
पोषण की दुनिया में हरी सब्जियां पावरहाउस के रूप में सामने आती हैं. विटामिन, खनिज, फाइबर और विभिन्न लाभकारी गुणों से भरपूर ये पत्तेदार सब्जियां हमारे शरीर को कई लाभ पहुंचाती हैं. ऐसे ही एक सब्जी है लिंगुड़ा. ये पहाड़ों में पाई जाने वाली सब्ज़ी दुनिया की सबसे ताकतवर सब्जियों में से एक मानी जाती है.

लिंगुड़ा की सब्जी को लिंगाड़, लुंगुडु और कसरोद के नाम से भी जाना जाता है. इस जंगली सब्जी को खाने से शरीर में ऊर्जा का प्रवाह बढ़ जाता है. इस सब्जी के कई जबरदस्त फायदे भी हैं, इसलिए लोग इसे बहुत चाव से खाते हैं.

लिंगुड़ा की सब्जी को प्रोटीन, कैल्शियम और विटामिन समेत कई पोषक तत्वों का खजाना माना जा सकता है. इसमें आयरन, विटामिन सी, कार्ब्स और फैट पाया जाता है जो शरीर के लिए बेहद जरूरी है. इस सब्जी में कई शक्तिशाली फैटी एसिड और भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं.

लिंगुड़ा की सब्जी के अलावा अचार भी खाया जा सकता है. बरसात के मौसम में यह सब्जी 60 से 70 रुपये किलो तक मिल जाती है. इस सब्जी में कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, इसलिए अधिक दाम पर भी लोग इसे खरीदने को तैयार रहते हैं.

लिंगुड़ा की सब्जी फाइबर का अच्छा स्रोत है. लिंगुड़ा की सब्जी खाने से शरीर में जमा खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद मिल सकती है. शुगर के मरीजों के लिए भी यह सब्जी काफी फायदेमंद साबित हो सकती है.

लिंगुड़ा की सब्जी खाने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है, क्योंकि इसमें विटामिन सी भरपूर मात्रा में होता है. कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों के लिए यह सब्जी वरदान साबित हो सकती है. (जगदीश पांडे की रिपोर्ट)
Copyright©2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today