.
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today